Exclusive: एनसीसी की जूनियर विंग की सीट निवेदिता शिक्षा सदन को मिली, इस वजह से सीएचएस गर्ल्स से हटाई गई विंग
Varanasi News: सीएचएस गर्ल्स की एनसीसी की जूनियर विंग की सीट निवेदिता शिक्षा सदन को मिली। दो साल में सीएचएस गर्ल्स में सीटें न भर पाने के कारण विंग हटाई गई। अब निवेदिता शिक्षा सदन में सीनियर और जूनियर दोनों विंग में एनसीसी में छात्राएं प्रतिभाग करेंगी।
विस्तार
सीएचएस गर्ल्स विद्यालय में चलने वाली 50 जूनियर विंग की रिक्तियों को 28 यूपी (गर्ल्स) बटालियन ने वापस ले लिया है। यह सीटें अब निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज को दे दी गई हैं। निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में अब एनसीसी की सीनियर और जूनियर दोनों विंग संचालित होंगी।
28 यूपी (गर्ल्स) बटालियन के तहत सीएचएस गर्ल्स में करीब दो वर्षों पूर्व एनसीसी की जूनियर विंग की 50 सीटें आवंटित की गई थीं। एनसीसी की ओर से निर्धारित दो वर्ष की समय-सीमा में विद्यालय की ओर से सीटीओ (केयरटेकर ऑफिसर) या एएनओ (सहायक एनसीसी अधिकारी) की नियुक्ति तक नहीं की जा सकी। इसे देखते हुए विद्यालय से बटालियन के सीओ स्तर पर पत्राचार भी किया गया लेकिन फिर भी रिक्तियां नहीं पूरी हुईं। नियुक्ति नहीं की जा सकी है।
एडीजी एनसीसी लेफ्टिनेंट कर्नल सारांश निगम ने पत्र जारी कर इन सीटों को सीएचएस गर्ल्स से वापस लेते हुए निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज को आवंटित कर दिया है। इसके बाद निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में एनसीसी की सीनियर और जूनियर दोनों विंग का संचालन होगा।
निवेदिता शिक्षा सदन में 105 कैडेट्स की सीनियर विंग
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में मौजूदा समय में 105 कैडेट्स की सीनियर विंग संचालित होती है। लेफ्टिनेंट प्रिया गोयल इस विंग की एएनओ हैं। इस विंग में विद्यालय की कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राएं कैडेट हैं। 15 अगस्त, 26 जनवरी के अलावा किसी विशेष आयोजन पर इस विंग की ओर से बेहद परेड व अन्य कार्यक्रमों का प्रदर्शन भी किया जाता है।
इसे भी पढ़ें; Mau News: पत्नी की मौत के बाद दूसरी महिला के साथ रह रहे व्यक्ति की गला रेतकर की हत्या, खून से लथपथ मिला शव
50 कैडेट्स की होगी जूनियर विंग, सीटीओ की होगी तैनाती
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस बदलाव के बाद जूनियर विंग भी विद्यालय में संचालित होगी। जो पहले नहीं थीं। इस विंग में 50 कैडेट्स होंगे। इनके लिए अलग से पहले सीटीओ की तैनाती की जाएगी।
क्या बोले अधिकारी
विद्यालय में जूनियर विंग की 50 सीटें आवंटित की गई हैं। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। इससे हमारे विद्यालय के छोटे बच्चों को भी इस सेवा में जाने का मौका मिलेगा। -डॉ. आनंद प्रभा सिंह, प्रधानाचार्या, निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज
