Varanasi Murder Case: पूनम ने मायके में फोन कर दी थी प्रताड़ना की जानकारी, अगले दिन ही हो गई हत्या
Varanasi News: जिले के लच्छापुर गांव में आरोपी ने अपनी भाभी पूनम पटेल पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की थी। घटना से पहले ही पूनम ने मायके में फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। ऐसे में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
वाराणसी कमिश्नरेट के मिर्जामुराद क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी देवर अजीत पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मृतका के पिता मुन्ना लाल पटेल की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हत्या के एक दिन पहले मृतका पूनम पटेल ने मायके में फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन आरोपी देवर ने उसकी हत्या कर दी।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय के अनुसार, आरोपी ने अपनी भाभी पूनम पटेल (32) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मृतका पूनम पटेल की शादी 28 जून 2020 को लच्छापुर निवासी सुजीत पटेल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि देवर अजीत पटेल उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था। बताया गया कि 10 अप्रैल को पूनम ने अपने मायके वालों को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन 11 अप्रैल को उसकी हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने उसे मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने आरोपी देवर अजीत पटेल, पति सुजीत पटेल, ससुर तेज बहादुर और सास मुनका देवी के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच दहेज हत्या और पारिवारिक विवाद, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी पुलिस का एक्शन: होटल में युवती को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद
घटना के बाद आरोपी ने खुद ही अपने भाई और पुलिस को फोन कर सूचना दी और खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर मौके पर बैठा रहा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है। करीब एक माह पूर्व पूनम की शिकायत पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची थी और आरोपी का शांति भंग में चालान भी किया था।