UP Politics: पीएम ने दो दिनों में चुनावी जमीन मजबूत कर साधा सियासी समीकरण, 27 सीटों पर पड़ेगा सीधा प्रभाव
पीएम मोदी ने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर जनता के बीच भी सरकार आपके द्वार का नारा बुलंद कर दिया है। पीएम मोदी की इस जनसभा का काशी और गोरक्ष क्षेत्र की 27 सीटों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी शंखनाद से पहले अपने संसदीय क्षेत्र में दो दिन का प्रवास कर सकरात्मक माहौल बनाया।
विस्तार
तीन राज्यों के विजयरथ पर सवार होकर दो दिवसीय काशी प्रवास पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी माहौल बना दिया है। पीएम मोदी ने दो दिन में 14 स्थानों पर करीब 600 से ज्यादा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनमें ऊर्जा भी भरी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने विश्वनाथ की धरती से गाजियाबाद से गोरखपुर तक को परियोजनाओं की सौगात देकर अपने विकास मॉडल को भी जनता के सामने रख दिया है।
पीएम मोदी ने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर जनता के बीच भी सरकार आपके द्वार का नारा बुलंद कर दिया है। पीएम मोदी की इस जनसभा का काशी और गोरक्ष क्षेत्र की 27 सीटों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी शंखनाद से पहले अपने संसदीय क्षेत्र में दो दिन का प्रवास कर सकरात्मक माहौल बनाया। पीएम मोदी ने आगमन और प्रस्थान के 14 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसमें एयरपोर्ट, कटिंग मेमोरियल, नमो घाट, बरेका, स्वर्वेद, बरकी में विकसित भारत संकल्प यात्रा और जनसभा स्थल पर पार्टी से जुड़े 600 लोगों का हाल जाना। इसके साथ ही पीएम मोदी ने लाभार्थियों से आत्मीय संवाद कर सरकार के कामकाज की जमीनी हकीकत परखी है। पीएम मोदी ने काशी के साथ ही पूर्वांचल की अनदेखी पर पिछली सरकारों को कोस कर लोगों की नब्ज टटोली है। इसके साथ ही मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, चित्रकूट, कानपुर, गाजियाबाद सहित कई जिलों को सौगात मिलेगी। इसमें प्रयागराज, कानपुर को नई दिल्ली वाराणसी वंदे भारत के जरिये विकास की सौगात दी, जबकि बाकी जिलों की परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें काशी के विकास से जोड़ने का प्रयास किया है। दरअसल, वाराणसी हमेशा ही पूर्वांचल के सियासत की धूरी रही है और पीएम मोदी के यहां से सांसद बनने के बाद यह विकास मॉडल के रूप में देश के सामने है। यही कारण है कि पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र से चुनावी शंखनाद कर देश में चुनावी माहौल को गरमा दिया है।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल का कहना है कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है। पीएम मोदी का काशी दौरान हमेशा कार्यकर्ताओं को ऊर्जा से भर देता है। पीएम मोदी ने विधिवत चुनावी शंखनाद कर दिया है तो हम पूरी ताकत से इस अभियान को पूरे पूर्वांचल तक ले जाएंगे।
पीएम की सौगातों में हारी हुई सीटें भी शामिल
दरअसल, आगामी चुनावों में भाजपा उन सीटों पर ज्यादा फोकस कर रही है, जहां वर्ष 2019 में हार का सामना करना पड़ा था। पीएम मोदी ने मिर्जापुर की एक हजार करोड़ रुपये की न्यू पेट्रोलियम ऑयल टर्मिनल की आधारशिला रखी। यह सीट भाजपा की सहयोगी अपना दल एस के पास है। इसके अलावा मऊ और गाजीपुर को रेल संचालन से जोड़ा है। मऊ की घोसी और गाजीपुर सीट पर पिछली बार भाजपा को पराजय मिली थी।