वाराणसी: मंदिर में टेका मत्था, फिर भाई अवधेश राय की हत्या में गवाही देने प्रयागराज पहुंचे पूर्व विधायक अजय राय
कांग्रेस के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को वाराणसी के संकट मोचन मंदिर में मत्था टेका। इसके बाद अपने बड़े भाई स्व. अवधेश राय की हत्या में गवाही देने प्रयागराज स्पेशल कोर्ट के लिए रवाना हो गए। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ स्पेशल कोर्ट पहुंच कर उन्होंने गवाही दी। इस दौरान अजय राय ने कहा कि मेरी सुरक्षा में कटौती कर योगी सरकार मुख्तार अंसारी को चाहे कितना भी सरंक्षण दे दे लेकिन फांसी की सजा दिला कर ही मानूंगा।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि एमपी/एमएलए स्पेशल कोर्ट ऐसे अपराधी को सजा देकर प्रदेश में व्याप्त अराजकता को सुधारने की पूरी कोशिश करेगा। अपराधी को सजा दिलाकर एक सुदृढ़ और अपराध मुक्त समाज की स्थापना करना ही मेरा उद्देश्य है और उसकी लड़ाई जारी रहेगी।
रविवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि उनके बड़े भाई अवधेश राय की हत्या में मुख्तार अंसारी मुख्य आरोपी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई 9 फरवरी से शुरू हो रही है। कोर्ट ने मुकदमे के गवाहों की सुरक्षा के आदेश जारी किए हैं। इसके बावजूद राजनीतिक विद्वेष के कारण योगी सरकार उन्हें सुरक्षा नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मुख्तार अंसारी को बचा रही है।
उन्होंने कहा, मैं हत्याकांड का गवाह हूं लेकिन सरकार नहीं चाहती है कि मैं इस मामले में मुख्तार के खिलाफ कोर्ट में गवाही दूं। इसलिए मेरी सुरक्षा हटा ली गई और मेरे सभी शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए गए। भाजपा मुख्तार को बचाने का कांग्रेस पर आरोप लगाती है, जबकि जो विदेश से अपराधियों को लाने का दम भरते थे वह अपने देश से ही अपराधी को प्रदेश में नहीं ला पा रहे हैं। कांग्रेस में किसी माफिया को संरक्षण नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि नौ फरवरी को संकटमोचन मंदिर में मत्था टेकने के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में गवाही देने जाऊंगा।