वाराणसी में साफ-सफाई की खुली पोल: जगह-जगह कूड़ा देख भड़के प्रभारी मंत्री, कर्मचारी का वेतन काटने का निर्देश
वाराणसी में औचक निरीक्षण के दौरान जगह- जगह कूड़ा देखकर प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिए।
विस्तार
वाराणसी में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही में जगह-जगह कूड़ा मिला। सीवर और जलनिकासी की बदहाल स्थिति के साथ गलियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं। इस पर नाराज मंत्री ने लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने और अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी गंदगी मिली। मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने भी कूड़ा जमा था।
मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला। इससे गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था, जहां कूड़ा भी पड़ा था। वार्ड संख्या-16 की कुछ गलियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। नगर निगम अधिकारियों को चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटाने के साथ खराब सीवर और जलनिकासी व्यवस्था ठीक कराने को कहा। क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर सफाई कार्यों की निगरानी करने और मुख्य मार्गों, गलियों व खाली भूखंडों में कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए। नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को भी कहा।