सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- सुहेलदेव के नाम पर वोट बटोरने का हो रहा प्रयास
राजभर प्रेम के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि लगता है कि उत्तर प्रदेश में अगला चुनाव महाराजा सुहेलदेव के नाम पर ही लड़ा जाएगा। सीएम से लेकर पीएम तक राजभर समुदाय को अपने साथ करने में लग गए हैं। महाराजा सुहेलदेव के नाम पर वोट बटोरने का प्रयास हो रहा है। वह शुक्रवार को आजमगढ़ जिले के सठियांव ब्लाक के महुला मोड़ पर राजा सुहेलदेव की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण के बाद उन्होंने कहा कि इस बार 2022 का चुनाव जय भीम व जय श्रीराम के नाम पर नहीं, बल्कि राजा सुहेलदेव के नाम पर लड़ा जाएगा। अच्छे दिन का नारा देकर आई भाजपा सरकार ने नमक, तेल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम बढ़ा दिए।
सिपाही और दरोगा तक सुरक्षित नहीं
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भ्रष्टाचार और गुंडाराज समाप्त करने का दम भरने वाली सरकार में सिपाही और दरोगा तक सुरक्षित नहीं है। आमतौर पर किसी का शव श्मशान घाट आता है। लेकिन, यह पहली ऐसी सरकार है जिसके कार्यकाल में श्मशान घाट से 25 लोगों का शव घर गया। गाजियाबाद में हुई इस घटना ने सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है।
उन्होंने कहा कि इसके पहले कोई भी राजा सुहेलदेव का नाम नहीं लेता था। लेकिन आज दूसरे लोग उनकी जयंती मना रहे हैं। प्रदेश में 18 प्रतिशत राजभर और 22 प्रतिशत मुसलमान हैं। दोनों मिल जाएं तो सरकार बननी तय है। भाजपा को राजभर समाज से अचानक प्रेम हो गया है पर उनकी चलने वाली नहीं है। सरकार हम बनाएंगे। संयोजक शशि प्रकाश मुन्ना ने आभार व्यक्त किया।