देव दीपावली: कहां खड़ी करें गाड़ी, कब निकलें घर से व कहां मिलेगी पार्किंग; काशी आने से पहले पूरा ट्रैफिक प्लान
वाराणसी में देव दीपावली पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए तैयारियां की जा रही हैं। घाटों और प्रमुख स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और आवागमन के इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
विस्तार
काशी की देव दीपावली देखने की योजना बना रहे हैं तो सिर्फ घाटों पर पहुंचने की तैयारी न करें, बल्कि घर से निकलने से पहले अपनी पूरी यात्रा का खाका तैयार कर लें। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने के कारण शहर में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। कई रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद होगा तो कुछ जगहों पर पार्किंग के बाद पैदल ही घाटों तक पहुंचना होगा। ऐसे में अगर आप पहली बार देव दीपावली देखने आ रहे हैं या परिवार के साथ काशी पहुंच रहे हैं तो ये दस बातें आपकी यात्रा आसान बना सकती हैं।
1- कहां से देखें देव दीपावली का सबसे शानदार नजारा
अस्सी से लेकर नमो घाट तक घाटों की लंबी शृंखला देखने लायक होती है। अगर आप घाटों की भव्यता और गंगा आरती का अनुभव लेना चाहते हैं तो दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और अस्सी घाट की तरफ जा सकते हैं। वहीं चेतसिंह घाट पर लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहेगा। एक ही स्थान पर पूरा आयोजन देखने की कोशिश करने के बजाय अपनी पसंद के हिसाब से घाट चुनें।
2- शहर में किस रास्ते से प्रवेश करें
वाराणसी किस दिशा से आ रहे हैं, इसके अनुसार रास्ता चुनें। प्रयागराज और मिर्जापुर की तरफ से आने वाले वाहन टेंगरा मोड़ और निर्धारित पार्किंग की ओर भेजे जाएंगे। चंदौली की तरफ से आने वालों को रिंग रोड और निर्धारित प्रवेश मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। पड़ाव से राजघाट पुल होकर नमो घाट जाने का रास्ता बंद रहेगा। इसलिए पुराने रास्ते के भरोसे न निकलें।
3- गाड़ी कहां खड़ी करें, घाट तक कैसे पहुंचें
देव दीपावली के लिए शहर में 57 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग के बाद घाट तक पैदल जाना पड़ सकता है। यातायात पुलिस की ओर से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करें और वहां से पैदल मार्ग का इस्तेमाल करें।
4- कितने बजे घर से निकलें
दीप प्रज्ज्वलन शाम 5:15 से 5:45 बजे तक होगा। अगर आप घाट पर अच्छी जगह पाना चाहते हैं तो दोपहर दो बजे तक में ही शहर के निर्धारित पार्किंग क्षेत्र तक पहुंचने की योजना बनाएं। आखिरी समय पर निकलने से बचें।
5- दीपदान और गंगा आरती का समय क्या है
घाटों और गंगा पार शाम 5:15 से 5:45 बजे तक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर गंगा आरती होगी। इसलिए अगर आप दीपदान और आरती दोनों देखना चाहते हैं तो पहले से घाट पर पहुंचना बेहतर रहेगा।
6- नाव से देव दीपावली देखना चाहते हैं तो क्या करें
नाव से देव दीपावली देखने की योजना है तो अधिकृत नाव संचालक से ही संपर्क करें। किराया पहले तय करें, नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के बैठने से बचें और लाइफ जैकेट जरूर पहनें। बिना सुरक्षा इंतजाम वाली नाव में न बैठें। आखिरी समय पर नाव मिलने की उम्मीद न रखें।
7- बच्चों और बुजुर्गों के साथ आ रहे हैं तो क्या सावधानी रखें
परिवार के साथ आने पर ऐसा घाट चुनें जहां पहुंचना अपेक्षाकृत आसान हो। भीड़ में बच्चों का हाथ न छोड़ें। उनके पास परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर जरूर रखें। बुजुर्गों को अधिक पैदल चलने से बचाने के लिए पार्किंग और घाट की दूरी पहले समझ लें। जरूरी दवाएं और पानी साथ रखें।
8- लेजर, ड्रोन और आतिशबाजी कहां और कितने बजे देख सकेंगे
चेतसिंह किले पर 3डी प्रोजेक्शन और लेजर शो तीन बार प्रस्तावित है। पहला शो शाम 5:45 से 6:10 बजे, दूसरा शाम 7:20 से 7:45 बजे और तीसरा रात 8:30 से 8:55 बजे तक होगा। रात आठ बजे ड्रोन शो और 8:30 से 8:40 बजे तक गंगा पार ललिता घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी प्रस्तावित है। इनके समय के अनुसार अपनी जगह चुनें।
9- कौन से रास्ते बंद रहेंगे और कहां पैदल जाना होगा
देव दीपावली पर 10 प्रमुख मार्गों को पैदल आवाजाही के लिए निर्धारित किया गया है। मैदागिन से गोदौलिया, लहुराबीर से मैदागिन, ब्रॉडवे से गोदौलिया और अस्सी की तरफ जाने वाले कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। राजघाट पुल पर पड़ाव से नमो घाट की तरफ पैदल और वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। सामने घाट पुल से दोपहिया और पैदल आवाजाही की अनुमति रहेगी। निकलने से पहले यातायात पुलिस का डायवर्जन प्लान जरूर देख लें।
10- कार्यक्रम के बाद वापस कैसे लौटें
देव दीपावली देखने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के लौटने से भीड़ बढ़ सकती है। इसलिए आतिशबाजी या ड्रोन शो समाप्त होते ही जल्दबाजी में निकलने के बजाय कुछ देर रुककर भीड़ कम होने दें। अपनी पार्किंग का स्थान और वहां पहुंचने का रास्ता पहले से याद रखें। बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ से बचाकर साथ रखें। अनजान रास्तों से निकलने के बजाय पुलिसकर्मियों से दिशा पूछें। एक घाट से दूसरे घाट से जाने से बचे यहां बैरीकेडिंग रहेगी।
11- कोई पास जारी नहीं हुआ है: प्रशासन की ओर से कोई वीआईपी पास जारी नहीं हुआ। सभी घाटों पर प्रवेश निशुल्क है।
