Varanasi News: DM की अध्यक्षता में हर महीने हो रही बैठक, भूतपूर्व सैनिकों की समस्या का नहीं हो रहा समाधान
भूतपूर्व सैनिक कई समस्याओं से परेशान हैं। उनका आरोप है कि अपनी शिकायतों का समधान करवाने के लिए उन्हें विभागों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अधिकारी भी हमें इधर-उधर भेजकर परेशान करते हैं।
विस्तार
सीमा पर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों को अपनी समस्याएं लेकर विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके बाद भी उसका समाधान नहीं मिल पा रहा है। जबकि हर महीने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक आयोजित की जाती है। इसमें इनकी समस्याएं सुनीं जाती है।
ज्यादातर समस्याएं जमीन और रास्ते के विवाद के साथ ही बिजली विभाग, बैंक और झूठे मुकदमे से संबंधित रहती हैं। इनके समाधान के लिए पूर्व सैनिक विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इसके बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। हर महीने बैठक में अधिकारियों को समस्या के निस्तारण के लिए आदेश दिया जाता है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि बैठक के बाद अधिकारी आदेश को भूल जाते हैं, जब हम उनके पास जाते हैं तो वह दूसरे दिन आना बोलकर टाल देते हैं।
केस-1
सेवापुरी के रहने वाले पूर्व सैनिक राजबली ने घर पर बिजली के मीटर की खराबी को लेकर कई बार जिला सैनिक बंधु की बैठक में अधिकारियों को समस्या बताई। इसके बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया लेकिन एक साल बाद भी मीटर सही नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकारी के पास जाने पर बाद में आना कहकर टाल दिया जाता है।
केस-2
चौबेपुर के रहने वाले पूर्व सैनिक दीनदयाल मिश्रा के घर का रास्ता कुछ लोगों ने बंद कर दिया है। जो रास्ता बना था, उसे भी खराब कर दिया। पिछलेे एक साल से रास्ते को लेकर कई बार उन्होंने जिला सैनिक बंधु की बैठक में कहा, लेकिन अभी तक उसका निस्तारण नहीं हुआ। बैठक में समस्या से को दूर करने के लिए कहा गया है लेकिन संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बोले अधिकारी
जिला सैनिक बंधु की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होती है, जिलाधिकारी खुद पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुनते हैं, अगर किसी भी सैनिक की समस्या का समाधान नहीं हुआ है, तो सैनिक और अधिकारी से बात की जाएगी। - (रि.) ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे, अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास