जौनपुर में दर्दनाक हादसा: दुर्गा पूजा पंडाल में उतरा करंट, इकलौते बेटे की मौत; बचाने पहुंचे लोग भी चपेट में आए
जिले के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के पास बिजली के खंभे में करंट उतरने से सात वर्षीय नीरज सरोज की मौत हो गई। आरती में शामिल होने पहुंचे बालक को बचाने की कोशिश में कुछ अन्य लोग भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे से गांव में मातम पसर गया।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के समीप बिजली के खंभे में करंट उतरने से सात वर्षीय बालक नीरज सरोज की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घर के इकलौते चिराग की मौत से मां नीलू सरोज का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब आठ बजे गांव में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में आरती का आयोजन किया गया था। आरती में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे। इसी दौरान नीरज सरोज भी वहां पहुंचा था। वह पंडाल के समीप लगे बिजली के खंभे के पास खड़ा था। इसी बीच खंभे में करंट उतर आया और बालक उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बचाने पहुंचे लोग भी करंट की चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीरज को बिजली के खंभे से चिपका देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान कुछ लोग भी करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। आरती में शामिल होने पहुंचे लोग घबरा गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बालक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां नीलू सरोज अपने बेटे को खोने के गम में बदहवास हो गईं। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से गांव के लोग भी गमगीन हैं।
हादसे के बाद गांव में मातम
घटना की सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। जिस पंडाल में आरती के दौरान श्रद्धालु जुटे थे, वहां अचानक हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर दिया। बिजली के खंभे में करंट उतरने से हुए हादसे में एक मासूम की जान चली गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में कुछ अन्य लोग भी करंट की चपेट में आ गए।