काशी में नवरात्र का शंखनाद: मां शैलपुत्री के दर्शन को जनसैलाब, एक किमी लंबी लगी कतार; बजे घंट-घड़ियाल
वाराणसी के अलईपुर स्थित मां शैलपुत्री के प्राचीन मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दर्शन-पूजन के लिए मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। मंगला आरती के बाद मां के जयकारों से परिसर गूंज उठा। प्रशासन और पुलिस व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
विस्तार
‘सर्व मंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके...’ शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को वाराणसी के देवी मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। अलईपुर स्थित मां शैलपुत्री के प्राचीन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों की कतार मंदिर के बाहर करीब एक किलोमीटर तक पहुंच गई। मां के जयकारों और घंट-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
भोर में मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां शैलपुत्री के स्वरूप के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की। रविवार तड़के से ही मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदिर परिसर और आसपास के करीब 300 मीटर के दायरे में सुबह से ही शंख, घंट और घड़ियाल की आवाजें गूंजने लगीं। ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच भक्त माता के दर्शन के लिए आतुर दिखाई दिए।
सुरक्षा रही दुरुस्त
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन का विशेष महत्व होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही। मंदिर के आसपास करीब तीन किलोमीटर के दायरे में मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। रास्तों पर पूजन सामग्री, नारियल, चुनरी और फूल-मालाओं की दुकानें सजी रहीं। इसके साथ ही पारंपरिक खान-पान की दुकानों पर भी चहल-पहल देखने को मिली। श्रद्धालु पूजा सामग्री लेकर माता के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजन किया।
भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मंदिर के आसपास मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। नवरात्र के पहले दिन मंदिर में उमड़ी भीड़ ने मां शैलपुत्री के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया। सुबह से ही पूरा इलाका धार्मिक उल्लास और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।