IMS BHU: आईएमएस बीएचयू में निजी संस्था चलाएगी आईवीएफ सेंटर, ईओआई के तहत मांगे गए हैं आवेदन
Varanasi News: आईएमएस बीएचयू में निजी संस्था आईवीएफ सेंटर चलाएगी। इसके लिए ईओआई के तहत आवेदन मांगे गए हैं। इसमें तीन जगहों से दावेदारी आई है।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू के एमसीएच विंग मे बने आइवीएफ सेंटर को निजी संस्था के माध्यम से संचालित करवाने की तैयारी चल रही है। ईओआई यानी एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट के तहत इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इसके लिए संस्थाओं से आवेदन भी मांगे गए हैं। तीन जगहों से इसके लिए आवेदन भी आए हैं। अब आईएमएस प्रशासन नियमानुसार आवेदन पत्रों के आधार पर कार्यवाही करने में जुट गया है।
बीएचयू अस्पताल परिसर में एमएस आफिस के ठीक बगल में बने पांच मंजिला एमसीएच विंग का उदघाटन 15 जुलाई 2021 को हुआ था। गर्भवती महिलाओं और उसके होने वाले बच्चे को एक ही छत के नीचे जांच, इलाज की सुविधाओं को दिलाना इसका मुख्य उद्देश्य था। यहां ओपीडी, जांच, डिलीवरी सहित अन्य सुविधाएं तो मिल रही है लेकिन पांचवें तल पर बने आईवीएफ सेंटर का लाभ महिलाओं को नहीं मिल पाता है।
अब तक चार साल का समय बीत गया, यह सेंटर शुरू ही नहीं हो सका है। ऐसा इसलिए कि सेंटर तो बना है लेकिन यहां किसी तरह का कोई उपकरण या अन्य सुविधाएं नहीं हैं, जिससे कि संचालन हो सके और महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। पांचवें तल पर आईवीएफ सेंटर का बोर्ड भी लगा है लेकिन यह लंबे समय से खुल नहीं सका है।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: घर के बाहर सात फीट लंबा मगरमच्छ देख चीख पड़ी महिला, कड़ी मशक्कत के बाद जलाशय में छोड़ा
हर महीने आती हैं 30 से अधिक महिलाएं
आईवीएफ सेंटर का लाभ लेने के उद्देश्य से यहां संतान न होने की समस्या से परेशान हर महीने 30 से अधिक महिलाएं आती हैं। ओपीडी में डॉक्टर इन महिलाओं को देखती हैं लेकिन सेंटर के न संचालित होने की वजह से ऐसी महिलाओं को निराश लौटना पड़ता है। बीएचयू में इस सेंटर के न चलने की वजह से महिलाएं मजबूरीर में वाराणसी के साथ ही दिल्ली, लखनऊ सहित अन्य जगहों पर चलने वाले निजी सेंटर पर जाती हैं।
क्या है ईओआई
एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी ईओआई। यह किसी भी काम के लिए औपचारिक रुप से बोली या बातचीत प्रकिय्रा से पहले का एक प्रारंभिक कदम होता है। इसमें खरीदार और विक्रेता दोनों पक्ष आपस में संबधित मुद्दे पर बातचीत करते हैं। यह खरीदारों को किसी प्रोजेक्ट में अपनी रुचि व्यक्त करने का भी एक मंच प्रदान करता है।
क्या बोले अधिकारी
एमसीएच विंग में बने आईवीएफ सेंटर को ईओआई के तहत चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए तीन जगहों से आवेदन भी आए हैं। नियमानुसार आवेदन पत्रों पर विचार कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। जल्द से जल्द इसके संचालन की प्रक्रिया को पूरा करवाया लिया जाएगा, जिससे कि महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। -प्रो.एसएन संखवार, निदेशक, आईएमएस बीएचयू