एक्सिस बैंक लूट कांड का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार, गुजरात की दो बैंकों में की थी लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर के मछलीशहर की एक्सिस बैंक में 16 नवंबर को हुई लूट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मछलीशहर के मड़ियाहूं चौराहे से एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, एक रिवाल्वर, कारतूस और लूट के 1.20 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में उसने घटना में शामिल अपने अन्य छह साथियों का भी नाम बताया है। पकड़े गए बदमाश ने गिरोह के अन्य साथियों के साथ गुजरात के छत्राल और गांधीनगर में हुई बैंक लूट और 7 दिसंबर को बरसठी में ग्राहक सेवा केंद्र से 42 हजार लूट की घटना में भी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अशोक कुमार ने बताया कि मछलीशहर थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय सर्विलांस टीम के साथ कस्बे के मड़ियाहूं चौराहे पर वांछित बदमाशों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर ने बैंक लूटकांड में शामिल एक बदमाश के बंधवा के रास्ते नगर की ओर आने की सूचना दी।
पुलिस टीम ने जमहर तिराहे के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद ही एक व्यक्ति बाइक से आता दिखा। पुलिस पर नजर पड़ते ही वह बाइक मोड़कर भागने लगा लेकिन उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान अजित बिंद उर्फ बाबू लोहार निवासी दगरियांव थाना सिकरारा के रूप में हुई।
पूछताछ में उसने बैंक लूट की घटना में संलिप्तता स्वीकार की। उसके पास से चोरी की बाइक, एक पिस्टल, दो मैगजीन, रिवाल्वर, कारतूस, 1.20 लाख रुपये नकद बरामद हुआ। उसने बताया कि गिरोह के साथी सचिन बिंद निवासी कताहित, कमलेश बिंद निवासी महराजगंज, अजहरुद्दीन, चंद अली, संतोष यादव, रेनू यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने गुजरात के छत्राल स्थित एक्सिस बैंक शाखा में 16 फरवरी और 12 मार्च को गांधीनगर स्थित एसबीआई शाखा में भी लूट को अंजाम दिया था। सात दिसंबर को बरसठी में ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की घटना को भी अंजाम दिया।