वाराणसी में पीएम मोदी बोले- महादेव ने कहा बेटा बातें बहुत करते हो, करके दिखाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का शिलान्यास करने वाराणसी आए। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में शुक्रवार को 19वीं बार आए थे।
शुक्रवार बबाबतपुर एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुलिस लाइन के लिए रवाना हो गए। पुलिस लाइन के बाहर छोटे-छोटे बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत भगवा रंग के गुब्बारे के साथ किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी हाथ हिला कर बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले काशी विश्वनाथ के गर्भ गृह में पहुंचे। वहां पर उन्होंने काशी विश्वनाथ की पूजा-अर्चना की। साथ ही बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक भी किया। इसके साथ ही गर्भ गृह में ही 'हर-हर महादेव' का उद्घोष भी किए। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने मिर्जापुर मठ की जमीन पर फावड़े से गड्ढा खोदा और विधि-विधान से पूजा-पाठ कर पांच शिलाओं को रखकर भूमि पूजन किया।
काशी विश्वनाथ धाम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण में जमीन देने वालों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं उन सभी का आभारी हूं। जिन्होंने अपनी जमीन बाबा विश्वनाथ के समर्पित की। कई सालों बाद बाबा विश्वनाथ को मुक्ति मिली है। अभी तक बाबा विश्वनाथ मकानों और दीवारों में बंद और जकड़े हुए थे।
'मां गंगा को सीधे बाबा भोलेनाथ से जोड़ दिया...'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब मैं प्रधानमंत्री नहीं था, तब भी यहां आता था और मुझे लगता था की यहां कुछ करना चाहिए। लेकिन भोले बाबा ने तय किया होगा कि बेटे बातें बहुत करते हो यहां आओ और कुछ करके दिखाओ। आज भोले बाबा के आशीर्वाद से वो सपना पूरा हो रहा है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सदियों से काशी विश्वनाथ दुश्मनों के निशाने पर रहा, कितनी बार ध्वस्त हुआ, अपने अस्तित्व के बिना जिया। लेकिन यहां की आस्था ने इसे पुनर्जीवित किया और ये क्रम सदियों से चल रहा है। जब महात्मा गांधी काशी आये थे, तो उनके मन में भी ये पीड़ा थी की भोले बाबा का स्थान ऐसा क्यों है और बीएचयू के एक कार्यक्रम में बापू अपने मन की व्यथा बताने से खुद को रोक नहीं पाए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी विश्वनाथ को मुक्त कराने के लिए 300 मकानों का अधिग्रहण बहुत कठिन कार्य था, लेकिन प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और वाराणसी के अफसरों के प्रयास से ये काम मुमकिन हो पाया है। प्रदेश सरकार और वाराणसी प्रशासन को बहुत बहुत बधाई देता हूं। वाराणसी के अफसरों ने बहुत सही ढंग से कार्य किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब मां गंगा को सीधे बाबा भोलेनाथ से जोड़ दिया गया है। अब श्रद्धालु गंगा स्नान करके सीधे भोले बाबा के दर्शन करने आ सकेंगे। पिछले कई सालों से भोले बाबा की चिंता किसी ने नहीं की, सभी ने अपनी-अपनी चिंता की। अच्छा हुआ कि भोलेबाबा ने हमारे भीतर एक चेतना जगाई। इसके कारण 40 से ज्यादा पुरातात्विक मंदिर इस पूरे धाम के अंदर से मिले।
अब इन मंदिरों की मुक्ति का रास्ता भी खुला है। काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर करोड़ों देशवासियों की आस्था का स्थल है। लोग यहां इसलिए आते हैं कि काशी विश्वनाथ के प्रति उनकी अपार श्रद्धा है। उनकी आस्था को अब बल मिलेगा।
आगे पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये काशी विश्वनाथ धाम, अब काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के रूप में जाना जायेगा। इससे काशी की पूरे विश्व में एक अलग पहचान बनेगी। काशी विश्वनाथ मंदिर में जनता को संबोधित करने के बाद अंत में नरेंद्र मोदी ने 'हर-हर महादेव' का उद्घोष किया। इसके बाद पीएम मोदी काशी विश्वनाथ से निकल कर दीनदयाल हस्ताकला संकुल की ओर रवाना हो गए।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने वीरों को दिए 21 लाख रुपये
सांस्कृतिक हस्ताकला संकुल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय महिला आजीविका सम्मेलन-2019 में पहुंचे। वहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर के सम्मानित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं सहायता समूह की महिला लाभार्थियों को विद्युत चक्की, सौर चरखा और हनी रैप दिया। इस दौरान कई स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने 'भारत के वीरों' के लिए 21 लाख रुपये चेक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा।
इस दौरान हस्ताकला संकुल के मंच से महिलाएं सरकार के योजनाओं से मिले लाभों के बारे में बता रहीं है। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने आजीविका मिशन से कैसे उनके जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने स्वावलंबन के लिए धन्यवाद दिया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी ने महिलाओं में भरी नई ऊर्जा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण के लिए ये दिवस पूरे विश्व में एक नई चेतना और नया उत्साह पैदा करता है। यही काशी है जिसने देश को वीरांगना मणिकर्णिका यानि झांसी की रानी दी, जिन्होंने गुलामी की जंजीरों में जकड़े भारत में नई ऊर्जा का संचार किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की एक बड़ी प्रतीक, देवी अहिल्याबाई होल्कर ने ही बाबा विश्वनाथ के मंदिर को वर्तमान स्वरूप देने का काम किया था।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप जो काम कर रही हैं, उससे अपने परिवार को तो सहारा दे ही रही हैं। साथ ही देश को भी समृद्धि की ओर ले जा रहीं हैं। गावों में स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन को भाजपा सरकार ने चलाया है। इसके तहत देश की करोड़ों बहनों को भी भारत से गरीबी को दूर करने की एक महत्वपूर्ण ताकत बनाने का अभियान चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि पांच साल पहले पूरे देश में सेल्फ हेल्प ग्रुप को 23 हजार करोड़ रुपये का लोन मिलता था। भाजपा की सरकार आने के बाद ये राशि 44 हजार करोड़ रुपये हो गई है। अब सेल्फ हेल्प ग्रुप की बहनों ने व्यर्थ हो रही चीजों से नई चीजें बना कर खुद को स्वावलंबी बनाया है।
'सैन्य सेवाओं के कुछ क्षेत्रों में महिलाओं को दिया जायेगा परमानेंट कमीशन'
मातृत्व अवकाश को 12 हफ्ते से बढ़ाकर 26 हफ्ते करने का फैसला भी हमारी ही सरकार ने लिया है। रात की शिफ्ट में महिलाएं काम कर सकें, इसके लिए हमारी सरकार ने नियमों में बदलाव किया है। कामकाजी महिलाओं के छोटे बच्चों के लिए दफ्तर में क्रेच की भी व्यवस्था का नियम बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल ही में सरकार द्वारा फैसला लिया गया है कि भारतीय सैन्य सेवाओं के कुछ क्षेत्रों में महिलाओं को परमानेंट कमीशन दिया जायेगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देशभर में 15 करोड़ मुद्रा लोन दिए गए हैं इनमें से 11 करोड़ से अधिक महिला उद्यमियों को मिले हैं। उत्तर प्रदेश में भी सवा करोड़ से अधिक बिना गारंटी के ऋण दिए गए हैं जिसमें से करीब 86 लाख महिलाओं ने लिए हैं। पिछले वर्ष सहकारिता के क्षेत्र में 31 लाख से अधिक महिलाओं को ट्रेनिंग दी गयी और कृषि विज्ञान केंद्रों एवं अन्य क्षेत्रों में भी 9 लाख से अधिक महिलाओं का कौशल विकास किया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे देश की महिलाओं का स्वभाव है कि वो स्वयं से ज्यादा परिवार के विषय में सोचती है। खुद की बीमारी और खानपान का भी ध्यान नहीं रखती। लेकिन अब मुझे ये व्यवस्था बदलनी है। इसके लिए भाजपा सरकार ने आयुष्मान योजना की शुरुआत की है। जिसमें सभी माताएं और बहनें अपना और अपने परिवार का इलाज करा सकती हैं। इसके साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी बात को खत्म करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश और पूरी दुनिया के सभी को शुभकामनाएं दी। 'भारत माता की जय' और 'भारतीय नारी की जय' का उद्घोष किया।