Varanasi News: 50 हजार का इनामी मनीष यादव महाराष्ट्र से अरेस्ट, बाइक टकराने में की थी हत्या; STF ने पकड़ा
Varanasi Crime: वाराणसी के एक मामले में एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या मामले में 50 हजार के इनाम आरोपी को पुणे के हिंजवड़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वह मानगांव में छिपा था। सटीक लोकेशन पर यह एक्शन लिया गया है।
विस्तार
Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मनीष यादव उर्फ महादेव, निवासी धौरहरा चौबेपुर को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए पुणे हिंजवड़ी थाना क्षेत्र के मानगांव में छिपकर रह रहा था। उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वाराणसी लाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार बीते साल 25 दिसंबर की शाम अभिषेक यादव अपने साथी रामू यादव के साथ बाइक से जा रहा था। दयालपुर के पास उनकी बाइक वहां खड़े कुछ लोगों से टकरा गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वहां मौजूद आधा दर्जन लोगों ने दोनों को पीटा।
इसी दौरान एक व्यक्ति ने रामू यादव को गोली मार दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तो हमलावरों ने समीर सिंह को भी गोली मार दी। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां समीर सिंह की मौत हो गई।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से एसटीएफ उसकी तलाश में जुटी थी। अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सर्विलांस और सीडीआर के आधार पर आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे, हिंजवड़ी थाना क्षेत्र के मानगांव के पास बार-बार मिल रही थी। निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम लोकेशन पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार किया।
इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है, जबकि मनीष यादव घटना के बाद से फरार था। मनीष यादव का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ मारपीट समेत अन्य मामलों में चौबेपुर और बड़ागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज है।
