राहत: बीएचयू अस्पताल में पुरानी व्यवस्था लागू, अब विभागवार ओपीडी में देखे जाएंगे 150 मरीज
कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित मरीज बढ़ने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से जनवरी के दूसरे सप्ताह में आदेश जारी कर विभागवार 50 मरीज ओपीडी में देखे जाने का आदेश जारी किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू अस्पताल में विभागवार ओपीडी में अब हर दिन ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से कुल 150 मरीज चिकित्सक को दिखा सकेंगे। इसके पहले विभागवार 50 मरीज ही देखे जा रहे थे। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद अब अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
इसमें यह बताया गया है कि अस्पताल में ऑफलाइन पंजीकरण में 50 मरीज विश्वविद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी होंगे। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित मरीज बढ़ने के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से जनवरी के दूसरे सप्ताह में आदेश जारी कर विभागवार 50 मरीज ओपीडी में देखे जाने का आदेश जारी किया गया था।
कोविड अस्पताल में भी कोई मरीज नहीं
अब संक्रमित मरीजों की संख्या कम हो गई है और कोविड अस्पताल में भी कोई मरीज नहीं है। ऐसे में ओपीडी की संख्या भी बढ़ा दी गई है। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केके गुप्ता की ओर से आदेश जारी होने का लाभ वाराणसी समेत आसपास के जिलों के साथ ही पूर्वांचल, बिहार, झारखंड से आने वाले मरीजों को मिलेगा।
ट्रॉमा सेंटर के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
बीएचयू अस्पताल की तरह ही ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीजों को भी इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा। प्रोफेसर इंचार्ज सौरभ सिंह ने बताया कि ओपीडी में यहां भी विभागवार 150 मरीजों को देखा जाएगा। अस्पताल वाली व्यवस्था यहां भी लागू रहेगी।
इलेक्टिव ओटी भी पूरी क्षमता से चलेगी
बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में इलेक्टिव ओटी भी पूरी क्षमता के साथ चलाई जाएगी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण और चिकित्सकों के कोरोना ड्यूटी में लगाए जाने की वजह से इलेक्टिव ओटी की संख्या भी कम कर दी गई थी। अब पूरी क्षमता से चलाए जाने का लाभ मरीजों को भी मिलेगा।