Pahalgam Attack: शॉर्ट टर्म वीजा पर आए पाक नागरिक को वापस भेजा, LIU ने लिया एक्शन; वाराणसी में बढ़ी सुरक्षा
Pahalgam News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद वाराणसी में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सीपी मोहित अग्रवाल के निर्देशन में सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने इलाकों के हाटलों की पड़ताल कर रहे हैं।
विस्तार
Pahalgam Attack: सिंध के कराची से आए एक पाकिस्तानी नागरिक को शुक्रवार को कमिश्नरेट की पुलिस और एलआईयू ने शिवगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली रवाना किया। दिल्ली से वह अमृतसर के रास्ते अपनी आगे की यात्रा तय करेगा। पाकिस्तानी नागरिक अटारी बाॅर्डर से गत 20 फरवरी को शिवपुर क्षेत्र स्थित अपनी रिश्तेदारी में आया था।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान को लेकर सख्त रुख इख्तियार किया है। इसके तहत पाकिस्तानी नागरिकों का एसवीईएस वीजा रद्द कर दिया गया है और उन्हें तत्काल हिंदुस्तान छोड़ने को कहा गया है।
इस क्रम में पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची से शॉर्ट टर्म वीजा पर आए 85 वर्षीय बुजुर्ग को वापस भेजा गया है। इस संबंध में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन की जानकारी देते हुए पाकिस्तानी नागरिक को वापस भेज दिया गया है।
लांग टर्म वीजा पर रह रहीं सात महिलाएं और दो पुरुष
शहर में लांग टर्म वीजा पर 7 महिलाएं रह रही हैं। इनमें से पांच महिलाएं शादी करके यहां रह रही हैं। एक भारतीय महिला पाकिस्तानी पति से तलाक के बाद काशी में रह रही है। सितंबर 1962 में एक बालक अपनी भारतीय मूल की मां के साथ काशी आया था।
मां की मौत के बाद वह यहीं रह गया और फिलहाल साड़ी की दुकान पर काम करता है। इसके अलावा पाकिस्तानी पति से तलाक के कारण भारतीय मूल की मां के साथ एक बालक अक्तूबर 2007 में काशी आया था।