Varanasi: कैंट जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर यात्री, ट्रेन और ट्रैक्टर एक साथ, लापरवाही पर यात्रियों में नाराजगी
वाराणसी कैंट जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर यात्रियों की भीड़ ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थी। ट्रेन सामने से आ रही थी और इसी दौरान प्लेटफॉर्म से ट्रैक्टर-ट्रॉली भी गुजरने लगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
विस्तार
वाराणसी कैंट जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो शनिवार का ही बताया जा रहा हैै। वीडियो में दिख रहा है कि प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर यात्री खड़े थे, उनके सामने ट्रेन आ रही थी। इस बीच प्लेटफॉर्म से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी गुजरने लगी। त्योहार के कारण प्लेटफॉर्म पर भीड़ थी। संयोग अच्छा रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ। मगर, इस लापरवाही पर यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
उनका कहना था कि रेलवे अधिकारी पूरी तरह से लापरवाही पूर्वक कार्य करा रहे हैं। ऐसे ही लापरवाही होती रही तो किसी दिन कोई हादसा हो सकता है। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एडीआरएम लालजी चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर को सीज करवा दिया गया है। सुपरवाइजर युसूफ और चालक गोविंद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्लेटफॉर्म पर हर ओर पार्सल, चलने की भी जगह नहीं
इसी तरह शनिवार को कैंट जंक्शन पर एक और लापरवाही देखने को मिली। प्लेटफार्म नंबर आठ पर आए पार्सल स्पेशल पड़े थे। करीब एक घंटे बाद दूसरी ट्रेन से भी पार्सल आ गया। ऐसे में प्लेटफॉर्म पार्सल से भर गया। यात्रियों के आने-जाने के लिए बेहद कम जगह बची। ट्रेन से उतरे यात्री रेलवे प्रशासन को कोसते नजर आए।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने किया वाराणसी सिटी स्टेशन का निरीक्षण
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने शनिवार को वाराणसी सिटी स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म पर टूटे फर्श को ठीक कराने को कहा। साथ ही अन्य छोटी-छोटी खामियों को समय से ही दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। वाराणसी सिटी स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक ने सीसी कैमरे को ठीक कराने को कहा।
आरक्षण केंद्र, प्लेटफार्म, साफ-सफाई, खान-पान स्टाल, एफओबी प्रतीक्षालय, वाटर बूथ, पूछताछ काउंटर, यूटीएस आदि स्थानों का निरीक्षण किया। इसकेे पहले उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभागार कक्ष में विभागीय समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक रामश्रय पांडेय, विकास चंद्र, वीके शुक्ला, ज्ञानेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों में लाएं तेजी : एसके मोहंती
रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के सदस्य (ऑपरेटिंग एंड बिजनेस डेवलपमेंट) एसके मोहंती शनिवार को वाराणसी आए। उन्होंने वाराणसी रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन और काशी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों को देखा। साथ ही कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने स्टेशन निदेशक गौरव वर्मा के कक्ष में बैठक की। स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही राजस्व बढ़ाने के लिए मास ट्रांसपोर्टेशन में रेलवे की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए माल ढुलाई को अधिकतम बढ़ावा दिए जानेे की आवश्यकता बताई। इसके बाद वे बनारस स्टेशन गए। यहां से निरीक्षण करने के बाद काशी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।