योगी राज में रक्षक पुलिस बनी भक्षक, थाने पहुंची गैंगरेप पीड़िता से एसओ ने की बलात्कार की कोशिश
आजमगढ़ में गैंगरेप की शिकार हुई युवती जब कार्रवाई के लिए थाने पहुंची तो वहां के प्रभारी निरीक्षक ने आरोपियों से रिश्वत लेकर न केवल उन्हें बचाने का प्रयास किया, बल्कि पीड़िता को कई दिनों तक थाने पर रखकर छेड़खानी और बलात्कार की कोशिश की। एसडीएम सगड़ी के आदेश को भी प्रभारी निरीक्षक ने दरकिनार किया।
प्रकरण में सात दिसंबर को पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में केस दर्ज किया गया है। केस दर्ज करने के बाद एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को संबंधित थाने से हटा दिया है और महिला पुलिस मामले की जांच कर रही है। केस दर्ज कराने वाली युवती महराजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है।
उसके मुताबिक 28 अक्तूबर की रात करीब दस बजे गोविंद यादव शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाकर मुंबई ले गया। इसका मकदमा थाने में दर्ज है। गोविंद और उसके भाई अरविंद यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया। 11 नवंबर को आरोपी भाई युवती को लेकर महराजगंज थाने पहुंचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने प्रभारी निरीक्षक महराजगंज अनवर अली खां को एक लाख रुपये की रिश्वत भी दी। रिश्वत मिलने के बाद से ही प्रभारी निरीक्षक उस पर केस बदलने के लिए तरह-तरह का दवाब बनाने लगे। 11 नवंबर को एसडीएम सगड़ी ने युवती को घर भेजने का आदेश दिया। बावजूद इसके प्रभारी निरीक्षक ने घर न भेजकर थाने पर ही रखा।
युवती ने आरोप लगाया कि उसके साथ अश्लील बात करते हुए छेड़खानी और बलात्कार का प्रयास किया। 14 नवंबर की शाम को पुलिस युवती को उसके घर लेकर पहुंची तो परिजनों ने थाने में रखने का कारण पूछा। इस दौरान पुलिस ने घर की महिलाओं सहित अन्य के साथ मारपीट भी की।
युवती ने एसपी से गुहार लगाई, तो उन्होंने महिला थाने में केस दर्ज करने का आदेश दिया। सात दिसंबर को महिला थाने में महराजगंज थाने के पूर्व प्रभारी निरीक्षक अनवर अली खां, गोविंद यादव और अरविंद यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानू प्रिया ने बताया कि केस दर्ज है। जांच की जा रही है।
मामला संज्ञान में आने पर प्रभारी निरीक्षक महराजगंज अनवर अली को हटा दिया गया, जबकि कंधरापुर थाने में दर्ज फर्जी मुकदमा खत्म करने का निर्देश दिया गया है। दागी पुलिसवालों के खिलाफ जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्रिवेणी सिंह, एसपी