प्यार का दर्दनाक अंत: वाराणसी में शादी के बाद प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन से कटकर दी जान, कई टुकड़ों में मिले शव
वाराणसी-प्रयागराज रेलमार्ग पर स्थित चौखंडी रेलवे स्टेशन पर रविवार प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। घटना से हड़कंप मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में एक और लव स्टोरी का भयावह अंजाम सामने आया है, जिसमें एक प्रेमी जोड़े ने चलती ट्रेन के सामने आकर जीवन खत्म कर लिया। वाराणसी-प्रयागराज रेलमार्ग पर स्थित चौखंडी रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर प्रेमी युगल ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
खौफनाक कदम उठाने से पूर्व दोनों ने स्टेशन के पास एक मंदिर में शादी की और एक साथ हाथ पकड़ ट्रेन के सामने कूद गए। घटनास्थल के पास से सिंदूर की पुड़िया भी मिली। जीआरपी भदोही और जंसा पुलिस ने छानबीन की और जीआरपी ने क्षत विक्षत दोनों शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल पर दोनों के परिजन भी पहुंच गए।
परिजनों को थी प्रेम संबंध की जानकारी
बड़ागांव थाना अंतर्गत रसूलपुर के सालीवाहनपुर निवासी अभिषेक गौतम (19) और चोलापुर के भोपापुर की रहने वाली तनु (18) के बीच प्रेम संबंध था। रिश्तेदारी में आने वाले दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम चल रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को भी हो गई थी, दोनों के परिजन इससे काफी नाराज थे।
सुबह के समय तनु अपने घर से निकली और अभिषेक गौतम भी बाइक लेकर घर से निकला। दोनों चौखंडी रेलवे स्टेशन के पास ब्रह्म बाबा मंदिर पहुंचे और शादी की। इसके बाद चौखंडी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और लगभग दो घंटे तक स्टेशन के फुटपाथ ओवरब्रिज पर साथ में रहे।
दोपहर बाद वाराणसी से भदोही की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के सामने हाथ पकड़ कूद गए। स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास इस घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तुरंत जंसा पुलिस और जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की शिनाख्त की। स्टेशन पर युवक का हेलमेट और बैग मिला। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन बदहवाश हाल में स्टेशन पहुंचे।
जंसा पुलिस के अनुसार युवक के पिता छोटेलाल ने बताया कि वह बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और राजगीर मिस्त्री का भी काम करता था। दो बेटों में सबसे छोटा था। उधर, युवती तनू के पिता संतोष व मां निर्मला देवी बेसुध रहीं। जंसा पुलिस के अनुसार घटनास्थल से सिंदूर की पुड़िया मिली, दोनों ने पहले मंदिर में शादी की और फिर एक साथ खुदकुशी कर ली।