निकाय चुनावः मतगणना की तैयारी पूरी, आयोग की वेबसाइट पर अपडेट होंगे चुनाव नतीजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मतगणना अधिकारियों के मुताबिक साढ़े आठ बजे से मतगणना के आरंभिक रुझान आने शुरू हो जाएंगे। सबसे पहले नगर पंचायत गंगापुर, उसके बाद रामनगर पालिका और फिर नगर निगम के नतीजे आएंगे। दोपहर डेढ़ से दो बजे तक नगर निगम के महापौर और 89 पार्षद, रामनगर पालिका के अध्यक्ष और 25 सभासद, गंगापुर नगर पंचायत के अध्यक्ष और 10 सदस्यों के परिणाम आ जाएंगे। जैसे-जैसे परिणाम घोषित होते जाएंगे वैसे ही इन्हें राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट sec.up.nic.in पर अपडेट किया जाता रहेगा।
जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र और एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने शुक्रवार को पहड़िया मंडी का निरीक्षण किया। यहां पर सुबह से ही साफ सफाई के बाद चूने का छिड़काव किया गया। बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराई गई। पार्किंग के लिए जगह बनाने के साथ-साथ लाउडस्पीकर लगाए गए ताकि परिणाम की जानकारी बाहर तक सुनाई दे।
पंचायत एवं निकाय के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी आरआर वर्मा ने बताया कि महापौर के लिए 36 टेबल और पार्षदों के लिए 37 टेबल पर गिनती होगी। रामनगर पालिका अध्यक्ष के लिए 13 और सभासदों के लिए 10 टेबल लगाए गए हैं। वहीं, गंगापुर नगर पंचायत की गिनती राजातालाब तहसील में अध्यक्ष के लिए दो और सदस्यों के लिए दो टेबल लगाए गए हैं।
इतने चक्रों में होगी मतगणना
नगर निगम (ईवीएम) : महापौर के लिए 26-27 चक्र जबकि पार्षद के लिए तीन से चार चक्र
नगर पालिका रामनगर (बैलेट पेपर): अध्यक्ष पद के लिए चार चक्र जबकि सभासद के लिए पांच चक्र
नगर पंचायत गंगापुर (बैलेट पेपर): अध्यक्ष पद के लिए पांच चक्र जबकि सदस्य पद के लिए पांच चक्र
ड्रोन कैमरों से होगी मतगणना की निगरानी
नगर निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान शुक्रवार को पहड़िया मंडी की निगरानी के पुख्ता बंदोबस्त होंगे। 1100 से अधिक जवानों की तैनाती के साथ ही निगरानी के लिए दो ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगा दी गई है। जो कोई विजय जुलूस निकालेगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि पहड़िया मंडी में एक एडिशनल एसपी, पांच डिप्टी एसपी, 150 सब इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल और दो प्लाटून सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। वहीं, राजातालाब तहसील में मतगणना के लिए एक एडिशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी, 25 सब इंस्पेक्टर, सौ कांस्टेबल और दो सेक्शन पीएसी तैनात की गई है।
जहां होगी मतगणना वहां मोबाइल पर प्रतिबंध
एसपी ग्रामीण ने बताया कि जहां मतगणना होगी वहां प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के मोबाइल के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही मतगणना के स्थान पर कोई भी तरल पदार्थ, ज्वलनशील पदार्थ और धूम्रपान से संबंधित सामग्री नहीं ले जाई जा सकेगी। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।