Varanasi: सिगरा स्टेडियम में वीआईपी के लिए अलग होंगे तरणताल और हॉल, बनेगा आधुनिक खेल संग्रहालय
सिगरा के आधुनिक स्टेडियम में खिलाड़ियों के अलावा वीआईपी के लिए अलग से खेल संसाधन होंगे। इसके अलावा आधुनिक खेल संग्रहालय और लाइब्रेरी का भी निर्माण किया जाएगा।
विस्तार
वाराणसी के सिगरा के आधुनिक स्टेडियम में खिलाड़ियों के अलावा वीआईपी के लिए अलग से खेल संसाधन होंगे। इसके अलावा आधुनिक खेल संग्रहालय और लाइब्रेरी का भी निर्माण किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धि और कहानी को सहेज कर रखा जाएगा।
चार करोड़ रुपये की लागत से तीन चरणों में 2023 तक बनने वाले सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पहले चरण के शिलान्यास से पहले पुराने भवनों को तोड़ने के लिए शुक्रवार को दो पोकलेन मशीनें और बुलडोजर लगाए गए। भवनों को तोड़ने और मलबा हटाने में दो सप्ताह का समय लगेगा।
पीएम मोदी शिलान्यास करेंगे
इसके बाद अगले माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका शिलान्यास करेंगे। स्टेडियम में वीआईपी के लिए तरणताल, मल्टीपल स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण किया जाएगा। स्टेडियम को 18 माह में तीन चरणों में पूरा करने का लक्ष्य है। पहले चरण में दो तरणताल और तीन मंजिला स्पोर्ट्स एरीना का निर्माण होगा।
सिंथेटिक होंगे कबड्डी और बास्केटबॉल के कोर्ट
दूसरे चरण में सिंथेटिक ट्रैक कम फुटबाल मैदान, क्रिकेट मैदान, लॉन टेनिस के चार कोर्ट, सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट, वालीबाल कोर्ट, सिंथेटिक कबड्डी कोर्ट और कैफेटेरिया का निर्माण होगा। तीसरे चरण में महिला पुरुष खिलाड़ियों के लिए 100-100 बेड के स्पोर्ट्स हॉस्टल, नेशनल ट्रेनिंग सेंटर की तर्ज पर स्पोर्ट्स एकेडमी हॉल का निर्माण किया जाएगा।
बिलियर्ड्स रूम का होगा निर्माण
सिगरा स्टेडियम में परंपरागत खेलों के साथ स्नूकर और बिलियर्ड्स खेलों की भी सुविधा मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय बिलियर्ड्स और स्नूकर महासंघ के मानकों के आधार पर छह टेबल का निर्माण किया जाएगा।
मुक्केबाजी और कुश्ती के लिए भी बढ़ी सुविधा
अभी स्टेडियम में एक ही गद्दे पर कुश्ती के खिलाड़ी अभ्यास और प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। आधुनिक स्टेडियम में भारतीय कुश्ती संघ के मानकों पर आधारित चार गद्दे होंगे। मुक्केबाजी के लिए 12 रिंग का निर्माण किया जाएगा जो वर्तमान में सिर्फ एक है।