PM Varanasi Visit: वाराणसी के बनौली में होगा पीएम का 51वां दौरा, बन रहा वाटर प्रूफ पंडाल; तैयारियां तेज
Varanasi News: वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने कार्यों को गहनता से कर रहे हैं। बनौली गांव में दो अगस्त को पीएम मोदी का आगमन तय है।
विस्तार
PM Modi Varanasi Visit: सेवापुरी ब्लॉक के बनौली गांव में आगामी दो अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 51वां दौरा होगा। मौसम को ध्यान में रखकर जर्मर हैंगर वाटर प्रूफ पंडाल बनाने का काम शुरू हो गया है। हेलिपैड, सेफ हाउस के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि इस बार पीएम का ऐतिहासिक 51वां दौरा होगा। 27 देशों का सर्वोच्च पुरस्कार पाने वाले और कार्यकाल के मामले में इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ने वाले प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।
सेवापुरी की सभा में 80 हजार कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जिले के आठों विधानसभाओं से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में यहां पहुंचेंगे। प्रत्येक विधानसभा से 10-10 हजार कार्यकर्ता पहुंचेंगे। सेवापुरी ब्लाक मुख्यालय के पास बनौली में जनसभा की तैयारियों जोरों पर हैं।
हर बार की तरह इस बार भी तगड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था
यहां मुजफ्फरनगर से आए जर्मन हैंगर को लगाने का काम जोर शोर से शुरू हो गया है। बारिश को देखते हुए वाटर प्रूफ पंडाल होगा। सभा स्थल के पास पूर्वी छोर पर प्रधानमंत्री के लिए हेलिपैड बनाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। सभा स्थल पर 80 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेताओं को विधानसभावार जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, शुक्रवार को दोपहर में हुई बारिश से टेंट लगाने व हेलिपैड बनाने का कार्य कुछ समय के लिए बाधित रहा। सभा स्थल पर जगह जगह पानी लग गया। सभा स्थल पर समतलीकरण के बाद नई मिट्टी होने से जो वाहन जहां खड़े थे वही रुक गए। सभा स्थल के आसपास गाड़ियों के आने-जाने के कारण कीचड़ फैला हुआ है। उधर, शासन-प्रशासन के अधिकारी रूट प्लान व अन्य सुरक्षा बिंदुओं को लेकर तैयारी में लगे हैं ताकि दो अगस्त को किसी प्रकार की कमी न होने पाए।