08:50 AM, 07-Sep-2026
चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा: दिल्ली मेयर
घटना को लेकर बीती शाम ही दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही का बयान सामने आया था। मेयर ने कहा था, "सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।"
08:39 AM, 07-Sep-2026
गैर इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज
सत्य निकेतन मामले में दिल्ली पुलिस ने हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ साउथ कैंपस थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया है। बिल्डिंग हादसे में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज हुआ है। केस में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार यह इमारत पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी।
08:23 AM, 07-Sep-2026
चार मंजिल से ऊपर की अवैध इमारतें होंगी सील
दिल्ली नगर निगम ने चार मंजिल से अधिक के सभी अवैध निर्माण तत्काल प्रभाव से सील करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मेयर प्रवेश वाही ने रविवार रात यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
08:12 AM, 07-Sep-2026
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया
दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के सत्य निकेतन में गिरी इमारत वाली जगह का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
08:09 AM, 07-Sep-2026
एमसीडी ने हादसे वाली गली में जर्जर इमारतों को नोटिस जारी किया
एक और बड़ी खबर ये है कि एमसीडी ने उसी गली में जर्जर हालत वाली इमारतों को नोटिस जारी किया, जहां इमारत ढह गई थी।
08:09 AM, 07-Sep-2026
11 लोगों को रेस्क्यू किया गया
मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। जिन लोगों के फंसे होने की आशंका है, उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं।
08:03 AM, 07-Sep-2026
हादसे में अब तक छह लोगों की मौत
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमों के 70 जवान और डॉग स्क्वाड भी मौके पर है। एम्स के अनुसार, चार छात्र मृत अवस्था में लाए गए थे जबकि एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक की मौत देर रात हुई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इमारत के बेसमेंट में मजदूर खोदाई का कार्य कर रहे थे। यह इलाका दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के नजदीक है। बड़ी संख्या में छात्र यहां रहते हैं।
08:02 AM, 07-Sep-2026
रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र अपने कमरों में थे
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, हादसा दोपहर 1:33 बजे हुआ। रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र अपने कमरों में थे। दमकल विभाग की कई गाड़ियों समेत कई बचाव दल मौके पर पहुंचे। हालांकि इससे पहले स्थानीय लोग और पास की इमारतों के छात्रों ने मलबा हटाना शुरू कर दिया था।
07:45 AM, 07-Sep-2026
Delhi Building Collapse Live: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने से छह की मौत, बिल्डिंग मालिक पर एफआईआर
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। हॉस्टल डेज नाम की इस इमारत में छात्रों का पीजी हॉस्टल संचालित हो रहा था। घटना में छह लोगों की मौत हो गई जबकि मलबे में 30 से 40 छात्रों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।