वाराणसी: घर बैठे डाकिया से करा सकेंगे वाहन और कार का बीमा, जानें क्या करना होगा
बीमा कराने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का खाता होना जरूरी है। जहां डाकिया आपसे आपके सारे जरूरी कागजात लेगा। इसके लिए आपको कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आप घर बैठे अपने बाइक और कार का बीमा करवाना चाहते हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब डाकिया आपके घर पहुंचकर चंद मिनटों में ही बीमा कर देंगे। इसके लिए आपको कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना पड़ेगा। बस आपके पास इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का खाता होना चाहिए।
डाक विभाग ने इसके लिए बीमा कंपनियों बजाज आलियांज और टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस के साथ करार किया है। डाक विभाग के वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाकिया घर पहुंचकर ग्राहक से वाहन की आरसी के साथ उसका मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नॉमिनी का विवरण और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाता संख्या लेंगे और अपने स्मार्ट फोन (माइक्रो एटीएम) से वाहन का तत्काल बीमा कर देंगे।
बीमा की धनराशि ग्राहक के आईपीपीबी खाते से डेबिट हो जायेगी और बीमा पालिसी भी ग्राहक के ईमेल आईडी पर तत्काल पहुंच जाएगी।
पेपर लेस होगी पूरी प्रक्रिया, 100 ने कराया बीमा
पोस्टमास्टर जनरल केके यादव ने बताया कि डाक विभाग द्वारा कराया जाने वाला बीमा पूर्णत: पेपरलेस होगा। किसी प्रकार की कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं होगी। शुक्रवार को वाराणसी परिक्षेत्र में चले विशेष जागरूकता अभियान में 100 वाहनों का बीमा डाककर्मियों द्वारा किया गया। वाहन बीमा की सुविधा प्रधान डाकघर, उप डाकघर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शाखा डाकघर से भी ली जा सकती है। डाकिया का अगर पर्सनल नंबर है तो उस पर कॉल कर दें, अन्यथा इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक सेवा के टोल फ्री-नंबर 155299 पर कॉल करके डाकिया को घर बुला सकते हैं। इसके लिए 212 डाककर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है और अन्य डाककर्मियों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।