बदल रही काशी: अब ककरमत्ता आरओबी से जुड़ेगा मंडुवाडीह फ्लाईओवर, 250 करोड़ लागत; लंबाई होगी 2200 मीटर
Varanasi News: अब ककरमत्ता आरओबी से मंडुवाडीह फ्लाईओवर जुड़ेगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने शासन को डिजाइन भेजकर मंजूरी मांगी है। इसमें 250 करोड़ रुपये लागत है। वहीं लंबाई दो चरणों में 2200 मीटर होगी।
विस्तार
अब मंडुवाडीह फ्लाईओवर को ककरमत्ता आरओबी से जोड़ा जाएगा। इससे एफसीआई गोदाम जाने वाली ट्रेन और बनारस स्टेशन जाने में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। पहले इसे एफसीआई गोदाम के पहले ही उतारा जा रहा था, जिसके बाद भी जाम की समस्या बनी रहती थी। इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने शासन को डिजाइन भेजकर मंजूरी मांगी है। इसकी लागत लगभग 250 करोड़ रुपये है और लंबाई दो चरणों में 2200 मीटर होगी।
अधिकारियों के अनुसार पहले यह फ्लाईओवर 700 मीटर तक बनना था, लेकिन अब इसे 400 मीटर और बढ़ाकर ककरमत्ता आरओबी से जोड़ा जाएगा। इससे मंडुवाडीह पेट्रोल पंप से लेकर चौराहा पार करते हुए एफसीआई गोदाम तक लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। ऊपर से ही वाहन बीएचयू और भिखारीपुर के लिए निकल जाएंगे। जिन लोगों को एफसीआई गोदाम और बनारस स्टेशन जाना होगा, वे मंडुवाडीह फ्लाईओवर के सर्विस रोड से होकर जाएंगे।
इसे भी पढ़ें; UP News: नौ घंटे तक 30 किलोमीटर लंबे जाम की चपेट में रहा एनएच 31, रात भर सड़कों पर रेंगते रहे वाहन
फुलवरिया से मंडुवाडीह होते हुए लंका जाने वाले मार्ग पर दिनभर में 25,000 से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। शहर के सर्वाधिक जाम वाले क्षेत्रों में शुमार मंडुवाडीह चौराहे का लुक बदल जाएगा। इस चौराहे पर 24 में से 12 घंटे जाम लगा रहता है। वहीं, दूसरे चरण में मंडुवाडीह चौराहे से कलेक्ट्री फार्म चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण कराया जाएगा। चौड़ीकरण के जद में आने वाले मकानों की गिनती जारी है।
पीडब्ल्यूडी ने सर्विस रोड के लिए छोड़ी जगह
करीब 10 किलोमीटर की दूरी 20 मिनट में पूरी होगी
लहरतारा से बीएचयू जाने के लिए एंबुलेंस को फिलहाल 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक का सफर तय करना होता है। जाम के कारण कभी-कभी इंतजार करने की अवधि और बढ़ जाती है। इनके अलावा, आम लोगों को भी समस्या होती है। दोनों फ्लाईओवरों के निर्माण के बाद, 10 किलोमीटर की इस दूरी को पूरा करने में अधिकतम 20 मिनट ही लगेंगे।
दूसरे चरण में चौड़ा होगा मंडुवाडीह से कलेक्ट्री फार्म
दूसरे चरण में मंडुवाडीह चौराहे से कलेक्ट्री फार्म चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण कराया जाएगा। चौड़ीकरण के जद में आने वाले मकानों की गिनती जारी है। सड़क की चौड़ाई करीब 26 मीटर होगी और बिजली शिफ्टिंग के काम में 26.51 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह, जमीन और मकान मुआवजा में 20 करोड़ और सिविल काम में 10 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। कुल लागत 56.51 करोड़ रुपये के आसपास होगी।
क्या है पूरा मामला
मंडुवाडीह फ्लाईओवर को ककरमत्ता आरओबी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शासन में डिजाइन भेजकर मंजूरी मांगी गई है। इससे यहां लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी। -केके सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी