मिर्जापुर में भीड़ का शिकार हुई पुलिस, पथराव में एसपी सिटी घायल, ये है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पुलिस पर पथराव का मामला सामने आया है। मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के बलहरा मोड़ के पास बुधवार सुबह बाइक मैकेनिक चंदन मौर्य (20) का शव फंदे से लटकता मिला। ग्रामीण ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सड़क जाम कर दी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा खुर्द निवासी चंदन के पिता जमुना की बेलहरा मोड़ पर बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। उनका कहना था कि चंदन सुबह ही दुकान खोलने चला गया था। दुकान खोलने के बाद उसने फोन पर बात की और कहा कि उसका खाना भाई से भेज दें। सुबह करीब दस बजे चंदन का भाई धीरज खाना लेकर पहुंचा तो दुकान का शटर बंद था।
धीरज ने दुकान का शटर उठाया। वहां उसे पंखे से लटकता चंदन का शव दिखाई दिया। धीरज चीख सुन कर आसपास के लोग जुट गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर दिया।
कुछ देर बाद पहुंची पुलिस लोगों को समझाने लगी तो लोग मान गए लेकिन इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें एसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय का सिर फट गया। कुछ अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
चोरी के आरोपियों ने दी थी धमकी
जमुना के घर में फरवरी में चोरी हुई थी। चोरी के आरोपियों तक जब पुलिस पहुंची तो जमुना से उनका तनाव हो गया। धमकी मिलने लगी। इसी भय में जमुना ने तीन दिनों तक दुकान बंद रखी थी। बाद में जब दुकान खुली तो चंदन और जमुना को फिर धमकी मिलने लगी। चंदन के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने ही चंदन को मारकर लटका दिया और आत्महत्या का रंग देने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर पुलिस और ग्रामीणों में विवाद हो गया।
एसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने बताया कि कोई विवाद नहीं था। ग्रामीणों ने बात मान ली थी और जाम हटाया जा रहा था। लेकिन उसी समय भीड़ से पत्थर फेंके जाने लगे। हमले में मेरे सिर में भी चोट लगी। कुछ अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई। इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी। चंदन के मामले की जांच हो रही है। जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।