महादेव के आशीर्वाद से देश आज वो फैसले भी ले रहा है, जो हमेशा पीछे छोड़ दिए जाते थे: पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बनारस को 12 करोड़ रुपये की सौगात दी। इसके साथ काशी महाकाल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, तो वहीं चंदौली के पड़ाव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक का लोकार्पण किया। साथ ही प्रतिमा का भी लोकार्पण किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे कालखंड तक इस आखिरी पायदान को बनाए रखा गया, क्योंकि उनकी समस्याओं को सुलझाने में नहीं, उलझाने में राजनीतिक हित सिद्ध होते थे। अब स्थितियां बदल रही हैं, देश बदल रहा है। जो आखिरी पायदान पर रहा है, उसे अब सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महादेव के आशीर्वाद से देश आज वो फैसले भी ले रहा है, जो हमेशा पीछे छोड़ दिए जाते थे।
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ लगातार प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तमाम दबाव के बावजूद उनकी सरकार फैसले पर अडिग है। उन्होंने कहा कि चाहे अनुच्छेद 370 पर फैसला हो या फिर नागरिकता संशोधन कानून पर फैसला हो, यह देश हित में जरूरी था। दबाव के बावजूद हम अपने फैसले के साथ खड़े हैं और इसके साथ बने रहेंगे।
'अब काशी में बाबा के दर्शन के बाद, उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर पाएंगे'
पीएम मोदी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी को ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर से जोड़ने वाली काशी-महाकाल एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई गई है। काशी में बाबा के दर्शन के बाद, उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर पाएंगे। इसी ट्रेन में आगे बढ़कर इंदौर में ओंकारेश्वर में श्रद्धासुमन अर्पित कर पाएंगे।
बीएचयू में आज जिस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल का लोकार्पण हुआ है, उसका शिलान्यास 2016 के आखिरी में, मैंने ही किया था। सिर्फ 21 महीने में 430 बेड का ये अस्पताल बनकर काशी और पूर्वांचल के लोगों की सेवा के लिए तैयार हुआ है। जल जीवन मिशन के तहत आने वाले 5 वर्षों में हर घर तक जल पहुंचाने के लिए हमें पूरी शक्ति से काम करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आश्वस्त करता हूं कि इस काम में न तो बजट आड़े आएगा और न सरकार के इरादे कमजोर होंगे। हमारी सरकार समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। 50 करोड़ से अधिक देशवासी जिन्हें आज आयुष्मान भारत योजना से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित हुआ है, वो 70 वर्षों से विकास के आखिरी पायदान पर रहे लोग ही हैं।