बारिश में लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति: ट्रांसफॉर्मर में खराबी से बत्ती गुल, बढ़ी फाॅल्ट की समस्या; टूट गया तार
वाराणसी में बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। मड़ौली में बिजली का तार टूटने से आपूर्ति बाधित रही, जबकि काशी विद्यापीठ के पास ट्रांसफॉर्मर में खराबी के चलते करीब छह घंटे बिजली गुल रही। रुक-रुककर बारिश होने से फॉल्ट की समस्या बढ़ गई। इससे कई इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन-चार दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई है। बुधवार को शहर से लेकर गांव तक कहीं ट्रिपिंग ने परेशान किया तो कहीं ट्रांसफॉर्मर में खराबी की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इधर, मड़ौली में पेड़ की डाली टूटकर गिरने से तार टूटकर बीच सड़क पर गिर गया। करीब दो घंटे बाद तार जोड़ा जा सका। दूसरी ओर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पास शिक्षक आवास वाली कॉलोनी में सुबह 11 बजे से छह घंटे तक बिजली गुल रही।
तेज हवा और बारिश के समय फाॅल्ट न होने पाए, इसको लेकर बिजली निगम की ओर से लंबे समय से पेड़ों की छंटाई और ढीले तारों को सही करने का अभियान चलाया गया। इसके बाद भी बारिश में लोगों को फाॅल्ट की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई जगहों पर बिजली के पोल में करंट उतरने की वजह से बिजली गुल रही।
मड़ौली वाराणसी एन्क्लेव कॉलोनी में सुबह नौ बजे पेड़ की डाली टूटकर तार पर गिर गई। इस कारण सरकारीपुरा और मुड़ौला क्षेत्र में बिजली कटी रही। करीब दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। सेंट जांस स्कूल के पास पोल में करंट उतर गया, तो भट्टी फीडर में धानीपुर के पास ट्रांसफॉर्मर में खराबी की वजह से लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा।
राजातालाब में जक्खिनी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों में बुधवार दोपहर एक ट्रांसफॉर्मर में खराबी से बिजली गुल हो गई। लोगों ने इसकी सूचना उपकेंद्र पर दी। इसके बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल करने में छह घंटे का समय लग गया। बारिश की वजह से शाहंशाहपुर गांव में विद्युत पोल के चारों तरफ की मिट्टी हट गई है।
इस वजह से पोल टेढ़ा होकर पिछले कई महीनों से झुका हुआ है। बारिश के बाद इसके गिरने का डर बना हुआ है। काशी विद्यापीठ की शिक्षक कॉलोनी में रहने वाली पम्मी सिंह, प्रियंका कुमारी और शशिप्रकाश सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे से बिजली गुल हो गई। इसकी सूचना उपकेंद्र को दी गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद शाम छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
मोबाइल टावर पर गिरी बिजली, घरों में जले कई सामान
राजातालाब। कचनार स्थित एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर पर बुधवार को बिजली गिर गई। इससे टावर ने काम करना बंद कर दिया। इस कारण संबंधित कंपनी के मोबाइल उपभोक्ताओं का नेटवर्क बंद हो गया। बाद में लखनऊ स्थित केंद्रीय मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से स्थानीय टीम को सूचना और अलर्ट भेजा गया। कंपनी के कर्मचारियों ने पहुंचकर मोबाइल टावर की खराबी को ठीक किया।
बारिश की वजह से जिले में जिन जगहों पर फाल्ट की जानकारी मिल रही है, वहां संबंधित उपकेंद्रों के माध्यम से कर्मचारियों को भेजकर फाल्ट दुरुस्त कराया जा रहा है। अधिकारियों को भी निगरानी के लिए लगाया गया है। - एके वर्मा, मुख्य अभियंता, बिजली निगम