Varanasi News: नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, छह माह की हुई गर्भवती; दो के खिलाफ एफआईआर, एक आरोपी हिरासत में
Varanasi News: वाराणसी जिले के चौबेपुर थाने की पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप है।
विस्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों ने मुंह खोलने पर उसे और उसके मां-बाप व भाई को जान से मारने की धमकी दी।
किशोरी छह महीने की गर्भवती हो गई तो उसके पड़ोस की एक महिला ने उसकी मौसी को बताया। मौसी की सूचना पर पिता ने शुक्रवार की रात चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शनिवार को फूलपुर गांव निवासी नानक पाल को गिरफ्तार किया। नानक के साथ एक 17 वर्षीय किशोर भी पकड़ा गया है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर सुनसान स्थान पर बने घर में किशोरी अपने मां-बाप और छोटे भाई के साथ रहती है। किशोरी के पिता ने बताया कि बीते साल के दिसंबर माह में उनकी बेटी शौच करने गई थी।
उसी दौरान एक युवक और एक किशोर ने उसका मुंह दबाकर गन्ने के खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों ने उसे धमकाया था कि यदि वह किसी से बताएगी तो उसके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी। धमका कर उन दोनों ने उनकी बेटी के साथ कई और बार दुष्कर्म किया।
धमकी से डरी हुई बेटी ने अपना मुंह नहीं खोला। चार दिन पहने उनके घर गांव की एक महिला गई। उस महिला ने देखा कि उनकी बेटी गर्भवती है तो उसकी मौसी को फोन कर बताई। बेटी की मौसी ने उन्हें सूचना दी तो वह चौबेपुर थाने जाकर तहरीर दिए।
उधर, इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर किशोरी का मेडिकल मुआयना कराया गया है। चौबेपुर थाने की पुलिस ने एक युवक और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मां दिव्यांग, पिता की स्थिति भी ठीक नहीं
सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मां गूंगी और दिव्यांग है। पिता मानसिक रूप से पूरी तरह से स्वस्थ नहीं है। ऐसे में किशोरी और उसके भाई की परवरिश जैसे-तैसे ही हो रही है। ग्रामीणों का कहना था कि किशोरी के साथ वारदात को अंजाम देने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
किशोरी लापता, केस दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित एक गांव से बीते 27 जून को किशोरी घर से लापता हो गई। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपी रोहित बिंद के खिलाफ शनिवार को अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।