यादगार: पीएम मोदी ने काशी के ट्रॉली चालक मंगल केवट को भेजा बेटे की शादी का बधाई पत्र, लिखी ये बात
काशी के ट्रॉली चालक मंगल केवट ने बेटे की शादी का न्योता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया था। पीएम तो नहीं आए पर उनकी ओर से वर-वधू को शादी की बधाइयां और शुभकामनाएं जरूर भेजी गई है। उनकी ओर से भेजा गया यह संदेश किसी खास तोहफे से कम नहीं है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए आदर्श ग्राम डुमरी निवासी ट्रॉली चालक मंगल केवट की खुशी का उस वक्त ठिकाना नहीं रहा जब उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बेटे की शादी के लिए बधाई संदेश मिला। मंगल केवट ने बेटे की शादी (19 फरवरी) में आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण कार्ड भेजा था।
प्रधानमंत्री खुद तो नहीं आए पर उनकी ओर से वर-वधू को शादी की बधाइयां और शुभकामनाएं जरूर भेजी गई है। प्रधानमंत्री ने निमंत्रण कार्ड पाकर परिवार की खुशी में शामिल करने पर बहुत-बहुत धन्यवाद दिया और वर-वधू को बधाई दी।
मंगल केवट का परिवार इस पत्र को फ्रेम करा कर नये जोड़े को उपहार स्वरूप देगा। किसी को उम्मीद नहीं थी कि प्रधानमंत्री आशीर्वाद के रूप में पत्र भेजेंगे। मंगल केवट ने कहा इसके बारे में मेरी पत्नी ने कहा कि बधाई संदेश के अलावा कुछ और नहीं आया तो मैंने कहा कि इसके आगे सब बेकार है।
पीएम मोदी को मानते हैं स्वच्छता का भगवान
पीएम के बधाई संदेश से बहुत प्रसन्नता हुई। साथ ही मंगल ने कहा कि इससे पहले बेटी की शादी में भी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बधाई पत्र मिला था। स्वच्छता प्रहरी मंगल केवट पीएम मोदी को स्वच्छता का भगवान मानते हैं। ट्रॉली चलाकर जीवन यापन करने वाले मंगल स्वच्छता अभियान से गहरा जुड़ाव रखते हैं। 6 जुलाई 2018 को पीएम मोदी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
रोज करते हैं राजघाट पुल की सफाई
पैरों में चप्पल नहीं पहनने वाले मंगल केवट ने अपने जीवन में स्वच्छता को पूरी तरह उतार लिया है। वह प्रतिदिन न सिर्फ राजघाट पुल की सफाई करते हैं बल्कि लोगों को जागरूक भी करते हैं।
पीएम मोदी ने पत्र में ये लिखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए पत्र में लिखा है मंगल केवट जी, चि. अमन और आयु. रीता के विवाह का निमंत्रण पत्र पाकर प्रसन्नता हुई। परिवार की खुशी में शामिल होने का न्योता देने के लिए। आपका बहुत बहुत धन्यवाद।
कामना करता हूं कि नव-युगल जीवन की पगडंडी पर तालमेल से आगे बढ़ें। जीवन के उतार-चढ़ाव के सहयात्री और सुख-दुःख के सहभागी बने और सुखमय गृहस्थ जीवन व्यतीत करें। एक बार फिर से विवाह की इस मंगल बेला पर ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।