यूपी: भाभी की हत्या के जुर्म में देवर को उम्रकैद, पत्थर के लोढ़े से सिर व सीने पर किया था वार; एक लाख जुर्माना
भाभी की हत्या के पांच साल पुराने मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने देवर को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। आरोपी ने पत्थर के लोढ़े से भाभी के सिर और सीने पर वार कर हत्या की थी।
विस्तार
रसड़ा थाना क्षेत्र के नागपुर गांव में आपसी रंजिश के चलते भाभी की पत्थर के लोढ़े से प्रहार कर हत्या करने के मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। करीब पांच साल पुराने इस मामले में अदालत ने अभियुक्त देवर विशाल कुमार को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार झा की अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। दोषी विशाल कुमार नागपुर गांव, थाना रसड़ा का निवासी है।
अभियोजन के अनुसार, घटना 27 मार्च 2021 की शाम की है। नागपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान विशाल कुमार ने अपने भाई अखिलेश की पत्नी रंजना के सिर और सीने पर पत्थर के लोढ़े से कई बार प्रहार किया था। हमले में रंजना गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया, जहां 29 मार्च को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद अभियुक्त के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था।
गवाहों के पक्षद्रोही होने के बावजूद दोषसिद्धि
मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के गवाह पक्षद्रोही हो गए थे। इसके बावजूद न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का सम्यक परीक्षण और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद अभियुक्त को दोषी ठहराया। अदालत ने उसे आजीवन कारावास के साथ एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
