फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   news of Varanasi Change in jurisdiction of 34 sub-inspectors case of assault female lawyer

UP News: 34 सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में तब्दीली, महिला वकील पर मारपीट का केस; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Tue, 22 Apr 2025 05:06 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 22 Apr 2025 05:06 AM IST
सार

कमिश्नरेट के 34 सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जिले की शांति व्यवस्था को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त ने ये कार्रवाई की है। वहीं, कैंट थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
news of Varanasi Change in jurisdiction of 34 sub-inspectors case of assault female lawyer
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News: अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) डॉ. एस चनप्पा ने सोमवार को कमिश्नरेट के 34 सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की। अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह निर्णय कानून और शांति व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासनिक आवश्यकता के लिए लिया गया है।

विज्ञापन


महिला वकील और उनके साथियों पर मारपीट का केस
कचहरी परिसर में एक महिला वकील और अज्ञात वकीलों द्वारा युवक के साथ मारपीट के मामले में कैंट थाने में क्राॅस मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले में महिला वकील द्वारा पहले ही मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। कैंट थाने की पुलिस दोनों मुकदमों की जांच कर रही है। 
विज्ञापन


वासदेववुर, घमहापुर के बलवंत प्रताप राणा ने पुलिस को बताया कि गत 17 अप्रैल वह अपने भाई जशवंत प्रताप के साथ फैमिली कोर्ट आए थे। उनकी भाभी सिविल कोर्ट में वकील है। जब वह और उनका भाई कोर्ट से बाहर आए तो उनकी भाभी के अलावा अंकुर पटेल अपने अन्य साथियों के साथ उन्हें मारने लगे। बलवंत ने कहा कि उनके वकील आशीष सिंह और अन्य वकीलों ने बीचबचाव किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक पर गिरा युवक, 16 मिनट खड़ी रही जनसाधारण एक्सप्रेस
वीरापट्टी स्थित दल्लीपुर के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार को दोपहर एक युवक फंस कर गिरा। इस बीच कॉशन पर जनसाधारण ट्रेन लगभग 16 मिनट तक खड़ी रही। ट्रैक पर गिरने की वजह से युवक लहूलुहान हो गया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कैंट आरपीएफ की टीम युवक की खोजबीन कर रही है।

बाबतपुर-वीरापट्टी के बीच दल्लीपुर रेलवे ट्रैक को युवक पैदल पार कर रहा था। आसपास के लोगों ने आरपीएफ को बताया कि रेल पटरी में युवक का पैंट फंसा और वह मुंह के बल ट्रैक पर गिरकर लहूलुहान हो गया। इस बीच बाबतपुर से गाजीपुर सिटी-पुणे जनसाधारण स्पेशल ट्रेन आगे बढ़ रही थी लेकिन ट्रैक व्यक्ति को गिरा देख लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोकी और युवक को ट्रैक से हटाया गया।

लोको पायलट ने इस घटना की सूचना बाबतपुर स्टेशन मास्टर को दी। लगभग 16 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। कंट्रोल से सूचना मिलते ही कैंट आरपीएफ की टीम पहुंची लेकिन तब तक युवक को आसपास के लोगों ने हटाया दिया था। आरपीएफ उसकी खोजबीन कर रही है।

दलित उत्पीड़न और मारपीट के मामले में तीन तलब
दलित उत्पीड़न और मारपीट के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को तलब किया है। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) देवकांत शुक्ला की अदालत ने फत्तेपुर निवासी शशि सिंह व प्रमोद सिंह और ईसीपुर के दीपक सिंह को 1 जुलाई 2024 की घटना के संबंध में विचारण के लिए 21 मई 2025 को तलब किया है।

फत्तेपुर्र निवासी परिवादी बंशू लाल का आरोप है कि 22 नवंबर 2023 को राहुल सिंह की कनपटी पर अरविंद सिंह उर्फ पप्पू सहित अन्य ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल सटा दी। साथ ही, उनका पैसा और गाड़ी लूट ली। उस दौरान उसने बीचबचाव किया था। 10 मई 2024 को पुलिस परिवादी से राहुल सिंह की घटना के संबंध में पूछताछ की थी। 

जब इसकी जानकारी शशि सिंह, प्रमोद कुमार सिंह और दीपक सिंह को हुई कि परिवादी ने राहुल सिंह से संबंधित घटना में पुलिस को गवाही दी है तो वे नाराज हो गए। 30 मई 2024 को विपक्षी उसके घर पर चढ़कर जातिसूचक गाली देते हुए धमकाने लगे। परिवादी जब उनसे डर कर अपने घर के अंदर भागा तो सभी ने उसे जमकर पीटा। विपक्षियों ने धमकाया कि अगर हमारे लोगों के खिलाफ गवाही दोगे तो जान से मार दिए जाओगे।

पत्नी समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार की अदालत ने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत के मामले में रमाकांत नगर काॅलोनी की स्नेहलता, ममता पांडेय और रंगनाथ पांडेय के विरुद्ध सिगरा थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

बड़ी पियरी निवासी आवेदक प्रशांत मिश्रा ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। आवेदक का आरोप है कि उसका सगा छोटा भाई योगेश मिश्र रमाकांत नगर काॅलोनी में किराये के मकान में पत्नी स्नेहलता और पुत्र के साथ रहता था। उसके भाई योगेश मिश्रा का उसकी स्नेहलता से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इस बाबत परिवार न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। 

12 मार्च 2025 की उनकी भांजी शिवांगी के मोबाइल फोन पर स्नेहलता ने कॉल करके बताया कि योगेश की मृत्यु हो गई है। इस बात की सूचना मिलने पर उनके जीजा दिलीप, मां और स्टाफ लालू मौके पर पहुंचे। वह शहर से बाहर होने के कारण तत्काल नहीं पहुंच पाए थे। जब उनके घर वाले मौके पर पहुंचे, तो योगेश की लाश जमीन पर पड़ी थी और गले में निशान था। 

मौके पर मौजूद स्नेहलता, उनकी मां ममता पांडेय और भाई रंगनाथ पांडेय बार-बार कह रहे थे कि पता नहीं कैसे मर गए। तीनों लोग बार-बार शव को अपने घर ले जाने के लिए दबाव बना रहे थे और अंत्येष्टि पर आमादा थे। उन लोगों के दबाव देने पर योगेश का शव लेकर उनके परिजन अपने घर आए और सिगरा थाने को सूचना दिए। पुलिस वाले टालमटोल करने लगे और मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने लगे।

छात्रा के खिलाफ फूहड़ टिपण्णी करने के आरोप में केस
बीएचयू में पीएचडी में प्रवेश में धांधली का आरोप लगाकर धरना दे रही छात्रा अर्चिता सिंह के खिलाफ फूहड़ टिपण्णी करने के आरोप में सोमवार को लंका थाने में शिवांश सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ब्राह्मण समाज अकाउंट से धरने पर बैठी छात्रा के खिलाफ फूहड़ कमेंट किया गया। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।

फोटो और वीडियो वायरल करने का मुकदमा दर्ज
रोहनिया थाने में एक गांव के युवक द्वारा एक लड़की का फोटो और वीडियो वायरल करने के ममले में मुकदमा दर्ज किया गया है। रोहनिया थाने की पुलिस को एक गांव की युवती ने तहरीर दी। युवती का आरोप है कि बिहार निवासी बिसंभर उर्फ प्रिंस राज और वह एक साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। उसी दौरान बिसंभर ने उसका फोटो और वीडियो बना लिया था। उस समय की कुछ फोटो और वीडियो उसके पास थी, जिन्हें वह वायरल कर रहा है।

कपड़ा सिलवाने गई किशोरी वापस नहीं आई
रोहनिया क्षेत्र की एक किशोरी कपड़ा सिलवाने के नाम पर घर से निकली और वापस नहीं आई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं लगा। परिजनों ने रोहनिया थाने की पुलिस को बताया कि अंबाला में रहने वाला बिहार का नितिन कुमार उनकी लड़की को फोन करता रहता था। सोमवार की भोर में उसी ने फोन कर बताया कि लड़की हमारे पास है। उसके बाद कॉल डिसकनेक्ट कर दिया। रोहनिया थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।

पूर्व एमएलसी का रिश्तेदार बताकर टीएसआई से उलझा
हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर सोमवार की दोपहर एक कार चालक वाहन चेकिंग के दौरान टीएसआई से उलझ गया। हालांकि पुलिसकर्मी आए तो वह कार छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है।

टीएसआई अजय कुमार गुप्ता द्वारा रूटीन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक कार को रोका गया तो उसका चालक बहस करने लगा। खुद को एक पूर्व विधान परिषद सदस्य का रिश्तेदार बताते हुए उसने टीएसआई से बदसलूकी की और धमकाने लगा। 

कार चालक की हरकत के चलते चौराहे पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए ठप हो गया। टीएसआई ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलते ही हरहुआ चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी कार चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया था। टीएसआई अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कार को सीज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

मनबढ़ों ने दुकानदार को पीटकर घायल किया
बड़ागांव के गांगकला भट्ठा बाजार में मनबढ़ों ने एक दुकानदार को पीट कर घायल कर दिया। घायल के प्रार्थना पत्र पर बड़ागांव थाने में तीन नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। रतनपुर गांव निवासी वीर बहादुर पटेल की गांगकला भट्ठा पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है।

उन्होंने पुलिस को बताया कि बीते 19 अप्रैल की दोपहर वह अपनी दुकान में थे। उसी समय रवि उर्फ पहाड़ी, दीपू और अजय अपने कुछ दोस्तों के साथ दुकान में घुसकर गालीगलौज कर उन्हें पीटने लगे। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

अस्थायी कनेक्शन पर चार साल से जल रही थी पार्वती अपार्टमेंट की बिजली
बीते करीब चार साल से अस्थायी कनेक्शन पर पार्वती अपार्टमेंट में जल रही बिजली लाइन सोमवार को काट दी गई। अपार्टमेंट में पिछले नौ माह का 77 हजार रुपये बिजली बकाया था। इसके बाद अपार्टमेंट के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा किया।

एसडीओ केके गुप्ता ने बताया कि बकाया पर बिजली लाइन काटी गई है। पूरा भुगतान होने पर ही बिजली लाइन जोड़ा जाएगा। कुछ लोगों ने मौके पर ही कुल बकाये का 25 फीसदी जमा करने पर कनेक्शन जोड़ने की बात की, लेकिन विभाग ने कहा कि पूरे रुपये जमा करिए। 

कार की टक्कर से वृद्ध घालय, इलाज के दौरान मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव के पास सोमवार शाम सड़क पार करते समय मोहनलाल (67) को कार ने टक्कर मार दी। पुलिस उसे पिंडरा पीएचसी लाई, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत्यु घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि वह लखमीपुर थाना क्षेत्र का निवासी था। वाराणसी -जौनपुर फोरलेन मार्ग पर चुप्पेपुर गांव के सामने पैदल सड़क पार कर रहा था। तभी हादसा हो गया। वहीं घटना के बाद चालक कार फरार हो गया।

डीसीपी और एडीएम सिटी ने केंद्रीय कारागार का किया निरीक्षण
डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा ने सोमवार को केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बैरक और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था देखी। कारागार में चल रहे प्रशिक्षण केंद्रों और वाग्भट वाटिका में लगाए गए औषधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, कारापाल अखिलेश कुमार, उप कारापाल अखिलेश कुमार मिश्र मौजूद रहे।

जन्म प्रमाण पत्र बनाने में परेशान करने की शिकायत
ग्राम पंचायत सहायकों पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में देरी कर परेशान करने की शिकायत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर दर्ज कराई गई। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरैयां के अरविंद, धर्मपुर जाल्हूपुर के शिवकुमार सिंह, रमना कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमाशंकर यादव ने ब्लाॅक के एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह से शिकायत की। 

उन्होंने कहा कि शपथपत्र और आवश्यक कागजात के साथ प्रार्थना पत्र देने के दो तीन महीने बाद भी प्रमाण पत्र देने में हीलाहवाली की जा रही है। एडीओ पंचायत ने बताया कि एक साल से कम आयु के लिए डीपीआरओ और इससे अधिक के लिए एसडीएम अनुमोदन करते हैं। इसमें 15 दिन का समय लगता है। शिकायत की जांच कराई जाएगी।

नौ मुकदमों के आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोली गई
संजय नगर कॉलोनी, रमरेपुर निवासी विकास उर्फ गोलू राजभर की लालपुर पांडेयपुर थाने में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि विकास के खिलाफ कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में चोरी सहित अन्य आरोपों में नौ मुकदमे दर्ज हैं।

गोमती जोन में 22 वारंटी गिरफ्तार
गोमती जोन के सात थानों की पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी था। इनमें से छह ऐसे हैं, जो दो साल से वांछित थे। सभी 22 वारंटियों का चालान कर उन्हें अदालत में पेश किया गया।

वीडीए की फर्जी नोटिस भेजकर मांगा पैसा, केस दर्ज
सोनारपुरा के रहने वाले अनिल कुमार की मां राजकुमारी देवी को वीडीए की फर्जी नोटिस भेजकर पैसे की मांग करने के आरोप में पठानी टोला, चौक के चंदन शुक्ला के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। अनिल के अनुसार, चंदन शुक्ला वीडीए के जोनल अधिकारी का फर्जी हस्ताक्षर करके नोटिस भेजा था।

नोटिस भेजने के बाद पैसे देने के लिए फोन करके परेशान करने लगा। संदेह होने पर वीडीए के भेलूपुर के जोनल अधिकारी से मिले और उन्हें नोटिस दिखाया। जोनल अधिकारी ने नोटिस और हस्ताक्षर को फर्जी बताया। इस संबंध में भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

अधिकारियों के आवास के निर्माण का प्रस्ताव वीडीए ने किया स्वीकृत
डीआईजी काॅलोनी में अधिकारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे। वीडीए ने इसके प्रस्ताव को स्वीकृत किया है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार आवासों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। एक प्लॉट में तीन मंजिल भवन में टू और थ्री बीएचके के चार फ्लैट बनेंगे। इसमें 2.68 करोड़ की लागत आएगी। वहीं, दूसरे प्लाॅट पर तीन मंजिल में टू और थ्री बीएचके के छह फ्लैट बनेंगे। इसकी लागत 3.84 करोड़ है।

जाम में फंसे विधायक तो अफसरों पर हुए नाराज
सोमवार को गोलाघाट में मेगा स्वावलंबन कैंप का शुभारंभ करने आए विधायक सौरभ श्रीवास्तव चौक से मच्छरहट्टा मार्ग पर जाम में फंस गए। इस दौरान वह लोगों से बात करने लगे तो मौजूद लोगों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से सड़क पर गड्ढा खुदा पड़ा है। इससे रोजाना जाम लगता है। उन्होंने मौके से ही अफसरों को फोन लगाकर नाराजगी जताई। 

कहा कि इस गड्ढे को जल्द से जल्द ठीक कराइए। इसके बाद उन्होंने मेगा स्वावलंबन कैंप का शुभारंभ किया।विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना ही हमारे सेवा कार्य का मूल उद्देश्य है। इस मौके पर भाजपा की मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह, पार्षद मोनिका यादव, सृजन श्रीवास्तव, पार्षद प्रतिनिधि मनोज यादव, जय सिंह चौहान, रितेश पाल गौतम समेत अन्य मौजूद रहे।

29 से करें एससी/एसटी छात्रवृत्ति के आवेदन में संशोधन
अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11 से ऊपर) के आवेदन में संशोधन में मौका मिलेगा। वह 29 अप्रैल से छह मई तक संशोधन कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे ने बताया कि 26 जनवरी से 16 अप्रैल तक आवेदन को अग्रसारित किया गया है। आवेदन पत्रों में छात्रों को संशोधन के लिए 29 अप्रैल से आठ दिन का मौका दिया जाएगा। आवेदन में गड़बड़ी है तो संशोधन करवा लें।

शानवी और रुपाली ने कराते में जीता स्वर्ण पदक
जिलास्तरीय कराटे प्रतियोगिता में 8वीं की छात्रा रुपाली कुशवाहा और शानवी अग्रवाल ने स्वर्ण पदक जीता है। रुपाली ने काता और कुमिते में स्वर्ण जबकि अंडर-13 में शानवी ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों ने 25 से 27 अप्रैल तक लखनऊ में होने वाली प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

बीएचयू पीएचडी : धरनारत छात्रा को मिला महिला संगठन का समर्थन
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश मामले में सेंट्रल ऑफिस के बाहर धरने दे रही अर्चिता सिंह को करणी सेना, एनएसयूआई और आइसा के बाद महिला संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। सोमवार को दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने छात्रा से मुलाकात की। बातचीत में कहा कि छात्रा अकेली धरने पर बैठी है, ये शर्मनाक है। अर्चिता को तत्काल प्रवेश मिलना चाहिए, उसके सारे डॉक्यूमेंट्स सही है, लेकिन राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।

बच्चों को स्कूल भेजने के लिए किया जागरूक
सेवापुरी के ठटरा गांव के एक बस्ती में सोमवार को वाराणसी कला संस्थान ने नुक्कड़ नाटक कर ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही सरकार की ओर से चलाई जा रही शिक्षा की योजनाओं के बारे में बताया।

उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की। कलाकारों ने प्राइमरी शिक्षा की नींव को मजबूत बनाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की प्राथमिक शिक्षा सुदृढ़ होगी, तो वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे। इस दौरान राहुल राजपूत, अजय थापा, भोला सिंह राठौड़, अवंतिका मौजूद रहे। 

धरना दे रहे अभ्यर्थियों को प्रवेश देने की मांग
बीएचयू में 20 दिन तक धरना देने के बाद पीएचडी में एडमिशन पा चुके शिवम सोनकर ने धरना दे रहे तीनों अभ्यर्थियों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल ऑफिस के बाहर धरने पर बैठी हिंदी विभाग की अर्चिता सिंह, वीसी लॉज पर धरनारत भास्करादित्य त्रिपाठी और प्राचीन इतिहास के कुणाल गुप्ता को प्रवेश से वंचित कर दिया गया, जबकि ये तीनों ही योग्य हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्रों का भविष्य अंधेरे में न धकेला जाय। 

डीएलडब्ल्यू वाराणसी की टीम बनी चैंपियन
अमेठी सिटी विकास खंड के सिंदुरवा गांव में आयोजित तीन दिवसीय 57वीं राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार रात से सोमवार सुबह तक चले डे-नाइट फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल मैच में डीएलडब्ल्यू वाराणसी ने एनईआर गोरखपुर को सीधे तीन सेटों में हराकर खिताब अपने नाम किया।

मैच का पहला सेट 27/25, दूसरा 25/22, तीसरा 25/15 से जीता। आयोजक की ओर से विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ करने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विक्रांत अध्यक्ष और मोनिका जोशी बनी महामंत्री
उत्तर क्षेत्र खेड़ावाल समाज का रविवार को घासी टोला में चुनाव हुआ। इसमें अध्यक्ष पद पर विक्रांत पंड्या ने जीत हासिल की। रवीस पंड्या उपाध्यक्ष, मोनिका जोशी महामंत्री, अंकुर ठाकुर कोषाध्यक्ष, रुपेश जोशी प्रचार मंत्री, आर्यन पंड्या सह मंत्री, सीखा पंड्या भंडार मंत्री चुने गए। वहीं, दो साल में होने वाले इस चुनाव में नई कार्यकारिणी सदस्यों में दो महिला और दो पुरुषों की भी नियुक्ति हुई। 

अपना घर आश्रम में 21 प्रभुजन जाएंगे घर
सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में रविवार को आधार कैंप का आयोजन किया गया। इसमें 21 पुराने लोगों का आधार कार्ड अपडेट किया गया। इनकी पहचान कर इन्हें घर भेजा जाएगा। वहीं 14 नए लोगों का आधार बना। आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि जिनके आधार कार्ड बने हैं। फिंगरप्रिंट के माध्यम से उनके घर वालों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस और समाजसेवी की भी सहायता ली जा रही है। महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, प्रयागराज, सीतापुर, अलीगढ़, सहित कई जिलों के लोग आश्रम में रहते हैं। बीते महीने भी आधार कैंप लगाया गया था। इसमें 106 प्रभुजनों का आधार कार्ड से पहचान की गई थी। वहीं लगभग 47 प्रभुजनों को उनके घर भेजा गया था। इसमें से कई ऐसे लोग थे, जो सूचना मिलने के बाद भी परिजनों को नहीं ले गए। लगातार बात कर उन्हें समझाया जा रहा है।

कैंट स्टेशन पहुंचीं पांच नई एटीवीएम
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर 5 और एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाई जाएंगी। पांच एटीवीएम कैंट स्टेशन पर आ गईं हैं। स्टेशन परिसर में 23 एटीवीएम लग चुकी हैं। रेल अधिकारियों ने बताया कि जनरल काउंटर की भीड़ कम करने के उद्देश्य से सभी मुख्य यात्री हाॅल और सभी प्रवेश द्वार पर एटीवीएम की सुविधा है। कैंट स्टेशन पर पहले 9 एटीवीएम मशीन थीं। महाकुंभ के दौरान यात्री सुविधा के लिए 9 अतिरिक्त मशीन मंगवाई गई थी। अब 23 एटीवीएम हो गई हैं।

वन्य जीवों और पेड़ों की सुरक्षा के लिए बनी टीम
वन्य जीवों और पेड़ों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने टीम का गठन किया है। यह टीम वन क्षेत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी। वन्य जीव सप्ताह के तहत सतर्कता बरती जा रही है। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि 8 मई से 8 जून तक तक वन्य जीव सप्ताह मनाया जा रहा है।

इसके तहत सभी रेंजर्स को अलग-अलग इलाके में तैनात किया गया है। इसके साथ ही विशेष टीम भी बनाई गई है, जो अवैध रूप से पाल रहे पक्षियों और उनकी तस्करी करने वालों पर नजर रखेगी। उन इलाकों को चिह्नित किया जा रहा है जहां पक्षियों की तस्करी होती है। टीम 24 घंटे अलर्ट रहेगी।

एक घंटे में पुलिस ने खोजा श्रद्धालु का मोबाइल फोन
काशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार को दर्शन करने आए आंध्र प्रदेश के रवि प्रकाश का मोबाइल फोन खो गया। उन्होंने इसकी सूचना चौक पुलिस को दी। पुलिस ने एक घंटे में सिगरा क्षेत्र से ई-रिक्शा चालक के पास से फोन बरामद किया। फोन पाकर रवि ने पुलिस को धन्यवाद दिया।

राष्ट्र निर्माण में डॉ. आंबेडकर का अतुलनीय योगदान : प्रो. पृथ्वीश नाग
डॉ. आंबेडकर विचार एवं विकास समिति की ओर से सोमवार को पांडेयपुर के रमदत्तपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती समारोह धूमधाम से मनाई गई। डॉ. अंबेडकर पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि काशी विद्यापीठ के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. पृथ्वीश नाग ने डॉ. परम प्रकाश की लिखित पुस्तक भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन और भारत का संविधान का विमोचन किया। 

मुख्य अतिथि ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का महत्वपूर्ण योगदान है। वे न केवल संविधान निर्माता थे, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत और सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने शिक्षा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से सामाजिक परिवर्तन किया। समारोह में शामिल प्रो. डॉ. सतीश राय ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान रचकर देश को एकता के सूत्र में बांधा। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को झेला और लोकतंत्र की स्थापना की।

विश्वनाथ धाम के प्रवेश और निकास द्वार की चेकिंग को देखा
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय) डॉ. एस चनप्पा सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने विश्वनाथ धाम के प्रवेश और निकास द्वारों पर पुलिस की चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने विश्वनाथ धाम के सभी चेकिंग पॉइंट्स पर पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी देखी। फिर, विश्वनाथ धाम से बांसफाटक, गोदौलिया चौराहा होते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंचे। 

दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती का ड्रोन के माध्यम से की जा रही निगरानी का निरीक्षण किया। अपर पुलिस आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान दशाश्वमेध थानाध्यक्ष को गोदौलिया चौराहा के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया। 

श्रीमद्भागवत का दशम स्कंध भगवान का हृदय
कथावाचक पं. सतीश शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत का दशम स्कंध भगवान का हृदय है। पंचम अध्याय में गोपियों के प्रेम, रास और भगवान के प्रति विश्वास है। प्रभु का अवतार ही भागवत के गुण और अर्थों को प्रकट करने के लिए हुआ था।

गोपाल मंदिर में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के छठे दिन सोमवार को उन्होंने कहा कि विट्ठलनाथ ने भगवान को ही भागवत की सर्वाेत्तम रचना में महाप्रभु वल्लभाचार्य को संबोधित किया है। षष्ठपीठापधीश्वर श्याम मनोहर महाराज ने बताया कि भागवत कथा मंगलवार को सुबह 10 बजे से एक बजे तक होगी। पूजन में अतुल शाह, अअरुण पारिख, प्रदीप अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, मधुसुदन आदि रहे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए ट्रायल आज
खेले इंडिया यूथ गेम्स में खेलने के लिए खिलाडियों का चयन ट्रायल सिगरा और और लालपुर स्टेडियम में मंगलवार को होगा। यूथ गेम्स में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों को एनएसआरएस की पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि महिला कबड्डी का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे होगा। खो-खो महिला और पुरुष टीम का चयन ट्रायल लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होगा। 

राशिद खान को सुनने की लालसा नहीं रही अधूरी
संकट मोचन संगीत समारोह की पांचवीं निशा में शास्त्रीय गायक अरमान खान ने 'आओगे जब तुम ओ साजना' गाकर श्रोताओं को अपने पिता उस्ताद राशिद खान की याद दिला दी। गोरख कल्याण, सोहिनी के साथ रंगदारी गुलाबी चुनरिया गाकर दर्शकों का मन मस्त कर दिया।

वह बिल्कुल अपने पिता के अंदाज-ओ-बयां में अलाप लेकर 60 मिनट तक गायन करते रहे। इस दौरान श्रोताओं की राशिद खान को सुनने की लालसा भी अधूरी नहीं रह गई। दरअसल पिछले साल जनवरी में राशिद खान का इंतकाल हो गया था। जबकि उससे पहले हर साल वह महावीर के आंगन में प्रस्तुतियां देने आते थे।

गंगा सेवक राजेश शुक्ला का दिल्ली में सम्मान
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने काशी के नमामि गंगे के संयोजक व गंगा सेवक राजेश शुक्ला के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के आवास पर पहुंचे राजेश शुक्ला की गंगा सेवा को अनुकरणीय व राष्ट्रहित में बताते हुए सम्मान किया। राजेश शुक्ला ने केंद्रीय मंत्री को बाबा विश्वनाथ का प्रसाद, रूद्राक्ष की माला व ओम नमः शिवाय लिखा अंगवस्त्रम् भेंट किया। राजेश ने उनसे गंगा को लेकर सार्थक बातचीत की।

पं. गया प्रसाद को दी श्रद्धांजलि, गिरीश बनेंगे प्रधान पुजारी
दुर्गाकुंड स्थित प्राचीन बनकटी हनुमान मंदिर के पुजारी पं. गया प्रसाद मिश्र की स्मृति में सोमवार को नगवा लंका स्थित गंगोत्री विहार कॉलोनी में श्रद्धांजलि सभा हुई। ज्योतिष एवं आदित्य पंचांग के संपादक पं. पारस नाथओझा, पं. संतोष कुमार मिश्रा, समाजसेवी रामयश मिश्र आदि ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 

पं. पारसनाथ ओझा ने कहा कि वह हनुमान जी के सच्चे साधक थे। भगवान के जगने से शयन तक उनकी सेवा में लगे रहे थे। विभिन्न आयोजनों के जरिए सनातन संस्कृति को बढ़ाने में लगे रहते थे। श्रद्धांजलि सभा में पं धनंजय कुमार मिश्रा, पंकज कुमार मिश्रा, राजू मिश्रा, फूल कुमारी मिश्रा, पूजा, वंदना, अर्चना, रुद्र मिश्रा, तपस्वी आदि ने उन्हें नमन किया। 

उधर, पं. गया प्रसाद की तेरहवी संस्कार भी सोमवार को ही था। इसमें भी लोग शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किए। मंगलवार को बनकटी हनुमान मंदिर में पुजारी गिरीश कुमार मिश्र को प्रधान पुजारी बनाया जाएगा। वैदिक विधि से उनकी पगड़ी का संस्कार होगा।

अस्पतालों की ओपीडी में गर्मी से परेशान मरीज पहुंचे
दिन के तापमान में बढ़ोतरी का असर सेहत पर भी दिखने लगा है। सोमवार को जिले के सरकारी अस्पतालों में दवा काउंटर से लेकर पर्चा काउंटर तक मरीजों की भीड़ देखने को मिली। जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में 2000 मरीज पहुंचे। इसमें फिजिशियन और बाल रोग विभाग की ओपीडी में ही 200 से ज्यादा लोग पहुंचे।

इसमें ज्यादातर लोग सर्दी-जुकाम और पेट संबंधी बीमारी से परेशान रहे। मंडलीय अस्पताल में 1300 लोगों ने पर्चा कटाया। यहां भी बाल रोग विभाग के ओपीडी में उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या वाले बुखार वाले 100 बच्चों को देखा गया। बाल विशेषज्ञ डॉ. सीपी गुप्ता के अनुसार गर्मी के मौसम में बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। 

फायर एनओसी तीन साल की लेनी होगी : सीएफओ
आईएमए के प्रांगण में सोमवार को अग्निशमन विभाग की ओर से कैसे हो समस्याओं का समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीएफओ आनंद सिंह राजपूत ने डॉक्टरों को भवन निर्माण से लेकर एनओसी समेत अन्य जानकारियां दी। अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह ने उनका स्वागत किया।

मानद सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हमारे चिकित्सकों को इस बैठक से अपने सवालों का जबाब मिल गया है। इस मौके पर निर्वाचित अध्यक्ष डॉ अनुराग टंडन, वित्त सचिव डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह, नर्सिंग होम एसोसियेशन के अध्यक्ष डॉ कुसुम चंद्रा,सचिव डॉ अजित सहगल,जेडी मंगला प्रसाद समेत अन्य मौजूद रहे।

हजयात्रा : 252 जायरीन का हुआ टीकाकरण, 307 को दी गई ट्रेनिंग
हजयात्रा पर जाने वाले जायरीन के लिए ट्रेनिंग और टीकाकरण कैंप सोमवार को सिटी गर्ल्स इंटर काॅलेज काजी सादुल्लापुरा में लगाया गया। पूर्वांचल हज सेवा समिति की ओर से लगे कैंप में हज जायरीन की सेहत की जांच हुई और टीकाकरण हुआ। उन्हें हज के अरकान के बारे में बताया गया। ट्रेनर ने जायरीन को ज्यादा से ज्यादा चलने की आदत डालने की सलाह दी। कैंप में 252 जायरीन का टीकाकरण हुआ। 307 जायरीन को ऑडियो, वीडियो व प्रोजेक्टर के जरिये हज की ट्रेनिंग दी गई। 

मास्टर हज ट्रेनर अदनान खान, यूपी हज को-ओर्डिनेटर अरमान अहमद, मौलाना रियाज अहमद कादरी, हाजी जुबैर, अब्दुल अहद, तारिक हसन आदि ने सहयोग किया। मंगलवार को मदरसा जामिया सल्पफया रेवड़ीतालाब में, बुधवार को जनता सेवा अस्पताल मदनपुरा और बृहस्पतिवार को एओ मुस्लिम कॉलेज लल्लापुरा में कैंप लगेगा।

दी आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में सीपीआर प्रशिक्षण
दी आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में हार्टअटैक और कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सीपीआर का प्रशिक्षण सत्र हुआ। बस कंडक्टर, ड्राइवर, शिक्षक और छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के पहले तीन मिनट गोल्डन होते हैं, जिसमें सही सीपीआर देकर जान बचाई जा सकती है। 

मस्तिष्क तक ऑक्सीजन पहुंचाना जरूरी है, वरना नौ मिनट में ब्रेन डेड हो सकता है। उन्होंने डमी पर लाइव प्रदर्शन कर सीपीआर की सही तकनीक सिखाई, जिसमें छाती के बीचोबीच विशेष तरीके से 100 से 120 बार दबाव डालना और मुंह से सांस देना शामिल है। प्रशिक्षकों ने हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के अंतर को भी स्पष्ट किया। विद्यालय प्रबंधन कहा कि ऐसी जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी सभी को होनी चाहिए।

एसडीएम सदर, राजातालाब, पिंडरा औचक निरीक्षण कर पकड़ेंगे अवैध ईंट भट्ठे
डीएम एस राजलिंगम की अध्यक्षता में सोमवार को जिला उद्योग बंधु समिति और जिला स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि एसडीएम सदर, राजातालाब और पिंडरा एसडीएम औचक निरीक्षण कर अवैध ईंट भट्ठों का संचालन बंद कराएंगे और जुर्माना भी लगाएंगे। विद्युत कनेक्शन में उद्यमियों को आ रही दिक्कतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

बैठक में औद्योगिक आस्थान चांदपुर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम की डिस्पेंसरी स्थापित करने की सहमति प्रदान की गई। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि चिरईगांव स्थित मिनी औद्योगिक आस्थान के चारों ओर बाउंड्री न होने के कारण बाहर के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। 

कुछ ग्रामीण पशुओं को सड़कों पर बांध देते हैं, इससे वहां गंदगी रहती है। वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती है। डीएम ने उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर सीडीओ हिमांशु नागपाल, उद्यमी कमलाकांत पांडे, ज्योति शंकर पांडे, राजेश भाटिया, नीरज पारिख, जितेंद्र सिंह,, विजय गुप्ता, शैलेश सिंह मौजूद रहे।

बीएचयू में वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पर वाद-विवाद प्रतियोगिता
बीएचयू के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में सोमवार को वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन (ओएनओएस) पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। छात्रों ने साहित्यिक मंच फेसट कार्यक्रम में अपने विचारों को स्पष्टता, गंभीरता और तार्किक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश भर के छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं को शोध पत्रिकाओं और वैज्ञानिक साहित्य तक समान और मुफ्त पहुंच प्रदान करना है। 

प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के तहत लागू है। योजना के तहत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान और मानविकी की 13,000 अंतरराष्ट्रीय अकादमिक जर्नल्स तक पहुंच है। देश के 6,300 सरकारी उच्च शिक्षण और शोध संस्थानों के 1.8 करोड़ से अधिक छात्र, शिक्षक और शोधकर्ताओं को फायदा मिल रहा है। 

इस पहल से छोटे और ग्रामीण महाविद्यालयों के छात्रों को भी बड़े विश्वविद्यालयों के समान ही शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्य अतिथि, आईएमएस बीएचयू की उप-ग्रंथपाल डॉ. किरण चतुर्वेदी ने डिजिटल सूचना के बदलते स्वरूप पर अपने विचार साझा किए। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. आदित्य त्रिपाठी ने ओएनओएस नीति की प्रासंगिकता और प्रभावों पर चर्चा की। 

विलुप्त हो रही गोंडी, कर्मा और शैला नृत्य से कराया रूबरू
उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजातीय कला संस्कृति संस्थान और जनजातीय शोध एवं विकास संस्थान की ओर से सोमवार को गनेशपुर गांव में 10 दिवसीय जनजातीय नृत्य कार्यशाला की शुरुआत हुई। उद्घाटन मुख्य अतिथि महेंद्र प्रसाद ने आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के जरिये विलुप्त हो रही गोंडी, कर्मा और शैला जैसे पारंपरिक जनजातीय नृत्य को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षक विनोद गोंड व दिलीप ने पहले दिन प्रतिभागियों को इन नृत्यों की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया। संस्थान के सचिव बृजभान मरावी ने युवाओं को नृत्य की बारीकियां बताकर मंच प्रस्तुति के लिए तैयार किया। प्रिया गोंड, आंचल गोंड आदि प्रतिभागियों ने भाग लिया।

राष्ट्रीय रग्बी में खेलेंगे काशी के आनंद, यूपी टीम में चयन
सारनाथ के संथवा निवासी आनंद का चयन यूपी टीम में हुआ है। गुवाहाटी में 27 से 28 अप्रैल तक सीनियर नेशनल रग्बी प्रतियोगिता में खेलेंगे। रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजेश पाल ने बताया कि प्रादेशिक में आनंद के बेहतर प्रदर्शन को देख टीम में चयन हुआ है। उम्मीद जताई की यूपी इस बार चैंपियन बनेगी। पिता फौजदार यादव खेती किसानी करते हैं। वाराणसी के ही अवनीश पाल को यूपी टीम का कोच बनाया गया है। 

परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन आज
रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड की नॉन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी के तहत परीक्षा 22 अप्रैल को वाराणसी और गोरखपुर में है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 05021/05022 आजमगढ़-बनारस एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल आजमगढ़ व बनारस से 22 अप्रैल को चलाई जाएगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 05021 आजमगढ़-बनारस स्पेशल ट्रेन 22 अप्रैल को आजमगढ़ से सुबह 5 बजे खुलेगी और सुबह 8.20 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में बनारस स्टेशन से शाम 6.05 बजे खुलेगी और रात 10.30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी।

जेएचवी मॉल से वरुणा पुल तक वीडीए कराएगा सुंदरीकरण कार्य
वीडीए की ओर से जेएचवी मॉल से वरुणा पुल तक सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने जेएचवी मॉल से वरुणा पुल तक लगभग 500 मीटर क्षेत्र का निरीक्षण किया।

यहां पर फुटपाथ, पार्किंग, लैंडस्केपिंग, सिटिंग एरिया एवं इनफार्मेशन साइनेज कार्य कराए जाएंगे। इसके बाद प्रमुख होटलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इसमें प्रस्तावित कार्यों की जानकारी साझा की गई। सभी प्रतिष्ठानों से उनके सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई। बैठक में होटल क्लार्क, रेडिसन, अमाया, रमाडा सहित अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भगवान श्रीकृष्णा की बाल लीला सुन हुए विभोर
शुद्धदैत्व जपयज्ञ समिति की ओर से श्रीवल्लभाचार्य जयंती के उपलक्ष्य में चौखंभा स्थित बेटी जी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार को भागवत भूषण पं. मनमोहन गौर ने भगवान श्रीकृष्णा की बाल लीला का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने कहा कि ठाकुर जी की कमर में जो करधनी धारण कराई जाती है, वह दामोदर लीला का स्वरूप है। 

आचार्य चरण महाप्रभु श्रीवल्लभाचार्य ने श्रीगिरिराज जी की निकुंज कंदराओं में से श्रीठाकुर जी की एक वर्ष की सेवा प्रकट करके हम सभी जीवों पर कृपा की है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन को अपने बाएं हस्त की कनिष्ठ उंगली पर धारण करके सभी ब्रजजनों की रक्षा करके प्रकृति को बचाने का संदेश दिया है।

राजेश कुमार और सुरेंद्र नाथ पाल को किया गया सम्मानित
वाराणसी पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) वाराणसी चैप्टर की ओर से सोमवार को सुंदरपुर स्थित पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस मनाया गया। इस दौरान बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक सुरेंद्रनाथ पाल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में सार्वजनिक संबंधों की भूमिका विषयक संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि पीआरएसआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र मेहता ने संस्थान में एआई के उपयोग और नैतिक चुनौतियों पर विचार साझा किए।

बीएचयू के जनसंपर्क विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल दवे, सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर, संदीप मुखर्जी आदि ने भी विचार रखे। स्वागत सचिव प्रदीप कुमार उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम समन्वयन डॉ. ममता पांडेय व हर्ष अग्रवाल ने किया। इस दौरान डॉ. बाला लखेंद्र, मनोहर लाल, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, डॉ. अंशुमान राणा आदि मौजूद रहे।

शिवपुर में वीडीए ने ध्वस्त कराई अवैध प्लाॅटिंग
वीडीए की टीम ने सोमवार को शिवपुर में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार शिवपुर वार्ड के परमानंदपुर होलापुर में अज्ञात की ओर से 5500 वर्गमीटर में अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। नोटिस देने के बावजूद काम जारी रखने पर जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में कार्रवाई की गई।

श्याम प्रसाद कुशवाहा यूपी अचीवर्स से सम्मानित
यूपी संवाद के तहत शुक्रवार को लखनऊ में हुए कार्यक्रम में आइसेकी इंस्टीट्यूट के संस्थापक श्याम प्रसाद कुशवाहा को यूपी अचीवर्स के रूप में सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें यह सम्मान दिया। उन्होंने पिछले 28 सालों में कई युवाओं को तकनीकी और रोजगारपरक शिक्षा दी है। इससे पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 1997 में चंदौली के धानापुर में उन्होंने आइसेकी की नींव रखी। 

कुश्ती के 30 खिलाड़ियों को मिली किट
खेल को बढ़ावा देने के लिए सोमवार सुबह सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुश्ती के 30 खिलाड़ियों को किए दिए गए। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि कुश्ती ट्रेनिंग सेंटर में 15 बालक और 15 बालिकाओं को ट्रैकसूट, टी-शर्ट, कुश्ती कॉस्टूम, रनिंग शूज दिए गए।

कुश्ती कोच गोरखनाथ यादव ने बताया कि एक जनपद खेल के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकार कुश्ती खिलाड़ियों को सिगरा स्टेडियम में ट्रेनिंग दी जाती है। संचालन गोरखनाथ ने किया। इस मौके पर एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव, अंकित गुप्ता, अतुल शाही, सुधीर सिंह मौजूद रहे।

उत्कृष्ट संरक्षा सेवाओं में कैंट स्टेशन के रेलकर्मी पुरस्कृत
अपनी उत्कृष्ट संरक्षा सेवाओं के लिए कैंट स्टेशन के रेल कर्मियों को डीआरएम एसएम शर्मा ने सोमवार को मंडलीय कार्यालय में पुरस्कृत किया। इसमें संरक्षा के प्रति सजग रहने और दुर्घटना बचाने वाले जौनपुर के गेटमैन सुशील कुमार, काशी के स्टेशन मास्टर जितेंद्र सिंह, व्यासनगर के गेटमैन कौलेश्वर नाथ, जफराबाद के गेटमैन हरदेव मंडल, बक्सा के प्वाइंटमैन संदीप कुमार, कैंट के लोको पायलट अरुण कुमार शामिल हैं। कार्यक्रम में एडीआरएम नीलिमा सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव आदि रहे।

अवैध पेट्रोल पंपों पर करें कार्रवाई: वीडीए सचिव
वीडीए सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा ने सोमवार को वीडीए में साप्ताहिक कार्यों की समीक्षा की। कहा कि अनाधिकृत रूप से संचालित पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिलिंग स्टेशनों के खिलाफ कार्रवाई करें। अवैध प्लाॅटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण कराएं। उन्होंने निर्धारित अवधि में जमा शमन मानचित्र, स्वीकृत शमन मानचित्र, तावान, शमन शुल्क की वसूली तेज करने को कहा। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों पर असंतुष्ट प्रतिक्रिया देने वालों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराएं। बैठक में सभी अधिकारी शामिल रहे।

राष्ट्रीय कुश्ती में यूपी से खेलेंगे काशी के यशवंत
अंडर-20 जूनियर पुरुष राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता राजस्थान के कोटा में खेली जा रही है। बरेका के कुश्ती खिलाड़ी यशवंत गिरी यूपी टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह 22 अप्रैल को दमखम दिखाएंगे। प्रादेशिक में मेडल जीत चुके यशवंती बनारसी मुल्तानी दांव के एक्सपर्ट माने जाते हैं। उन्होंने कई कुश्तियां इसकी बदौलत जीती है। इससे पूर्व महिला वर्ग के 62 किलो भारवर्ग फ्री स्टाइल में वाराणसी की कशिश यादव कांस्य जीत चुकी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed