खेल: वाराणसी में 29 नवंबर से सजेगा शतरंज का महाकुंभ, 30 लाख रुपये की इनामी ओपन नेशनल चैंपियनशिप
वाराणसी में 29 नवंबर से 30 लाख रुपये की इनामी ओपन नेशनल चेस चैंपियनशिप शुरू होगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। इसमें वाराणसी के दीपक बजाज को उपाध्यक्ष बनाया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) रविवार को केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में हुई। इसमें हुए चुनाव में कानपुर के अनूप जैन को संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। लखनऊ के राजेश कुमार शाही, वाराणसी के दीपक बजाज और कानपुर देहात के अरविंद सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, 29 नवंबर से नौ दिसंबर तक वाराणसी में ऑल इंडिया ओपन नेशनल चेस चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 30 लाख रुपये रखी गई है। इसमें देश के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल बाबतपुर में होगी।
17 सदस्यीय कार्यकारिणी में दो नए सदस्यों के रूप में गाजियाबाद के सुरेंद्र कुमार और कानपुर के अभिषेक तिवारी को शामिल किया गया है। सचिव एके रायजादा, कोषाध्यक्ष विनय आनंद समेत चारों सहायक सचिव और अन्य सदस्य दोबारा अपने-अपने पदों पर निर्वाचित हुए।
विशिष्ट अतिथि ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष व फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने बताया कि एसोसिएशन में इस बार चार नए जिलों कानपुर देहात, आंबेडकरनगर, फर्रुखाबाद और औरैया को जोड़ा गया है। प्रदेश में शतरंज का विस्तार अब कुल 51 जिलों तक हो गया है।
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष जून-जुलाई में पहली बार प्रदेश में ग्रैंडमास्टर चैंपियनशिप का आयोजन कानपुर में किया जाएगा। सचिव एके रायजादा ने बताया कि बैठक में प्रदेश के कुल 35 जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया।
स्कूलों में बांटे 3000 हजार से ज्यादा शतरंज बोर्ड
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने बताया कि प्रदेश में शतरंज को बढ़ावा देने और चेस इन स्कूल कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है। इन जोन के कन्वीनियर की जिम्मेदारी झांसी के सहायक सचिव अतुल कुमार निगम को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड बांटे गए थे। कानपुर के ग्रैंडमास्टर दिनेश शर्मा ने भी प्रदेश में शतरंज के विस्तार के लिए शिक्षकों को स्वयं प्रशिक्षण देने की सहमति जताई। इस मौके पर संघ के कोषाध्यक्ष विनय आनंद, कानपुर संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव, संजय तिवारी, दिनेश कटियार और सुशील वाधवानी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
