वाराणसी: एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन आज से शुरू, नौ अप्रैल को होगा मतदान
विधानसभा चुनाव के ठीक बाद होने वाले एमएलसी चुनाव में राजनीतिक दलों के सामने फिर से प्रतिष्ठा की जंग है। जीत से उत्साहित भाजपा इस चुनाव में जातीय समीकरण साधने की तैयारी में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशासन के न्यायालय में सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ पूरी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल राजनीतिक दलों ने अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।
ऐसे में दावेदारों की भी निगाह पार्टी के निर्णय पर टिकी है। यही कारण है कि नामांकन पत्र खरीदने वालों की संख्या ज्यादा रहने की उम्मीद है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन भी किया जाएगा और 19 मार्च तक मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। वाराणसी के साथ भदोही व चंदौली के मतदान बूथों पर प्रशासन तैयारी में जुट गया है।
बैलेट पेपर से होने वाले इस मतदान के लिए वाराणसी में 11 केंद्र बनाए जाएंगे। इसमें आठ ब्लाक मुख्यालय, नगर निगम, रामनगर और गंगापुर नगर पंचायत में बूथ होंगे। इसके अलावा चंदौली के ब्लाक मुख्यालय सहित नौ और भदोही में छह मतदान केंद्र होंगे। यहां बता दें कि 19 मार्च तक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र एडीएम प्रशासन के न्यायालय कक्ष में जमा कर सकेंगे।
विधानसभा चुनाव के दौरान पहले जारी हुई अधिसूचना के वक्त खरीदे गए नामांकन पत्र और नामांकन मान्य होंगे। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि प्रत्याशी के साथ तीन लोगों को नामांकन कक्ष में जाने की अनुमति होगी। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच और 23 मार्च को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। नौ अप्रैल की सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतों की गणना की जाएगी।
प्रमुख दलों से मैदान में उतरेंगे प्रत्याशी
विधानसभा चुनाव के ठीक बाद होने वाले एमएलसी चुनाव में राजनीतिक दलों के सामने फिर से प्रतिष्ठा की जंग है। जीत से उत्साहित भाजपा इस चुनाव में जातीय समीकरण साधने की तैयारी में है। जिन जाति के जनप्रतिनिधि जिलों से नहीं चुने गए हैं, उन्हें इसमें दावेदार बनाने की योजना है। उधर, सपा भी विधानसभा चुनाव की हार का बदला इस चुनाव से चुकाने की तैयारी में है। बसपा और कांग्रेस भी प्रत्याशी चयन पर मंथन कर रहे हैं।