UP: बालू लदे ट्रेलर में फंसा बाइक का हैंडिल, चाचा-भतीजे की मौत; इकलौते बेटे की रक्त रंजित लाश देख दंपती बदहवास
Ghazipur News: सादात ब्लॉक से लौट रहे बाइक सवार चाचा-भतीजा ओवरटेक के दौरान ट्रेलर की चपेट में आ गए। बाइक का हैंडिल ट्रेलर के इंजन में फंसने से दोनों करीब 50 मीटर तक घिसटते रहे। हादसे में संदीप की मौत हो गई, जो माता-पिता का इकलौता पुत्र था। चालक घटनास्थल से चार किमी दूर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
UP Accident: गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित बालू लदे ट्रेलर से कुचलकर बाइक सवार भतीजा संदीप यादव (23) और चाचा मनोज यादव (38) की मौत हो गई। संदीप माता-पिता का इकलौता पुत्र था। दोनों आपस में पट्टीदार थे और सादात ब्लॉक से वापस घर लौट रहे थे। ओवरटेक के दौरान बाइक का हैंडिल ट्रेलर के इंजन में फंस गया था, जिससे बाइक 50 मीटर तक घिसटती रही। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से करीब चार किमी दूर बहरियाबाद में ट्रेलर छोड़कर भाग गया।
सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं गांव निवासी मनोज यादव अपने पट्टीदार भतीजे संदीप यादव के साथ बाइक से सादात ब्लॉक पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए थे। काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से घर जा रहे थे। इधर, उनके आगे बालू लदा ट्रेलर भी बहरियाबाद जा रहा था।
उदंती नदी पुल पार करने के बाद बाइक सवार चाचा-भतीजा ट्रेलर को ओवरटेक कर पास लेने लगे। इसी दौरान बाइक का हैंडिल ट्रेलर के अगले हिस्से में फंस गया और दोनों सवार बाइक समेत ट्रेलर से घिसटते हुए करीब 50 मीटर दूर तक चले गए। टांड़ा चट्टी पर ट्रेलर का चक्का संदीप यादव के सिर को कुचलते हुए आगे बढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चाचा मनोज यादव सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़े थे।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद चालक घटनास्थल से करीब चार किमी दूर बहरियाबाद में ट्रेलर खड़ा कर भाग गया। इधर, टांड़ा चट्टी पर गंभीर रूप से घायल मनोज यादव को आसपास के लोग सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में चाचा-भतीजे की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए और शव देखकर रोने-बिलखने लगे। सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बहरियाबाद में खड़े ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक को चिह्नित किया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।