UP: भाई की पत्नी को पीट-पीटकर मारा डाला, फिर आरोपी ने लगा लिया फंदा; दहेज हत्या में 10 साल जेल में था
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में महिला को उसके देवर ने पीट-पीटकर माैत के घाट उतार दिया। सूचना पाकर लालगंज थाने की पुलिस माैके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके एक दिन बाद आरोपी ने फंदे से लटक कर जान दे दी।
विस्तार
UP News: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुहनी बेलहा गांव में पारिवारिक विवाद ने दो जिंदगियां लील लीं। रविवार शाम अपने भाई की पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद आरोपी देवर ने भी आत्महत्या कर ली। दहेज हत्या के मामले में पूर्व में सजा काट चुका आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था। सोमवार को उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, तेंदुहनी बेलहा गांव निवासी संगीता (26), पत्नी ननकू, रविवार शाम घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके देवर छोटेलाल उर्फ कलट्टर से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि छोटेलाल ने संगीता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
सूचना मिलते ही लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र लाडो और पांच माह की पुत्री पारो को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छोटेलाल उर्फ कलट्टर पूर्व में अपनी पत्नी की दहेज हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। वह करीब 10 वर्ष की सजा काटने के बाद लगभग 15-16 माह पहले जेल से रिहा होकर गांव लौटा था। मृतका के भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
इसी बीच सोमवार को आरोपी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। प्रारंभिक जांच में उसके आत्महत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों घटनाओं की जांच एक साथ की जा रही है।