मुगलसरायः मोबाइल चार्जर प्वाइंट था खराब, रोक दी ट्रेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली से पूरी जा रही नंदन कानन सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर एक कोच में मोबाइल चार्जर प्वाइंट खराब होने और पानी न होने से नाराज होकर यात्रियों ने मंगलवार को मुगलसराय स्टेशन पर आधे घंटे तक ट्रेन को रोके रखा। कोच में पानी भरे जाने और अधिकारियों द्वारा अगले स्टेशन पर प्वाइंटर को ठीक किए जाने का आश्वासन दिए जाने पर यात्री शांत हुए।
नई दिल्ली से पूरी जा रही डाउन 12816 नंदन कानन सुपर फास्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से बीस घंटे की देरी से दोपहर डेढ़ बजे मुगलसराय के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही स्लीपर कोच संख्या 11 के यात्रियों ने बोगी में पानी न होने और मोबाइल चार्जर प्वाइंट खराब होने की शिकायत की। बावजूद इसके रेलवे स्टेशन पर तैनात अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
निर्धारित समय होने पर ट्रेन खुलने के लिए सिग्नल दे दिया गया। इससे यात्री नाराज हो गए और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया और हल्ला करने लगे। यात्रियों के शोर गुल मचाने पर वाणिज्य, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी के साथ आरपीएफ और जीआरपीकर्मी मौके पर पहुंचे।
आनन फानन में कोच में पानी भरा गया लेकिन यात्री मोबाइल चार्जर प्वाइंटर ठीक करने की बात पर अड़ गए। प्वाइंट ठीक करने का प्रयास किया गया लेकिन वह ठीक नहीं हो सका।
इस पर अधिकारियों ने अगले स्टेशन पर चार्जर प्वाइंट ठीक करने का आश्वासन देकर यात्रियों को शांत कराया। इसके बाद सवा दो बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस पूरे घटना क्रम में आधा घंटे की देरी हुई।