पूर्वांचल में बारिश ने ढाया कहर, मकान गिरने से मलबे में दबे परिवार, दस की मौत
आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल में बीते 24 घंटे में हुई तेज बारिश से कई स्थानों पर कच्चे मकान गिर गए। मलबे में दबने से दस लोगों की मौत हो गई। इसमें आजमगढ़ में चार, बलिया में तीन, गाजीपुर में दो और जौनपुर में एक मौत हुई है।
आजमगढ़ के अतरारी गांव में बुधवार रात कच्चा मकान गिरने से सजनी (60) पत्नी राजकुमार की मौत हो गई। वहीं, महाराजगंज क्षेत्र के मझउवा गांव में गुरुवार सुबह आठ बजे मकान गिरने से उर्मिला (55) पत्नी शिवमूरत ने दम तोड़ दिया। सिधारी क्षेत्र के मतलीपुर गांव में गुरुवार भोर में मड़ई की दीवार गिरने से मोतीलाल (65) की सांसे थम गई। तहबरपुर के शंभूपुर गांव में गरिमा देवी (70) की मकान के मलबे में दबने से मौत हो गई।
बलिया के सिकंदरपुर के चकखान गांव में बुधवार रात कच्ची दीवार गिरने से पतिया देवी (90) पत्नी स्व. बड़ाई राजभर और खेजुरी क्षेत्र के मासूमपुर गांव में देवांती देवी (55) की मलबे में दबने से मौत हो गई।
गाजीपुर के मरदह में मकान गिरने से मलबे में दबे अंश (7) पुत्र अमृत प्रसाद गोंड और कासिमाबाद क्षेत्र के बहरार गांव में दीवार गिरने से शिवमुनि राजभर (65) की सांसे टूट गई। जौनपुर के सरपतहां क्षेत्र के मनवल गांव में शहजा(60) ने दीवार के मलबे में दब कर दम तोड़ दिया।