ट्रेन में तबीयत बिगड़ने से वृद्ध की मौत, युवक बेहोश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रमिक स्पेशल ट्रेन में भोजन-पानी की व्यवस्था न होने की शिकायतें तो मिल ही रही है, लेकिन इन ट्रेनों में इलाज का भी बंदोबस्त नहीं है। रविवार की रात मुंबई से जौनपुर आई दो ट्रेनों में दो यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। वे घंटों तड़पते रहे। ट्रेन के जौनपुर जंक्शन पहुंचने पर उन्हें उतारा गया, मगर तब तक एक वृद्ध ने दम तोड़ दिया था। दूसरा यात्री भी देर तक बेहोश रहा। घर वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे वाराणसी भेज दिया गया।
मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शुक्रवार को रवाना हुई स्पेशल ट्रेन 09077 रविवार की देर शाम जौनपुर जंक्शन पहुंची। कोच नंबर 11521 एसआर में सवार वृद्ध को गंभीर हालत में ट्रेन से उतारा गया। एंबुलेंस की मदद से आरपीएफ ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रेमदुलार राजभर (73) निवासी शीगांव मार्ग, रामचंद्र नगर, नवापुर ठाणे बोईसर महाराष्ट्र के रूप में हुई।
सहयात्रियों ने बताया कि ट्रेन के जबलपुर से रवाना होने के कुछ देर बाद ही वृद्ध की तबीयत खराब हो गई थी, मगर ट्रेन में कोई मदद नहीं मिल सकी। जौनपुर पहुंचने पर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, रात करीब 9 बजे भी एक ट्रेन मुंबई से जौनपुर आई। लखनऊ के पास ट्रेन में सवार अरुण कुमार वर्मा निवासी जंसा वाराणसी की तबीयत बिगड़ गई। वह बोगी में बेहोश हो गया। सहयात्री विजय वर्मा ने पहले रेलवे, फिर युवक के परिजनों को सूचना दी।
ट्रेन के जौनपुर पहुंचने से पहले ही परिजन स्टेशन पहुंच गए। युवक को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल और फिर वाराणसी ले जाया गया। सीएमएस डॉ अनिल शर्मा ने बताया कि एंबुलेंस से वृद्ध प्रेमदुलार को जब लाया गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने उसके घरवालों को सूचना दे दी है। युवक अरुण में मिर्गी के लक्षण थे। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन वाराणसी ले गए।