एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : पूर्व SHO समेत 5 मकान से चोरी, हेलिकॉप्टर की बुकिंग में 76 हजार की चपत
Varanasi News : वाराणसी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के चार मकानों को चोरों ने खंगाल दिया। इसमें एक पूर्व एसएचओ का मकान भी शामिल है। पुलिस ने सभी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, केदारनाथ में दर्शन-पूजन के लिए हेलिकॉप्टर की ऑनलाइन बुकिंग कराने के नाम पर जालसाजों ने 76,600 रुपये की चपत लगा दी। आए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
अलग-अलग जगहों पर चार मकानों में चोरी हुई। महेशपुर महेश्वरी नगर कॉलोनी परमानंदपुर में आरपीएफ के हेड कांस्टेबल नोज कुमार सिंह के मकान को चोरों ने बीती रात खंगाल दिया। चोर 1.90 लाख नकदी और आभूषण समेट ले गए।
मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बड़े भाई के निधन पर 23 नवंबर को जौनपुर के बरसठी स्थित कान्हापुर पूरे परिवार के साथ गए थे। उधर, चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव में पन्नू यादव व विजई यादव के घर में चोरी हुई। कादीपुर, पहाड़ी के समीप श्रीकंठपुरी कॉलोनी में आशीष कुमार दूबे का मकान चोरों ने खंगाल डाला।
चोरों ने पूर्व एसएचओ का मकान खंगाला
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित एक मकान से चोरों ने बीती रात लाखों का सामान पार कर दिया। भुक्तभोगी पूर्व एसएचओ समरजीत सिंह का परिवार रविवार की रात एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।
सुबह इसकी जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। माैके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं।
पीएम आवास से जुड़ा मामला वीडीए उपाध्यक्ष ने सुलझाया
दो साल से पीएम आवास योजना का लटका मामला वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने सुलझाया। संपत्ति अधिकारी को नोटिस देने के बाद इससे जुड़ी समस्या निस्तारित कराई गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए कुरहुआ में 250 भवनों का आवंटन किया गया था। इनमें से 130 आवंटियों ने रजिस्ट्री कराई और 120 आवंटियों ने शर्तों का पालन नहीं किया। इससे उनकी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि वीडीए की संपत्तियों के आवंटन के बाद यदि शर्त का पालन नहीं किया जाता है तो आवंटन निरस्त किया जाए।
गैंगस्टर एक्ट के 1 आरोपी की पुलिस ने शुरू की तलाश
शिवपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित बिहार के सिवान जिले के दरौंदा थाने के रूकुंदीपुर निवासी आदर्श गिरी की तलाश कैंट थाने की पुलिस ने शुरू की है। शनिवार की देर रात शिवपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत सात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिवपुर थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि शिवपुर सोनकर बस्ती निवासी शिवा सोनकर गैंग का सरगना है। यह गिरोह लूटपाट के लिए कुख्यात है। शिवा के गिरोह में आदर्श गिरी के अलावा शिवपुर सोनकर बस्ती का दिनेश सोनकर उर्फ दीनू, भरलाई तरना का समीर, भरलाई का सनी सोनकर, कानूडीह का ईश्वर प्रकाश और बिहार के मुंगेर का गुलशन कुमार शामिल है। आदर्श के अलावा अन्य सभी छह बदमाश जेल में बंद हैं। मुकदमे की विवेचना कैंट थानाध्यक्ष करेंगे।
पैसा मांगने के वायरल वीडियो पर नगर आयुक्त ने बैठाई जांच
सोशल मीडिया पर पैसा मांगने का वायरल वीडियो नगर निगम के कई कर्मचारियों के पास पहुंचा। इस वीडियो के बारे में बताया गया कि एक सुपरवाइजर की ओर से सफाई कर्मचारी से पैसा मांगा जा रहा है।
इस वीडियो में कई और सफाई कर्मचारी ड्रेस पहने हैं। एक सफाईकर्मी दूसरे सफाईकर्मी से पैसा मांगकर देने की बात कर रहा है। इस प्रकार की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। इस बारे में अधिकारियों से शिकायत भी की जा चुकी है। लेकिन नगर निगम में सफाई कर्मचारियों से पैसा मांगने की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान में लेकर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्या को जांच अधिकारी नामित कर रिपोर्ट मांगी है।
चचेरे नाना ने 6 माह की नातिन से दुष्कर्म किया
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत 35 वर्षीय चचेरे नाना ने छह माह की मासूम नातिन के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की मां की सूचना पर लंका थाने की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बीएचयू की चहारदीवारी से सटे इलाके में एक परिवार शनिवार की रात खाना खा रहा था। परिवार की बेटी और दामाद अपनी छह माह की बिटिया के साथ आए थे। आरोप है कि उसी दौरान नशे में धुत उसका चाचा उसकी छह माह की बेटी को गोद में लेकर उसके साथ गलत कृत्य करने लगा। मासूम जोर-जोर से रोने लगी।
इस पर उसकी मां उसके पास गई और देखी कि उसका चाचा उसकी मासूम बेटी के साथ गलत कृत्य कर रहा है। इस पर वह शोर मचाते हुए अपनी बेटी को चाचा से छीन कर गोद में ले ली। आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी गई। उधर, इस संबंध में लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी चार बच्चों का पिता है। मासूम बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कथास्थल से चेन चुराने के आरोप में तीन महिलाएं गिरफ्तार
डोमरी स्थित कथास्थल से श्रद्धालुओं की चेन चुराने के आरोप में रामनगर थाने पुलिस ने रविवार को तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं के पास से सोने की एक चेन बरामद हुई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दी। इससे पहले कथास्थल से गत 21 नवंबर को 15 महिलाएं चोरी की दो चेन और नौ मंगलसूत्र के साथ गिरफ्तार की गई थी।
रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि कथास्थल पर निगरानी शुरू की गई तो तीन महिलाओं की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई। पूछताछ की गई तो सोने की एक चेन बरामद हुई। तीनों महिलाओं की पहचान जौनपुर जिले के फूलपुर थाने के फूलपुर की प्रियंका और आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाने के ठोठिया-लालगंज की शशिकला उर्फ शकुंतला व रीमा के रूप में हुई है।
बिरयानी लेकर लौट रहे युवक को अगवा कर पीटा
बिरयानी लेकर लौट रहे युवक की बीती रात अगवा कर पिटाई के मामले में रविवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पक्की बाजार, पुलिस लाइन चौराहा निवासी फैजी ने बताया कि वह बिरयानी खरीद कर लौट रहा था। अबान, रजत, लकी, जगगू, अयान ऑटो से बैठाकर ले गए और पिटाई की।
रोडवेज चालकों की होगी एल्कोमीटर से जांच
कोहरे में रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर परिवहन निगम की ओर से तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बसों की हेडलाइट, खिड़कियां दुरुस्त की जा रही हैं। रोजाना चालकों की डिपो वार एल्कोमीटर से जांच हो रही है। यदि जांच में संदिग्ध मिलते हैं तो चालकों को बसों की स्टेयरिंग नहीं दी जाएगी।
विभागीय कार्रवाई के साथ ही चालकों को ड्यूटी से लौटा दिया जाता है। परिवहन निगम वाराणसी परिक्षेत्र की ओर से आठ सदस्यीय टीम गठित की गई है, जो डिपो वार जांच करेगी। कुछ टीमें बीच चालकों और परिचालकों की जांच करेंगी।
स्वच्छ भारत सर्वेक्षण की टीम लेगी फीडबैक
स्वच्छ भारत सर्वेक्षण की टीम इस सप्ताह काशी आएगी। इस दौरान यहां होने वाले स्वच्छता के कार्यों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान यहां के नागरिकों से फीडबैक भी लेगी। इसके अलावा गंगा घाटों पर नगर निगम की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करने की योजना है।
टीम के आगमन को ध्यान में रखकर नगर निगम सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने में जुट गया है। सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने इलाकों में साफ-सफाई का निरीक्षण करें। कोई कमी हो तो उसे दुरुस्त कराएं। दरअसल नगर निगम अलग-अलग प्रयासों से बनारस की छवि को बेहतर बनाने और स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी रैकिंग को सुधारने में जुटा है।
गंगा किनारे बसे शहर को सर्वेक्षण के मापदंडों पर कसा जा रहा है। दुकानदारों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है कि दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें। इसके अलावा खुले में शौच मुक्त अभियान के स्तर पर भी टीमें अपने तरीके से गोपनीय जांच करेंगी।
पुण्यतिथि पर कंबल बांटे
बड़ागांव क्षेत्र के अकोढ़ा गांव में स्व. गोपाल सिंह की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों में कंबल बांटे गए। उनके पुत्र पंकज सिंह, नीरज सिंह और भतीजे शरद सिंह ने बताया कि पिता जी की स्मृति में पिछले पांच साल से जरूरतमंदों का सहयोग किया जा रहा है।
दो आरोपी गिरफ्तार
मारपीट मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कांशीराम आवास निवासी सिद्धार्थ कुमार उर्फ साहिल और रवि कुमार के रूप में हुई है।
उपचुनाव में सरकार ने लोकतंत्र को लूट तंत्र में बदला: धर्मेंद्र
आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यूपी उपचुनाव में लोकतंत्र को लूट तंत्र में बदल दिया गया। इसका प्रमाण कुंदरकी और मीरापुर सहित सभी सीटों पर देखने को मिला।
सांसद रैमला एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों बात की और कहा कि उत्तर प्रदेश के 9 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में गड़बड़ियों का वीडियो बनारस के लोगों ने भी देखा होगा। कुंदरकी में तो इनके लोगों ने राशन कार्ड, आई कार्ड पहले ही ले लिया था। पोलिंग पर आने से पहले रोक दिया दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मिलकर सबकुछ डंप कर लिया।
2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। बनारस में मां गंगा के नाम पर भी झूठ बोला गया। एनजीटी ने वाराणसी के जिलाधिकारी से पूछा कि क्या आप गंगा जल में नहा सकते हैं। वह सुरेन्द्र यादव, राजेश यादव नत्थू व आनंद यादव के घर भी गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, उदयलाल मौर्या, ज्ञानेंद्र यादव, मनोज राय धूपचंडी आदि शामिल रहे।
बिजली उपकेंद्र पर एसएसओ को पीटा, कागजात भी फाड़े
बिजली निगम के नेवादा उपकेंद्र पर बिजली आपूर्ति को लेकर कुछ लोगों ने एसएसओ (स्टेशन सब आॅफिसर) की पिटाई कर दी। साथ ही उपकेंद्र में तोड़फोड़ की और कागजात भी फाड़ दिए। इस मामले में एसएसओ ने फूलपुर थाने में एक नामजद समेत पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इस घटना को लेकर सोमवार को सिगरा अधिशासी अभियंता कार्यालय पर बिजलीकर्मी विरोध दर्ज करवाएंगे।
फूलपुर थाने के नगवां उपकेंद्र के जगदीशपुर फीडर के तहत मरम्मत कार्य के कारण आपूर्ति बाधित रही। दोपहर करीब ढाई बजे उपकेंद्र के सीएयूजी नंबर पर फोन कर कुछ लोगों ने आपूर्ति बहाल होने की जानकारी मांगी। इस पर एसएसओ संतोष कुमार सिंह ने काम होने के बाद आपूर्ति बहाल होने की जानकारी दी। एसएसओ की तहरीर के अनुसार, चार-पांच युवकों मारपीट करने के साथ कागजात फाड़ दिए।
इधर, सूचना मिलते ही विद्युत मजदूर संगठन के पूर्वांचल उपाध्यक्ष संदीप कुमार के नेतृत्व में बिजली कर्मचारी फूलपुर थाने पर जुट गए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। संगठन के पूर्वांचल महामंत्री वेद प्रकाश राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की की मांग की गई है। कहा कि अगर मुकदमा दर्ज करवाकर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बीएचयू के ब्रिटिश पार्लियामेंट में हुई डिबेट
बीएचयू के विधि संकाय में ब्रिटिश पार्लियामेंट्री डिबेट स्पर्धा हुई। इस डिबेट चैलेंज में करीब 100 छात्र-छात्राओंं ने हिस्सा लिया। ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर संकाय में हाउस ऑफ कॉमंस बनाया। स्पीकर, सेक्रेटरी और ब्रिटिश पार्लियामेंट के सदस्य के तौर पर छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग मुद्दों पर अपनी बात रखी।
दुनियाभर के देशों की सरकारी पॉलिसी, न्याय व्यवस्था, बजट और देश के विकसित व विकासशील देशों के सामाजिक स्तर पर चर्चा की। मुख्य अतिथि संकाय प्रमुख प्रो. सीपी उपाध्याय ने कहा कि डिबेट स्पर्धा में विधि संकाय और कैंपस के छात्रों को एक मंच मिलता है। इससे छात्रों के व्यक्तित्व विकास में मदद मिलेगी। हाउस ऑफ कॉमंस को ब्रिटेन पार्लियामेंट का निचला सदन कहते है।
पीएचडी छात्र ले सकेंगे स्पेशल कोर्स में प्रवेश
बीएचयू के 56 स्पेशल कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया चल रही है। इसमें चार कोर्स ऐसे हैं, जिनमें पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्रों को एडमिशन नहीं मिलेगा। पीएचडी या पीडीएफ केे छात्र ही प्रवेश ले सकते हैं। बीएचयू ने इन प्रोफेशनल कोर्स नौकरीपेशा के लिए चलाया है। ट्रांसलेशन स्किल में एक साल का डिप्लोमा, क्रोमोसोमल मॉलिक्यूल जेनेटिक डायग्नॉस्टिक में एक साल का डिप्लोमा, काउंसिलिंग साइकोलॉजी थेरेपी में एक साल का पीजी डिप्लोमा और काउंसिलिंग गाइडेंस और साइकोलॉजिकल इंटरवेशन में एक साल का पीजी डिप्लोमा में नार्मल लोग एडमिशन नहीं ले सकते हैं।
ऑल इंडिया जीके कॉम्पटीशन 21 दिसंबर को
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से हर साल होने वाली ऑल इंडिया जीके कॉम्पटीशन इस बार 21 दिसंबर को होगा। इसके लिए पांच दिसंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। ककरमत्ता स्थित एक निजी स्कूल में हुई बैठक में इस पर फैसला लिया। एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष रामाश्रय पटेल ने कहा कि छात्र कार्य दिवस पर कार्यालय से फॉर्म ले सकते हैं।
अंतिम तिथि पांच दिसंबर है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता तीन वर्ग ग्रुप ए, ग्रुप बी और ग्रुप सी में होगी। ग्रुप ए में कक्षा 3 से 5, ग्रुप बी में 6 से 8, ग्रुप सी में 9 से 12 तक के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। हीरालाल बिंद, अनिल कुमार सिंह, सीताराम पटेल एवं क्षितिज कुमार सिंह मौजूद रहे।
कक्षा नौ, दस के छात्र 13 जनवरी तक भरें फॉर्म
पूर्व दशम (कक्षा नौ और 10) छात्रवृत्ति की तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 13 जनवरी 2025 तक फॉर्म भर सकेंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दुबे ने बताया कि पूर्व दशम की तिथि 31 अक्तूबर को ही खत्म हो गई। वेबसाइट सर्वर डाउन होने की वजह से प्रदेश सरकार छात्रों को एक और मौका दे रही है। फॉर्म अग्रसारित करने की तिथि 20 जनवरी है।
12वीं पास 17 विषयों में ले सकते हैं एडमिशन
स्पेशल-56 में 17 ऐसे कोर्स हैं, जिनके लिए योग्यता इंटर मीडिएट ही चाहिए। यानी वर्तमान में यूजी कर रहे बीएचयू के छात्र 17 कोर्स में एडमिशन के लिए योग्य हैं। वहीं, 30 ऐसे कोर्स हैं, जिनमें एडमिशन के लिए ग्रेजुएट होना जरूरी है। जबकि, पांच कोर्स में अर्हता पीजी चाहिए। छात्र अपनी अपनी क्वालिफिकेशन के हिसाब से एडमिशन ले सकेंगे।
कामिल व फाजिल के विद्यार्थियों की बढ़ीं मुश्किलें
मदरसों में अध्ययन कर रहे कामिल व फाजिल के विद्यार्थियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। वे मदरसों में अध्ययन कर रहे हैं, मगर परीक्षा कहां देंगे, उन्हें पता नहीं हैं। क्योंकि, उच्चतम न्यायालय ने मदरसों से कामिल व फाजिल की डिग्री देने की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। जिले में अभी एक हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। अभी तक उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड मुंशी, मौलवी के साथ आलिम, कामिल और फाजिल की परीक्षा कराता है।
उच्चतम न्यायालय ने मदरसों से कामिल और फाजिल की डिग्री की मान्यता रद्द कर दी है। अब उन्हें ये डिग्री विश्वविद्यालय से लेनी होगी। अभी तक प्रदेश सरकार ने इन दोनों कोर्स को किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध नहीं किया है। मदरसा मदीनतुल उलूम जलालीपुरा में 50 से अधिक कामिल और फाजिल के विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। वह काफी परेशान हैं कि वह परीक्षा दे पाएंगे या नहीं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सिंह प्रताप देव ने बताया कि जिले में करीब 15 मदरसे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सस्ते आटा, चावल और दाल से भरी वैन को दिखाई हरी झंडी
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बीएचयू में सस्ती दरों वाले राशन के मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई। इस वैन में भारत ब्रांड चावल, दाल, आटा और प्याज शामिल है। इसमें बाजार मूल्य से कम रेट पर सामान मिलेंगे।
वैन को रवाना करने से पहले मंत्री बीएल वर्मा ने एलडी गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोगों को 30 रुपये किलो आटा और 34 रुपये किलाे चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। खुदरा बिक्री के लिए 3.69 लाख टन गेहूं और 2.92 लाख टन चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। बताया कि भारत ब्रांड आटा और चावल 5 किलो और 10 किलो के बैगों में बेचे जाएंगे। भारत चना दाल 70 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी।
मूंग की दाल 107 रुपये किलो, मूंग साबूत 93 रुपये किलो और मसूर दाल 89 रुपये किलो के हिसाब से मिलेगा। 700 मीट्रिक चना दाल की बिक्री होगी। वहीं, 4.7 लाख टन प्याज खरीदी गईं हैं। नैफेड और एनसीसीएफ द्वारा पहली बार रेल रेक से प्याज का थोक परिवहन किया जा रहा है। अब तक दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी और गुवाहाटी में रेल द्वारा 8000 मीट्रिक टन प्याज की खेप भेजी गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने 30286 बूथों पर सुनीं पीएम के मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को रविवार को वाराणसी के 30286 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनीं। प्रधानमंत्री ने कानपुर में मॉर्निंग वॉक करने वालों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सफाई अभियान से कुछ लोग ही जुड़े थे। अब उस अभियान में बड़ी तादात में लोग जुड़ गए हैं, मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोग कचरा उठा लेते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एनसीसी दिवस है। मैं स्वयं ही एनसीसी कैडेट रहा हूं। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती इस बार खास तरीके से मनाई जाएगी। इस अवसर पर 11 और 12 जनवरी को भारत मंडपम में युवाओं का महाकुंभ होने जा रहा है।
इसमें करोड़ों युवा भाग लेंगे। मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया है, जिनके परिवार का कोई पॉलिटिकल बैकग्राउंड नहीं है। ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए अभियान चलाए जाएंगे। कहा कि मैं गयाना से लौटा हूं।
गयाना में भी एक मिनी भारत बसता है। लगभग 180 साल पहले गयाना में भारत के लोगों को मजदूरी के लिए ले जाया जाता था, आज भारतीय मूल के लोग हर क्षेत्र में गयाना का नेतृत्व कर रहे हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान पूरे विश्व में फैल रहा है। गयाना में भी मेरे साथ गयाना के राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान में शामिल हुए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम संग मना स्थापना दिवस
दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान का स्थापना दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मनाया गया। इस दौरान संस्था के विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने बताया कि जरूरतमंद बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ ही बच्चियों, महिलाओं को स्वरोजगार के तहत सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन, मेहंदी का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाता है।कार्यक्रम में शशिकांत सिंह, डॉ. अश्वनी टंडन, दिनेश गुप्ता, अमृता सिंह, विजय कपूर, दिलीप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
राज्यमंत्री ने 6 कार्यों का किया शिलान्यास
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने 155.4 लाख की लागत से छह निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें जिला नगरीय विकास अभिकरण द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत होने वाले कार्य शामिल है। राज्यमंत्री ने कहा कि कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्माण कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
नारायणपुर वार्ड में 6.08 लाख से, प्रताप नगर काॅलोनी में 19.76 लाख से, तरना वार्ड में 41.55 लाख से, शिवपुर वार्ड में 5.27 लाख से इंटरलाकिंग कार्य होंगे। वहीं, इंद्रपुर खोरी में 15.29 लाख से और सिकरौल वार्ड में 67.19 लाख से सड़क बनेगी।
फिल्म मेकिंग-सिनेमेटिक लैंग्वेज की दी ट्रेनिंग
काशी-प्रयाग चित्र साधना, बनारस यूथ थियेटर आैर रंग प्रयोग नाट्य संस्थानम के सहयोग से विश्व संवाद केंद्र लंका में फिल्म मेकिंग और सिनेमेटिक लैंग्वेज पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय सिनेमा व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की दिशा को बढ़ावा देगा। फिल्म संचार का महत्वपूर्व साधन है।
इसे किस दृष्टि से बनाया जा रहा है ये भी महत्वपूर्ण है। वक्ताओं ने प्रश्न उठाए कि क्या सिनेमा से समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में हमने कुछ योगदान दिया है? फिल्म अभिनय के बारे में अमित श्रीवास्तव और फिल्म मेकिंग व सिनेमेटिक लैंग्वेज के बारे में रजनीश कुमार मिश्र ने बताया। संचालन उत्कर्ष उपेंद्र सहस्रबुद्धे ने किया।
मां विंध्यवासिनी की धरती ही मेरी गुरु है : उर्मिला
मिर्जापुर की लोकगीत गायिका उर्मिला श्रीवास्तव ने बताया कि उनको बचपन से गाने का जुनून था। वह 50 दशक में 14 साल की उम्र में उस समय रेडियो की ग्रेडेड कलाकार बनीं जब घर और समाज में गाने-बजान की इजाजत नहीं थीं। वह रविवार को काशी कला कस्तूरी की ओर से आयोजित कार्यक्रम सुरों के सफर में डॉ. शबनम से बातचीत कर रही थीं। उर्मिला श्रीवास्तव ने छोटे से शहर मिर्जापुर से लेकर पद्मश्री तक के सफर पर चर्चा की।
बताया कि वह 9वीं में पढ़ती थीं तो अपने आप ही आकाशवाणी इलाहाबाद के नाम एक चिट्ठी लिखी और कहा कि मैं गाना चाहती हूं। मां बाप बचपन में ही गुजर गए थे। दादी- दादा ने पाला लेकिन उनकी इजाजत नहीं थी कि वह गा सकें। लोक संगीत में उनका गुरु कौन है इस सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि मां विंध्यवासिनी की धरती ही मेरी गुरु है।
प्रेमचंद के आखिरी हीला ने दिया अन्याय से लड़ने का संदेश
प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट की ओर से प्रेमचंद स्मारक स्थल लमही में सुनो मैं प्रेमचंद के कहानी पाठ की 1378वीं शृंखला के तहत रविवार को उनकी कहानी आखिरी हीला का पाठ अंजना भारती ने किया। ट्रस्ट के संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद और निदेशक राजीव गोंड के नेतृत्व में पाठ हुआ।
प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि प्रेमचंद की यह कहानी एक महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर केंद्रित है, जो समाज में फैली गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय की समस्या को उजागर करती है और अन्याय से लड़ने का संदेश देती है। स्वागत मनोज विश्वकर्मा, संचालन आयुषी दूबे व धन्यवाद डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर आंचल रानी, रेनू वर्मा, डॉ. आशीष, रोहित गुप्ता, अमन सिंह, राहुल यादव आदि रहे।
लक्ष्मीकांत ने पहली बार करेंसी पर किए थे हिंदी में हस्ताक्षर
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अत्रि भारद्वाज ने कहा कि हिंदी के उन्नायक पं. लक्ष्मीकांत झा के दिल में हिंदी भाषा के लिए अपार प्रेम था। इसी का परिणाम था कि उन्होंने दो अक्तूबर 1969 को महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी पर भारतीय रुपये नोट पर पहली बार हिंदी में हस्ताक्षर किए।
भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर पं. लक्ष्मीकांत झा की स्मृति में भारतेंदु भवन चौखंभा में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में मुख्य अतिथि सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री सुरेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और कैंब्रिज विवि जैसे पाश्चात्य शैली के विश्वविद्यालय में पढ़ने के बाद भी हिंदी के प्रति उनका लगाव काबिलेतारीफ था। वह जब अमेरिका में भारत के राजदूत थे तब भी वो दूतावास में अपने अधीनस्थों से हिंदी में ही बात करते थे।
थियोसॉफिकल सोसाइटी कमच्छा के पूर्व प्रधानाचार्य साहित्यकार डाॅ. महेंद्र तिवारी अलंकार, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह, महामंत्री सुरेंद्रनाथ पांडेय और भारतेंदु हरिश्चंद्र के वंशज दीपेशचंद चौधरी को हिंदी रत्न सम्मान से नवाजा गया। संचालन गौतम कुमार और धन्यवाद निरसन झा ने किया।
निर्मल मन जन सो मोहि पावा...
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के चौथे दिन भक्तों को गोपाल के चरित्र के दर्शन हुए। राधाकृपा परिवार की ओर से दुर्गाकुंड स्थित श्रीहनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में चल रहे महोत्सव में प्रभु की लीलाओं की मनोहारी प्रस्तुति हुई। रासाचार्य स्वामी फतेहकृष्ण शर्मा (रसराज) के निर्देशन में लीला हुई। गोपाल भगत के चरित्र का वर्णन गोस्वामी तुलसीदास ने चौपाई निर्मल मन जन सो मोहि पावा, मोहि कपट छल छिद्र न भावा... में किया है। आरती में नीता गुप्ता, अखिलेश खेमका, उमेश अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, कृष्ण शरण अग्रवाल, अमर रस्तोगी शामिल रहे।
सनबीम एकेडमी में आज आएंगे एहसान नूरानी
सनबीम एकेडमी विद्यालय समूह के नॉलेज पार्क में सुप्रसिद्ध संगीत निर्देशक एहसान नूरानी का आगमन 25 नवंबर को होगा। संगीत निर्देशक शंकर, एहसान और लॉय टीम के सदस्य एहसान विद्यालय प्रांगण में जन समूह के सामने गायन और गिटार वादन प्रस्तुत करेंगे। लर्न फ्राॅम द लीजेंड कार्यक्रम के तहत एहसान नूरानी विद्यार्थियों को संगीत के महत्व और कॅरिअर संबंधी जिज्ञासा का समाधान करेंगे। साथ ही विद्यालय में उपस्थित विश्वस्तरीय सुविधाओं का अवलोकन भी करेंगे। ये जानकारी विद्यालय समूह के सचिव जगदीप मधोक, निर्देशिका पूनम मधोक, सीईओ रोहन मधोक, सीओओ सलोनी मधोक एवं उपनिदेशक डॉ. केके पंडा ने रविवार को दी।
ट्रूसो ज्वेलर्स पर एक्सक्लूसिव वेडिंग कलेक्शन पेश
ट्रूसो बाय कन्हैया लाल सर्राफ ज्वेलर्स पर लग्न के अवसर पर मंगल परिणय एक्सक्लूसिव वेडिंग कलेक्शन पेश किया गया है। प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता अभय अग्रवाल ने बताया कि यह कलेक्शन ट्रूसो के गोदौलिया चौराहा व सिगरा शहीद उद्यान स्थित शोरूमों पर उपलब्ध है। इसमें गोल्ड, डायमंड, ब्राइडल, एंटीक ज्वेलरी व रत्न की नई रेंज दी जा रही है। इसके साथ ही यहां न्यूनतम मेकिंग चार्ज, पुराने गहनों पर शत प्रतिशत एक्सचेंज मूल्य भी ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि वेडिंग सीजन में सोने की खरीदारी का सही समय है।
वेदमंत्रों से किया भगवान सूर्य का स्वागत, अर्पित किया अर्घ्य
वाराणसी। अस्सी घाट पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान सुबह-ए-बनारस के 10 साल रविवार को पूरे हो गए। दीप जलाकर वैदिक मंत्रों पर आधारित प्रातकालीन आरती से सूर्योदय के पूर्व स्तवन का आध्यात्मिक आरंभ हुआ। ऋषि कन्याओं ने विश्व शांति व मानव कल्याण के लिए यज्ञ संपन्न कराया। पुष्पांजलि के बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, ब्रिगेडियर अनिर्बन दत्ता ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। विदुषी संजीवनी पांडेय के नेतृत्व में ऋषि कन्याओं ने यज्ञ कराया। प्रभाती के नियमित सत्र में ख्यातिलब्ध कलाकार डॉ. कमला शंकर ने गिटार पर राग अहीर भैरव में विलंबित तीन ताल में पिरोई हुई रचना से विभोर किया। अंत में पायो जी मैंने राम रतन धन पायो से सभी को आह्लादित किया। तबले पर पं. ललित कुमार ने संगत की। कलाकारों को दुर्गा शंकर मिश्र और मीरा मिश्रा ने सम्मानित किया।
सुबह-ए-बनारस के अध्यक्ष डॉ. राजेश्वर आचार्य ने स्वागत किया। उपाध्यक्ष पं. प्रमोद मिश्रा व सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्रो. मारुति नंदन तिवारी, एयर कोमोडोर कुनाल काला, सीआरपीएफ कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, रमेश तिवारी, रवि मिश्रा, कृष्णमोहन पांडेय मौजूद रहे।
ख्रीस्त राजा पर्व पर निकला कैंडल जुलूस
ख्रीस्त राजा का पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया गया। छावनी स्थित महागिरजा से मसीही समाज ने कैंडल जुलूस निकाला। काशी धर्म प्रांत के बिशप फादर यूजीन जोसेफ ने चर्च में प्रार्थना सभा कराई। मसीहियों ने प्रभु यीशु को अपना राजा मानते हुए अपना पथ प्रदर्शक माना।
शहर के विभिन्न चर्चों की ओर से ख्रीस्त राजा का कैंडल जुलुस निकाला। इस दौरान मसीही उमंग और उल्लास से सराबोर थे। बिशप फॉदर यूजीन जोसेफ के नेतृत्व में यीशु के रूप में बच्चे सजे थे। जुलूस सेंट मेरीज चर्च से नदेसर, मिंट हाउस होते हुए चर्च आकर समाप्त हुआ। इसके बाद प्रार्थना सभा हुई।
प्रार्थना सभा के दौरान फादर यूजीन जोसेफ ने ख्रीस्त को राजाओं का राजा बताया। कहा कि उनका अहिंसक और शांतिपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है। प्रभु यीशु हम सभी के राजा हैं। उनको समर्पित कर हमें अपना जीवन जीना है। मसीही पूजन पद्धति के आखिरी पूजा पर्व को ख्रीस्त राजा का पर्व कहा जाता है। अगले रविवार को प्रभु यीशु के आगमन का पर्व शुरू हो जाएगा।
झारखंड की अपूर्वा को मिलेगा युवा कवि पुरस्कार
झारखंड की अपूर्वा श्रीवास्तव को रविशंकर उपाध्याय स्मृति युवा कविता पुरस्कार दिया जाएगा। अपूर्वा हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर की छात्रा हैं। स्मृति संस्थान के अध्यक्ष प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल और सचिव डॉ. वंशीधर उपाध्याय ने बताया कि अपूर्वा की कविताएं समय-समय पर हिंदी की महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं।
उनकी काव्य रुचि और रचनात्मकता को ध्यान में रखते हुए इस समिति के निर्णायक मंडल ने उन्हें इस वर्ष के पुरस्कार के लिए चुना है। ये पुरस्कार हिंदी के शोध छात्र व प्रतिभाशाली युवा कवि डॉ. रविशंकर उपाध्याय की स्मृति में दिया जाता है। 19 मई 2014 को 30 वर्ष की अवस्था में रविशंकर ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया था।
संगठन के उद्देश्यों के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान
उदय प्रताप कॉलेज में प्राचीन छात्र परिषद की बैठक में परिषद के गठन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि चिकित्सक डाॅ. एसजे सिंह ने सदस्यों को साथ लेकर चलने की बात पर जोर दिया। कहा कि जब भी कुछ करने की पहल की जाए, उसमें मैं नहीं बल्कि हम की बात होनी चाहिए।
डॉ. विनय कुमार सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन पढ़ा और डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। छात्र परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विंध्याचल सिंह ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह ने राजर्षि के सनातन प्रेम और मूल्यों को जीवन में अपनाने की बात कही। कार्यक्रम में क्षत्रिय मित्र पत्रिका का लोकार्पण किया गया। इस दौरान डॉ. प्रभु नारायण सिंह, मेजर गिरधर सिंह, चिंतामणि सिंह के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।
अध्यक्षता डॉ. राम सुधार सिंह ने की। संचालन अमरनाथ सिंह और धन्यवाद ज्ञापन भानु प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान आनंद विजय सिंह, राम ललित सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
अधिवेशन में हुआ पदाधिकारियों का चयन
वाराणसी। भारतीय डाक कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक मंडलीय अधिवेशन रविवार को सारनाथ के एक होटल में हुआ। इस दौरान मंडलीय अध्यक्ष पद पर जगदीश चंद्र सडेजा, सहायक मंडलीय अध्यक्ष विकास राय, मंडलीय सचिव सदानंद, सहायक मंडलीय सचिव अभिषेक पांडेय, मंडलीय कोषाध्यक्ष राकेश चंद किरण और संगठन मंत्री के पद पर कुलभूषण तिवारी चुने गए।
अन्य सदस्यों में सन्नी गुप्ता, प्रदीप यादव, हरिशंकर यादव, मनीष पाण्डेय, नीतीश पांडेय, विमल किशोर, राकेश कुमार, अतुल मौर्या व पंकज कुमार चुने गए। मुख्य अतिथि संघ के राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी अनंत कुमार पाल, विशिष्ट अतिथि नंद कुमार पाल रहे।
चार हजार बच्चों को नहीं लगा खसरे का टीका
स्वास्थ्य विभाग की ओर से करवाए गए सर्वे में जिले में नौ माह से पांच साल के चार हजार ऐसे बच्चे मिले हैं, जिन्हें एमआर का एक भी डोज नहीं लगा है। इन्हें सोमवार से विशेष कैंप लगाकर टीका लगाया जाएगा। 25 नवंबर यानी सोमवार से छह दिसंबर तक चिह्नित जगहों पर कैंप लगाकर निशुल्क टीके लगाए जाएंगे।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एके मौर्या ने बताया कि ठंड के मौसम में विशेषकर दिसंबर और जनवरी में खसरा बढ़ने की आशंका अधिक रहती है। इस वजह से अभियान चलाकर बच्चों को टीके की दोनों डोज लगवाई जा रही है। कैचअप राउंड के तहत 25 नवंबर से छह दिसंबर तक टीका लगाया जाएगा।
सीवर ओवरफ्लो, श्रद्धालुओं को दिक्कत
मणिकर्णिका घाट के ऊपर सीवर ओवरफ्लो एक बार फिर आने-जाने वाले भक्तों की परेशानी बढ़ा रहा है। इसके पास ही रत्नेश्वर महादेव मंदिर भी है। घाट के ऊपर सीवर समस्या से बाहर के श्रद्धालुओं को दिक्कत हो रही है। आए दिन कोई न कोई चैंबर ओवरफ्लो करता है। पिछले दिनों देव दीपावली के समय व्यवस्था दुरुस्त कराई गई थी। अब फिर से समस्या होने से दिक्कत बढ़ गई है। क्षेत्र के राकेश अवस्थी ने कहा कि जलकल के अधिकारियों से यहां की समस्या के बारे में कहा गया है। उधर जलकल सचिव ओपी सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को भेजकर समस्या दूर कराई जा रही है।
प्रभु राम के समर्पित भक्तों में हनुमान अग्रणी
रामकृष्ण अद्वैत आश्रम के अध्यक्ष स्वामी विश्वात्मानंद ने कहा कि श्री हनुमान जी की संतुष्टि के लिए प्रणीत श्रीहनुमान चालीसा के प्रारंभ में उनकी आचार्या श्रीसीताजी का स्मरण अत्यंत उपयोगी है। यही श्रीगुरु शब्द का अभिप्राय प्रतीत होता है। हनुमानजी श्रीराम के समर्पित भक्तों में सबसे अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के अलावा वे अपना किंचित भी अस्तित्व मानने को तैयार नहीं हैं। यथा ता पर मैं रघुबीर दोहाई। जानउं नहिं कछु भजन उपाई... इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर तुलसीदास जी ने अभिधावृत्ति से श्रीराम के यश का वर्णन कर हनुमान चालीसा से मारुति को प्रसन्न किया। संध्या आरती के पश्चात भक्तों को प्रसाद दिया गया।
मतदान से पाप-पुण्य के विचार को महाराष्ट्र की जनता ने समझा
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि महाराष्ट्र की गोभक्त हिंदू जनता ने मतदान से होने वाले पाप-पुण्य की बात को समझा और भाजपा-महायुति गठबंधन को भारी मतों से विजयी बनाया।
केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में प्रेसवार्ता के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि हमारी अपील का महाराष्ट्र के हिंदुओं ने सम्मान किया। प्रसन्नता है कि राजनीति को धर्म से ऊपर समझे जाने वाले इस युग में भी महाराष्ट्र की जनता ने हमारी अपील को माना और गोभक्त एकनाथ शिंदे को भारी मतों से विजयी बनाया। महाराष्ट्र की जनता ने समझा कि गोहत्या को बंद कर देने से प्रदेश में समृद्धि आ सकती है।
इस बात को हर हिंदू को भी समझने की आवश्यकता है। यह गोमाता का ही प्रत्यक्ष आशीर्वाद है कि शिवसेना को इस बार हर बार से अधिक मत और प्रतिनिधि प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि यह महायुति में सम्मिलित राजनीतिक दलों का पारस्परिक मामला है, लेकिन फिर भी एक तटस्थ दर्शक होने के नाते हमारी कामना है कि एकनाथ संभाजी राव शिंदे को ही मुख्यमंत्री के रूप में निरंतर रखा जाना चाहिए।
200 मिर्गी रोगियों को दी आयुर्वेदिक दवा
पड़ाव स्थित अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् में रविवार को वृहद निशुल्क मिर्गी रोग चिकित्सा शिविर लगाया गया। आश्रम के वैद्य रंजीत कुमार ने 200 मिर्गी रोगियों को सूर्योदय से पूर्व (व्यस्कों को) और सूर्योदय के साथ बच्चों को दवा दी। अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के प्रमुख वैद्य बैकुंठ नाथ पांडेय ने भी मरीजों को आयुर्वेदिक दवा संबंधी सुझाव दिया।
गेहूं की बोआई प्रभावित
नहर में पानी नहीं आने से गेहूं की प्रभावित है। 20 से अधिक ग्राम पंचायत से होकर गुजरने वाली नहर सूखी पड़ी है। किसान गेहूं की बोआई के लिए खेतों की सिंचाई करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। चोलापुर के शारदा सहायक नहर दानगंज, चोलापुर माइनर दोनों में पानी नहीं है। लघु डाल लिफ्ट कैनाल नियारडीह बंद पड़ा है। उधर, बाबतपुर के धोरामपुर में भी नहर में पानी नहीं आया है। चोलापुर के बीज गोदाम दानगंज में गेहूं के बीज पिछले एक सप्ताह से नहीं है।
यूनियन के संगठनों में सेंधमारी, पुराने नेताओं ने डाला डेरा
भारतीय रेलवे में ट्रेड यूनियनों की मान्यता के लिए चुनाव में सिर्फ 10 दिन शेष बचे हैं। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल और उत्तर रेलवे कैंट स्टेशन पर चुनाव की सरगर्मी चरम पर है। ऑल इंडिया रेलवे स्तर तक के नेताओं ने डेरा डाल दिया है। संगठनों में सेंधमारी भी शुरू हो गई है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से लेकर कोचिंग डिपो और स्टेशनों, ट्रेनों तक में सिर्फ चुनावी बयार है।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में साढ़े 12 हजार मतदाता और उत्तर रेलवे वाराणसी कैंट में ढाई हजार मतदाता हैं। तीन दिन तक मतदान होना है। चार और पांच दिसंबर को कार्यालय समेत अन्य विभागों के रेल कर्मी ओपन वोटिंग करेंगे और छह दिसंबर को सिर्फ रनिंग कर्मचारी मतदान करेंगे। रेल अधिकारियों ने बताया कि 4, 5 और 6 दिसंबर को मतदान होगा। 10 दिसंबर को गड़बड़ी मिलने पर दोबारा मतदान कराया जा सकता है। 12 दिसंबर को मतों की गिनती होगी और इसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
ये यूनियन हैं चुनावी मैदान में
पूर्वोत्तर रेलवे जोन में एनई रेलवे मेंस कांग्रेस, एनई रेलवे मजदूर यूनियन, पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ, पूर्वोत्तर रेलवे कार्मिक यूनियन, स्वतंत्र रेल बहुजन कर्मचारी यूनियन और आल इंडिया ट्रैक मैंटेनर यूनियन चुनावी मैदान में है। वहीं, ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मैंटेनर यूनियन, नॉर्दन रेलवे इम्प्लाइज यूनियन, नार्दन रेलवे मेंस यूनियन, स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन और उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन, उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन चुनावी मैदान में है।
पीएम मोदी की अगवानी के लिए वाराणसी से गया निषादराज क्रूज
प्रयागराज। महाकुंभ के कार्याें का लोकार्पण करने 13 दिसंबर को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी के लिए निषादराज क्रूज वाराणसी से प्रयागराज के लिए निकल चुका है। क्रूज वाराणसी-प्रयागराज के बीच स्थित सीतामढ़ी तक पहुंच गया है।
भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने इसे प्रयागराज रवाना कर दिया है। साथ ही इसके इंतजाम के लिए लगी टीम को तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिया है। अत्याधुनिक सुविधाओं वाले लग्जरी क्रूज को रिसीव करने के लिए कस्तूरबा समेत दो वीआईपी वाहन नैनी पुल के पीछे तैनात कर दिए गए हैं। मेला प्राधिकरण के साथ वाराणसी प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। प्रधानमंत्री शृंग्वेरपुर धाम में भगवान राम और निषादराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
अंधरापुल में दो घंटे गुल रहेगी बिजली
जिले में सड़क चौड़ीकरण के तहत पेड़ों की कटाई से संबंधित कार्य करवाने की वजह से सोमवार को बिजली उपकेंद्र अंधरापुल से जुड़ी काॅलोनियों में आपूर्ति बाधित रहेगी। नगरीय विद्युत निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसमें बताया गया है कि 33केवी अंधरापुल उपकेंद्र से 11केवी अशोकनगर, पहड़िया, रमरेपुर, प्रेमचंद फीडर से जुड़ी काॅलोनियों में दोपहर 12 से 2 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
अगले सप्ताह से कोहरे के आसार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से मौसम तेजी से बदला है। तीन दिन से हवा में नमी बनी हुई है। यहीं कारण है कि रात में ठंड बढ़ गई हैं। रविवार को पिछले दो दिन की तुलना में दिन में धूप थोड़ी असरदार रही। इस वजह से अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि अगले सप्ताह से कोहरे के आसार हैं।
किशोरी की ट्रेन से कटकर मौत
कादीपुर रेलवे स्टेशन से 100 मीटर की दूरी पर सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छितमपुर गांव निवासी दीक्षा (13) सुबह 10 बजे ट्रैक पार कर रही थी, उसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गई।
हेलिकॉप्टर की बुकिंग में लगी 76 हजार की चपत
केदारनाथ में दर्शन-पूजन के लिए हेलिकॉप्टर की ऑनलाइन बुकिंग कराना शिवजी नगर कॉलोनी, कंदवा निवासी अविनाश सिंह को महंगा पड़ा। जालसाजों ने उन्हें 76,600 रुपये की चपत लगा दी। अविनाश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हिमालयन हेली सर्विस कंपनी के अकाउंट में पैसा भेजा था। बाद में उन्हें पता लगा कि उन्होंने साइबर जालसाजों के चंगुल में आकर गलत खाते में पैसा ट्रांसफर किया था।