मिर्जापुर: भाई की मौत की खबर सुन सदमे में बहन ने भी दी जान, पहलवान के बेटे-बेटी की मौत से गांव में मातम
अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में जाने-माने पहलवान रामाश्रय यादव के बेटे शेषनाथ यादव उर्फ गोलू और बेटी अनुष्का की मौत हो गई। गोलू का शव कुएं में फंदे से लटका मिला। भाई की मौत की खबर के बाद बहन ने भी घर में फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
विस्तार
अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शनिवार की सुबह एक ही परिवार में दो लोगों की मौत से कोहराम मच गया। 18 वर्षीय युवक का शव कुएं पर फंदे से लटका मिला। भाई की मौत की सूचना मिलने पर उसकी 20 वर्षीय बहन ने भी घर के अंदर फंदे से लटक गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम पसरा है। गांव में भी शोक का माहौल है।
हाजीपुर गांव निवासी रामआसरे यादव ने बताया कि के शुक्रवार की रात परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और इसके बाद सोने चले गए। शनिवार की सुबह वह टहलने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब पांच बजे जब वह लौटकर आए तो उनके पुत्र शेषनाथ यादव उर्फ गोलू (18) का शव कुएं पर फंदे से लटका मिला। बेटे की मौत की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शव को कब्जे में लिया गया
इसी बीच भाई की मौत की खबर सुनकर उसकी बहन अनुष्का (20) सदमे में आ गई। परिजनों के मुताबिक, वह भाई की मौत का दुख बर्दाश्त नहीं कर सकी और घर के अंदर फंदे से लटक गई। जानकारी होने पर परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एक ही सुबह बेटे और बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर अदलहाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मौतों के संबंध में जानकारी जुटाई और नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। अदलहाट थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। दोनों मौतों के संबंध में जांच की जा रही है।