बीएचयू : केंद्रीय पुस्तकालय में बाहरी युवकों ने की मारपीट, सीसी कैमरे में दर्ज हुई पूरी घटना
घटना की सूचना पर जब तक प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पहुंचे तब तक मारपीट करने वाले फरार हो गए। पिटने वाले युवक को मौके से पकड़ा गया। अधिकारियों ने जब उससे परिचय पत्र मांगा तो उसने बताया कि वह विश्वविद्यालय का छात्र नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू के केंद्रीय पुस्तकालय में शुक्रवार को बाहरी युवकों ने एक छात्र की जमकर पिटाई कर दी। अचानक हुई मारपीट की घटना से पुस्तकालय में हड़कंप मच गया। पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं में अफरातफरी मची रही। छात्र-छात्राएं अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना पर प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची तो मारपीट करने वाले फरार हो गए। अभी तक किसी भी पक्ष ने अपनी शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
शुक्रवार को साढ़े तीन बजे पांच युवक बाइक से पुस्तकालय परिसर में घुसे। भवन के पास लगी बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए पोर्टिको तक बाइक लेकर पहुंच गए। प्रवेश द्वार पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी को धक्का देते हुए पांचों युवक पुस्तकालय भवन में प्रवेश कर गए। अंदर एक बाहरी छात्र पहले से ही मौजूद था। पांचों युवकों ने उसको पकड़कर लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया। मारपीट देखकर पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की सूचना पर जब तक प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य पहुंचे तब तक मारपीट करने वाले फरार हो गए। पिटने वाले युवक को मौके से पकड़ा गया। अधिकारियों ने जब उससे परिचय पत्र मांगा तो उसने बताया कि वह विश्वविद्यालय का छात्र नहीं है। वह किसी से मिलने के लिए वहां आया था। उसको पीटने वाले बाहरी थे। मारपीट की घटना की लाइब्रेरियन ने लिखित शिकायत प्राक्टोरियल बोर्ड से की है।
छात्रों का कहना है कि जब विश्वविद्यालय सिर्फ अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए खुला है तो बाहरी लोगों को सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रवेश की छूट किस आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी है। वहीं चीफ प्रॉक्टर बीसी कापरी ने बताया कि पुस्तकालय में हुई घटना की जानकारी है। किसी भी पक्ष ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।