सामूहिक दुष्कर्म केस: 11 अज्ञात आरोपियों की पहचान, पुलिस की 7 टीमें गठित; कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही
वाराणसी में लड़की के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पीएम मोदी ने भी सख्त एक्शन का निर्देश दिए थे। कई इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल डिटेल्स पर भी निगरानी की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: खजुरी इलाके की 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में कमिश्नरेट की पुलिस और सक्रिय हो गई है। डीसीपी वरुणा जोन ने 11 अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की हैं। यही टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी भी करेंगी। इस मामले के 12 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संज्ञान लिया था। काशी दौरे के दौरान अफसरों जानकारी लेने के बाद उन्होंने कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। इसके बाद मामले में और तेजी से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब लंका, मलदहिया स्थित कंटिनेंटल कैफे, नदेसर, औरंगाबाद, सिगरा, हुकुलगंज, अस्सी घाट और चौकाघाट इलाके के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में जेल भेजे गए 12 आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। पुलिस की पहली प्राथमिकता अज्ञात आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी है।
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में गत सात अप्रैल की सुबह एक युवती की मां ने 12 नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया था। युवती की मां के अनुसार उनकी बेटी 29 मार्च को अपनी सहेली के घर गई थी।
वापसी के दौरान उसे राज विश्वकर्मा मिला और लंका स्थित अपने कैफे ले गया। इसके बाद से 3 अप्रैल तक शहर के अलग-अलग स्थान पर अलग-अलग आरोपियों ने उनकी बेटी को नशीला पदार्थ पिलाकर और खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। 4 अप्रैल को उनकी बेटी घर आई और आपबीती सुनाई तो केस दर्ज कराया।
पहले दोस्त, फिर उसके दोस्तों ने किया दुष्कर्म
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि युवती और सीर करहिया निवासी राज विश्वकर्मा की जान-पहचान पहले से थी। युवती को विश्वास में लेकर राज विश्वकर्मा उसे लंका स्थित अपने कैफे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद राज के दोस्त युवती को दूसरे स्थान पर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
हुक्का बार पर कार्रवाई के निर्देश, होटलों की चेकिंग
युवती के अनुसार उसके साथ होटल और कैफे में भी सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इसी आधार पर एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने चेतगंज, भेलूपुर और कैंट सर्किल के एसीपी, थानाध्यक्षों और चौकी इंचार्जों को हुक्का बार को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही होटलों की औचक जांच की जा रही है।
बोले अधिकारी
अब तक 12 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। पीड़िता के बयान, सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की सात टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। - चंद्रकांत मीना, डीसीपी वरुणा जोन।