शिवपुर थानाध्यक्ष को हटाने की मांग: वाराणसी में छात्र की हत्या मामले प्रदर्शन, अधिवक्ताओं ने साैंपा पत्रक
वाराणसी में छात्र की माैत के अगले दिन बुधवार को अधिवक्ताओं ने सीपी को ज्ञापन साैंपा है। कहा कि इस मामले में शिवपुर थानाध्यक्ष की भूमिका संदिग्ध है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विस्तार
UP Crime: ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल नटिनियादाई के संचालक के पार्किंग कंपाउंड में बने कमरे में बीते मंगलवार को 12वीं के छात्र हेमंत कुमार सिंह (18) की कनपटी में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। बुधवार को दी सेंट्रल बार एसोसिएशन और दी बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के अनुसार, अधिवक्ताओं ने मांग की कि शिवपुर थानाध्यक्ष इस मामले में लीपापोती कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाए। घटनास्थल पर माैजूद दोनों लड़कों से पूछताछ हो। इस मामलें के अन्य सूत्रधार को त्वरित रूप से गिरफ्तार किया जाए।
कहा कि पीड़ित परिवार को यूपी सरकार एक करोड़ का मुआवजा दे। पुलिस आयुक्त किसी राजपत्रित अधिकारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएं।
ये है पूरा मामला
शिवपुर थाने की पुलिस ने मौके से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, एक खोखा, एक कारतूस, एक मैगजीन और कोल्डड्रिंक की बॉटल व ग्लास बरामद किया। मामले को लेकर हेमंत के पिता अधिवक्ता कैलाश चंद्र वर्मा की तहरीर पर शिवपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में स्कूल का असिस्टेंट डायरेक्टर रवि सिंह और हेमंत के 1 दोस्त शशांक व किशन का नाम शामिल है।
पुलिस ने आरोपी रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वह स्कूल प्रबंधक का बेटा है। इसके साथ ही शशांक सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। किशन की पुलिस तलाश कर रही है।
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी अधिवक्ता कैलाश चंद्र वर्मा के तीन पुत्रों और एक पुत्री में दूसरे नंबर का हेमंत सिंह ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल में 12वीं का छात्र था। हेमंत परमानंदपुर में अपने चाचा रिटायर्ड चिकित्साधिकारी डॉ. सीपी वर्मा के घर पर रहकर पढ़ता था। दोपहर लगभग 1:30 बजे हेमंत के मोबाइल फोन पर कॉल कर रवि सिंह ने उसे बुलाया।
परिजनों में मचा कोहराम
अपने दोस्त शशांक और किशन के साथ हेमंत मुलाकात के लिए रवि सिंह के घर के पास उसके पार्किंग कंपाउंड में कमरे में गया। वहां हेमंत की दायीं कनपटी पर गोली मार दी गई। कमरे में हेमंत और रवि सिंह थे। गोली चलते ही रवि सिंह आनन-फानन में हेमंत को अपने वाहन से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से पुलिस रवि सिंह को पकड़ कर कैंट थाने ले गई। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि पिस्टल के साथ रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हेमंत के एक साथी सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पिस्टल का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।