UP: नीलगाय ने आईटीबीपी जवान को पटका, मौत; गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में नीलगाय ने एक आईटीबीपी जवान की जान ले ली। घायलावस्था में जवान को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।
विस्तार
UP Accident: भांवरकोल थानाक्षेत्र के सलारपुर गांव में नीलगाय की टक्कर से घायल आईटीबीपी के जवान जितेंद्र सिंह यादव की मंगलवार को बलिया जनपद के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। श्मशान घाट पर छपरा से पहुंचे आईटीबीपी के 16 जवानों ने जवान के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, छह वर्षीय निर्भय सिंह यादव के पिता को मुखाग्नि देते देख मौके पर मौजूद सभी की आंखें नम हो गईं।
पिता जमुना यादव ने बताया कि जितेंद्र सिंह यादव वर्ष 2009 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग बिहार राज्य के छपरा में थी। बीते 23 अप्रैल को 15 दिनों की छुट्टी पर घर पहुंचे थे।
परिजनों में मचा कोहराम
24 अप्रैल की रात बाइक से डेरे के लिए जाते समय नीलगाय से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें वाराणसी स्थित एक अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां डॉक्टरों ने छह माह तक आराम करने की सलाह दी थी।
चार मई को ससुराल बलिया में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। ससुराल पक्ष के लोग उन्हें बलिया के जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 12 बजे आईटीबीपी जवान जितेंद्र सिंह यादव का निधन हो गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। जवान का पार्थिव शरीर देखते ही पत्नी पुष्पा देवी और मां दाल सिंगारी देवी रो-रोकर बेहाल हो गईं।
दूसरी ओर जोगीवीर गंगा घाट पर आईटीबीपी के इंस्पेक्टर सूर्यनाथ यादव के नेतृत्व में पहुंची 16 सदस्यीय टीम ने जवान के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।