एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : रंगदारी के आरोप में 10 लोगों पर केस, डिप्टी सीएम के आदेश की अनदेखी
Varanasi News : वाराणसी में जमीन बिक्री कराने वाली एक फर्म से पांच लाख की रंगदारी मांगी जा रही है। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, दीनदयाल अस्पताल में बीते तीन दिन पहले हुई पार्टी में डांस कर रहे कर्मचारी मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि इस मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जांच का आदेश दिया था। आए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
जमीन खरीद बिक्री और निर्माण कार्य कराने वाली एक फर्म के नंबर पर कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। प्रकरण को लेकर मिर्जापुर जिले के कुसहा की रहने वाली प्रॉपर्टी डीलर विनस सिंह की तहरीर पर कुंडरिया निवासी गोविंद उर्फ कुंडल और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रॉपर्टी डीलर विनस सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका ऑफिस और आवास औढ़े में है। उनकी फर्म से पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग गोविंद उर्फ कुंडल फोन करके कर रहा है।
दुष्कर्म कर वीडियो बनाने का आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाने की पुलिस ने रसुलहा गांव निवासी अभिषेक गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि अभिषेक गुप्ता के खिलाफ महिला से दुष्कर्म कर वीडियो बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज था।
एक युवक गिरफ्तार, किशोर पकड़ा गया
चौदह वर्षीय किशोरी को उसके घर से बाहर बुलाकर कार में जबरन बैठा कर ले जाने और पुलिस को देख उसे छोड़कर भाग जाने के मामले में शिवपुर थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बेलवरिया निवासी विशाल यादव के रूप में हुई है। आरोपी के साथ उसका 16 वर्षीय एक दोस्त भी पकड़ा गया है। घटना गत सात नवंबर की है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया, गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में सिगरा थाने की पुलिस ने हबीबपुरा निवासी रोहित गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पीड़िता से उसकी दोस्ती थी। उसने पीड़िता को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। बाद में शादी करने से मुकर गया।
चोरी की एक स्कूटी के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा के टॉवर-सी के बी-एक पार्किंग से स्कूटी चुराने के आरोप में एक आरोपी को सिगरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के सरौनी पूरापट्टी निवासी अंकित गिरि के रूप में हुई है।
दहेज उत्पीड़न में पति समेत आठ के खिलाफ केस
विवाहिता ने पति समेत आठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। कांशीराम आवास निवासी पत्नी का आरोप है कि प्रताप नगर (सूरत) निवासी पति और अन्य सदस्य सभी दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं।
पालतू कुत्ते ने दीया बुझाया, मारपीट, छह पर केस
राजेंद्र विहार कॉलोनी स्थित वंश अपार्टमेंट में पालतू कुत्ते ने दीया बुझा दिया तो एक पक्ष ने एक युवती को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले को लेकर डॉ. आरपी सिंह की तहरीर पर चितईपुर थाने में सुमित सिंह व उसकी मां, सुनीता सिंह, निधि और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डॉ. आरपी सिंह ने पुलिस को बताया उनकी पुत्री श्रेया सिंह के पालतू कुत्ते ने उनके फ्लैट के सामने जल रहे दीपक को बुझा दिया था।
शव दफनाने आए लोगों का विरोध
शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया में आवंटित थाने की जमीन पर शव दफनाने के लिए गड्ढा खोदने आए मजदूरों का स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए गड्ढ़ा रोकवा दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने शव दफनाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई। बोले कि नई परंपरा नहीं शुरू होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व यह जमीन थाने के लिए आवंटित थी। इसके बाद सभी गणेशपुर स्थित कब्रिस्तान गए।
वीडीए टीम ने चार बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की टीम ने शनिवार को जोन पांच में चार बीघा अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि रामनगर क्षेत्र के अलीनगर के खजूरगांव में अज्ञात लोगों की चार बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाॅटिंग को ध्वस्त कर दिया।
रेगुलेटर से गैस रिसाव के चलते लगी आग
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव की राजभर बस्ती में शनिवार की शाम एक मकान में आग लग गई। शंकर राजभर के यहां रेगुलेटर से गैस रिसाव के चलते आग लगी। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। गोसाईपुर गांव के समीप वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक के पीछे बैठा उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। तमाचाबाद स्थित गुड़िया निवासी मनोज कुमार शनिवार को कछवा रोड बाजार निकले हुए थे। जमुनीपुर गांव का रहने वाला अवनीश कुमार वर्मा उर्फ अमरजीत (42) अपने दोस्त गरथमा निवासी सुनील प्रजापति के साथ बाइक से चोलापुर से वाराणसी की तरफ जा रहा था।
गोसाईपुर पेट्रोल पंप के सामने कार से टक्कर हो गई। टक्कर से अवनीश और सुनील घायल हो गए। बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में अवनीश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, मिर्जामुराद क्षेत्र में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मिर्जामुराद थाना के चौकीदार मनोज कुमार सरोज (55) की मौत हो गई।
बस और ट्रक में टक्कर, चालक घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के कैथौली मोड़ पर अपराह्न रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन के चालक घायल हो गए। वहीं, रोडवेज बस में सवार छह यात्रियों को हल्की चोट खरोचें आईं। घायलों को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। इस घटना से कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम भी लगा। रोडवेज बस यात्रियों को लेकर सुल्तानपुर जा रही थी।
उपमुख्यमंत्री के आदेश के बीते तीन दिन, नहीं शुरू हो सकी जांच
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में प्रमोशन पार्टी में स्टाफ, नर्स और कर्मचारियों के ठुमके लगाए जाने के मामले में उपमुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के आदेश देने के तीन दिन बाद भी जांच नहीं शुरू हो पाई।
मामले में 14 नवंबर को ब्रजेश पाठक ने सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने को कहा था। आदेश के तीसरे दिन भी कुछ नहीं हो सका। इधर जांच कमेटी के अध्यक्ष मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ.एसपी सिंह ने अपनी जगह वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.सत्येन राय को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच करने की जिम्मेदारी दी।
जिला अस्पताल में चार स्टाफ नर्सों के प्रमोशन की खुशी में हुई पार्टी में ड्यूटी वाले ड्रेस में स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों के हिंदी, फिल्मी गीतों पर ठुमके लगाने का वीडियो वायरल होने का संज्ञान लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की थी। सीएमओ को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट भी मांगी थी। इधर सीएमओ ने 14 नवंबर को ही चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया।
इसमें सीएमओ ने जांच कर 18 नवंबर तक रिपोर्ट मांगी। रविवार यानी 17 नवंबर को अस्पताल भी बंद रहेंगे। ऐसे में रिपोर्ट देना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालांकि सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के अनुरुप एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
130 लोगों को पोषण पोटली दी गई
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर निक्षय दिवस मनाया गया। इस दौरान 130 लोगों को पोषण पोटली बांटकर जागरूक किया गया। सीएचसी दुर्गाकुंड में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने पोटली दी।
बस और ट्रक में टक्कर, चालक घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के कैथौली मोड़ पर रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन के चालक घायल हो गए। वहीं, रोडवेज बस में सवार छह यात्रियों को हल्की चोट खरोचें आईं। घायलों को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। इस घटना से कुछ देर के लिए मार्ग पर जाम भी लगा। रोडवेज बस यात्रियों को लेकर सुल्तानपुर जा रही थी।
तरना में उदय अपार्टमेंट में चोरी
तरना चौकी क्षेत्र में उदय अपार्टमेंट के दूसरे तल पर दिनदहाड़े साढ़े 16 लाख की चोरी हो गई। इसमें चोर डेढ़ लाख रुपये सहित 15 लाख रुपये के आभूषण ले गए। बेटी के साथ रहने वाली शोभा सिंह के घर में तब चोरी हुई जब वो बहन की लड़के की शादी में लखनऊ गईं थी। ताला टूटा देखने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। फुटेज के मुताबिक चोरी शुक्रवार की सुबह 11:30 बजे हुई थी।
उमाशंकर अग्रवाल का निधन
काशी अग्रवाल समाज के पूर्व उपसभापति, रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के पूर्व अधक्ष उमाशंकर अग्रवाल का शनिवार को लखनऊ में एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। शाम को पांच बजे हरिश्चंद्र घाट पर दाह संस्कार होगा। वह एक वाहन कंपनी की एजेंसी के मालिक थे। सामाजिक संगठनों के जरिए सेवा कार्य के साथ इस्कान मंदिर ट्रस्ट से भी जुड़े थे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में की तालाबंदी
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर दूसरे दिन भी धरना दिया। इससे पहले शिक्षकों ने पूर्व में की घोषणा के अनुसार दोपहर 1 बजे संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में तालाबंदी कर नारेबाजी की। संयुक्त शिक्षा निदेशक राम शरण सिंह की बात से भी शिक्षक असंतुष्ट नजर आए। जेडी ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को तदर्थ शिक्षकों के संबंध में एक आदेश निकाला।
ट्रंप की जीत के बाद क्रिप्टो करेंसी में उछाल
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद जिस तरह से क्रिप्टो करेंसी को लेकर उत्साह दिख रहा है, भारतीयों को इससे सतर्क रहने की जरूरत है। भारत मे क्रिप्टो को रिजर्व बैंक द्वारा कोई मान्यता प्राप्त नहीं है। न ही निकट भविष्य में इसकी कोई संभावना दिखाई पड़ती। ऐसे में ट्रंप के बयान के बाद भारतीयों का क्रिप्टो में निवेश काफी जोखिम भरा हो सकता है।
ये बातें बीएचयू से संबद्ध डीएवी पीजी कॉलेज के वरिष्ठ आर्थिक पत्रकार शिशिर सिन्हा ने कहीं। वे शनिवार को डीएवी के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित क्रिप्टो करेंसी के लिए ट्रंप की दहाड़ विषय पर छात्रों को संबोधित कर रहे थे।
इंटरव्यू में सबको मौका देने पर नहीं बनी बात
पीएचडी एडमिशन में गतिरोध को लेकर बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय के अधिकारियों और छात्र संगठनों के बीच बैठक हुई। छात्र संघर्ष कमेटी और एबीवीपी के साथ सेंट्रल ऑफिस में चली बैठक में बताया गया कि दिक्कतों पर विचार किया जाएगा। छात्रों की प्रमुख मांग थी कि जितने भी अभ्यर्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं, उन्हें इंटरव्यू के लिए कॉल किया जाए।
इस बार के नियम के अनुसार नॉन-जेआरएफ केवल पांच ही अभ्यर्थी को ही बुलाने का नियम है। परीक्षा नियंता कार्यालय के अनुसार, इंटरव्यू में सभी को बुलाना संभव नहीं है। इसमें काफी समय लग जाएगा। छात्रों का कहना है कि अभी इस मसले पर सहमति नहीं बन सकी है।
दिव्यांगों और बुजुर्गों को दिए जाएंगे सहायक उपकरण
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर के सहयोग से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण दिए जाएंगे। 18 से 29 नवंबर तक तिथिवार ब्लाॅकों और नगरीय क्षेत्र में परीक्षण शिविर लगेगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे से शिविर शुरू होगा।
आवश्यकतानुसार व्हीलचेयर, बैसाखी, दृष्टि बाधित स्मार्ट केन, छड़ी एवं किट, कुष्ठ रोगी के लिए किट, श्रवण यंत्र आदि दिए जाएंगे। 18 नवंबर को आराजीलाइन ब्लाॅक, 19 को बड़ागांव, 20 को चिरईगांव में कार्यक्रम होगा।
बनारस पुस्तक मेले में सिखाए स्वरोजगार के गुर
कुशवाहा भवन में चल रहे बनारस पुस्तक मेले के छठवें दिन लघु व्यवसाय पर चर्चा हुई। इसमें बताया कि कम पैसे में स्वरोजगार कैसे करें। जिला उद्योग केंद्र सहायक प्रबंधक संजय कुमार ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में समझाया। लोगों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए सुझाव दिया कि किसी काम को छोटा ना समझें। लोन तभी लें जब आप सशक्त हों।
हाय जनाबे सैयदा की गूंजीं सदाएं 28 अंजुमनों ने मनाया गम
हसन हुसैन की मां बीबी फातिमा की शहादत की 1435वीं बरसी पर शिया समुदाय ने नौहा और मातम के साथ गम मनाया। शनिवार को शिया बाहुल्य इलाकों में मजलिस हुई और सदाएं गूंजती रहीं। शिया मुसलमानों ने सऊदी अरब की सरकार से बीबी फातिमा का रौजा जल्द से जल्द बनवाने की मांग की।
जव्वादीय अरबी कॉलेज प्रहलाद घाट में मौलाना नदीम असगर के संयोजन में मजलिस हुई। कॉलेज के छात्रों ने बीबी फातिमा की शान में कलाम पेश किए और नौहा मातम किया। ख्वातिन की मजलिस में भी बीबी फातिमा को खिराज ए अकीदत पेश किया गया। शिया बाहुल्य इलाकों में देर रात तक मजलिसें होती रहीं। शिवपुर, अर्दली बाजार, नक्खीघाट, दोषीपुरा, पठानीतोला, मुकीमगंज, रामनगर, बजरडीहा, भेलूपुरा, मदनपुरा, दालमंडी शहर की 28 अंजुमनों ने अपने-अपने अंदाज से मजलिस, नौहा और मातम कर गम मनाया।
शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि 1435 साल पहले जालिमों ने बीबी फातमा का घर जलाया। उनके ऊपर जलता हुआ दरवाजा गिराया। जिससे उनकी शहादत हुई। उनकी कब्र पर आज भी साया नहीं है। सारी दुनिया के मुसलमान सऊदी सरकार से मांग करते हैं कि मदीने में बीबी का रौजा बनाया जाए। बनारस में बीबी फातिमा का रौजा सदर इमामबाड़ा लाट सरैया और दरगाह ए फातमान लल्लापुरा में है। जो अकीदत और आस्था का केंद्र है।
प्रकाश पर्व पर 40 दिन तक निकलेगी प्रभात फेरी
गुरु गोविंद सिंह का 358वां प्रकाश पर्व छह जनवरी को मनाया जाएगा। 40 दिवसीय प्रभात फेरियां 27 नवंबर से शुरू होंगी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार गुरु का प्रकाश पर्व नीचीबाग गुरुद्वारे में मनाया जाएगा। विभिन्न मोहल्लों से प्रभात फेरियां गुरुद्वारे पहुंचेगी। यह सिलसिला पांच जनवरी तक चलेगा। इस दौरान सबद कीर्तन व अखंड पाठ साहिब की लड़ी चलाई जाएगी।
10 नव कलांकुर जानेंगे रंगमंच की बारीकियां
समूहन कला संस्थान की ओर से रवींद्रपुरी स्थित गोपी राधा इंटर कॉलेज के पास 15 दिवसीय नाट्य कार्यशाला शुरू हुई। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के वाराणसी केंद्र के निदेशक प्रवीण कुमार गुंजन और संस्थान के निदेशक राजकुमार शाह ने दीप प्रज्ज्वलन किया। प्रशिक्षण के लिए 25 आवेदनों में से 10 का चयन किया गया। रंगमंच के विभिन्न पहलुओं के अलावा सभी को गायन, नृत्य का अभ्यास प्रशिक्षण के दौरान कराया जाएगा।
बाल दिवस पर बच्चों ने दिखाई चित्रकारी
बाल दिवस के उपलक्ष्य में सिगरा के सेंट पॉल चर्च में चित्रकारी प्रतियोगिता हुई। इसमें 15 वर्ष तक के बच्चों ने भाग लिया। शुभारंभ रोज पॉल ने प्रार्थना कर किया। चर्च के पादरी सैम जोशुआ सिंह ने विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। सुषमा लाल, मोरिन एलियट, नेहा जेवियर, अमिता रिचा सरकार आदि का सहयोग रहा।
प्राकृतिक उत्पाद अपनाकर बनें रोगमुक्त
श्री अग्रसेन युवा मंच ने प्राकृतिक उत्पादों के प्रयोग करने की पहल की है। नाटी इमली में बैठक आयोजित की गई। प्रगतिशील किसान चंद्रशेखर सिंह और श्री कृष्ण गोशाला आजमगढ़ के प्रबंधक राकेश पांडेय ने लोगों को प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने और उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केमिकल के प्रयोग से स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
बाल कलाकारों ने अहिल्याबाई की वीरगाथा से कराया रूबरू
बाल नाट्य महोत्सव के अंतिम दिन नागरी नाटक मंडली में दो नाटक ‘अहिल्याबाई’ और ‘मुंहनोचवा’ का मंचन हुआ। 50 बाल कलाकारों ने अनोखे अभिनय से सभी को मुग्धकर वाहवाही बटोरी। उमेश भाटिया के निर्देशित और संगत महाविद्यालय चुरापुर के अहिल्याबाई नाटक की प्रस्तुति हुई। बाल कलाकारों ने अहिल्याबाई होल्कर की वीरगाथा को दर्शाते हुए नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया।
प्रमुख पात्रों में रिमझिम, काजल, विवेक कुमार, दीपशिखा, संजना, श्वेता रहे। डीपीएस के विद्यार्थियों ने मुंहनोचवा नाटक की प्रस्तुति दी। सूरज प्रताप सिंह के नाटक के प्रमुख पात्रों में धवल शुक्ला, आघा सिंह, गर्व खेमानी, आरुष गिरि, अनायशा सिंह, विराज जायसवाल, अहाना मिश्रा, आराध्या जसरापुरिया, प्रज्ञान प्रताप शामिल रहे।
डॉल्फिन की रंगोली बनाई
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गंगामित्रों की टीम ने नमोघाट पर 51 फीट की डॉल्फिन की रंगोली बनाई और 1001 दीप जलाकर रंगोली सजाई। गंगामित्रों ने डॉल्फिन रंगोली से गंगा स्वच्छता और डॉल्फिन बचाओ का संदेश दिया। प्रतिभागियों को नमामि गंगे (गंगामित्र) ने सर्टिफिकेट व मेडल शिवांश त्रिपाठी ने दिया।
300 छात्राओं की मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग हुई
बीएचयू के सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक की 300 छात्राओं की मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग हुई। वेलबीइंग सर्विस सेल ने आत्म-प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें छात्राओं की भावनात्मक जागरूकता और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा दिया। उन्हें लॉफ्टर एक्सरसाइज कराते हुए रिलेक्सेशन की तकनीकें भी सिखाईं। काउंसलर्स ने छात्राओं को चुनौतियों से पार पाने के गुर सिखाए।
कक्षा तीन में वीणा, सितार व संतूर पढ़ेंगे बच्चे
परिषदीय विद्यालयों में एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों का कक्षावार उपयोग धीरे-धीरे किया जा रहा है। कक्षा एक और दो में पुस्तकों का उपयोग शुरू हो गया है। कक्षा तीन की पुस्तकों में बदलाव की दिशा में कार्य चल रहा है। हिंदी की पुस्तक वीणा-1, गणित की गणित मेला, पर्यावरण की हमारा अद्भुत संसार, उर्दू की सितार और अंग्रेजी विषय की पुस्तक संतूर नाम से जानी जाएगी।
राज्य शिक्षा संस्थान के प्राचार्य नवल किशोर के निर्देशन में कक्षा तीन की एनसीईआरटी की पुस्तकों का कस्टमाइजेशन कराकर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) को भेज दिया गया है। विषयवार पुस्तकों का नाम एनसीईआरटी के पैटर्न पर रखा गया है। बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा तीन में हिंदी की पंखुड़ी नाम से चलती है।
राणी सती धाम में अन्नकूट शृंगार के दर्शन आज
राजस्थानी समाज की ओर से मंगल महोत्सव के पांचवें दिन प्रभातफेरी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने रास्ते भर फूल बरसाकर और आरती उतारकर प्रभातफेरी का स्वागत किया। राणी सती दादी धाम की ओर निकली प्रभातफेरी के बाद बच्चों ने राजस्थानी परिधानों में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। मैदागिन स्थित गोलघर गोशाला से प्रभातफेरी आरंभ हुई। प्रभात फेरी मंदिर पहुंचने पर सामूहिक दादी चालीस पाठ के बाद बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राणी सती धाम समिति के मंत्री निधिदेव अग्रवाल ने बताया कि युवा पीढ़ी में राजस्थानी समाज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के प्रति रुचि बनाए रखने के लिए प्रति वर्ष तेरह दिवसीय मंगलकलश व ध्वज प्रभात फेरी आयोजित की जाती है। मंदिर स्थापना के 50 साल पूरे होने पर वर्ष 1999 में मंगल कलश व ध्वज प्रभात फेरी की शुरुआत हुई थी। प्रभात फेरी का 25वें रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रतिदिन मंदिर में विशेष कार्यक्रम हो रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय रामरायपुर में स्पोर्ट्स ड्रेस बांटे
आराजीलाइन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रामरायपुर में स्वर्गीय श्याम नारायण पांडेय की 8वीं पुण्यतिथि पर बच्चों को स्पोर्ट्स ड्रेस और आईकार्ड का वितरण किया गया। एसएन पांडेय स्पोटर्स इंस्टीट्यूट ट्रस्ट के संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि संचालक अमित पांडेय के प्रयास से प्राइवेट विद्यालय खेल में ऊंचाइयों को छू रहा है। वह प्राथमिक विद्यालय में काम करवा रहे हैं। ताकि यहां भी बच्चों को खेलकूद की सुविधाएं मिल सके। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव, उपमा पांडेय, संतोष कुमार पांडेय मौजूद रहे।
हेरिटेज हॉस्पिटल के शिविर में 463 मरीजों को परामर्श
भदवर में जीटी रोड के बाईपास स्थित हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के हॉस्पिटल की टीम ने बुधवार को गांव सवास के पंचायत भवन में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में 463 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर परामर्श दिया गया। इस अवसर पर मरीजों को दवाओं का भी निशुल्क वितरण किया गया। मरीजों को भविष्य में हॉस्पिटल में उपचार में छूट के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्ड दिया गया। संस्थान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
वंदे भारत एक्स्प्रेस में मिला बैग यात्री को सौंपा
देवघर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में बुजुर्ग यात्री के गुम हुए बैग को आईआरसीटीसी कर्मचारी ने ढूंढ निकाला। खोया बैग पाते ही बुजुर्ग यात्री का चेहरा खिल गया। आईआरसीटीसी के मुख्य पर्यवेक्षक संजीव गुप्ता ने बताया कि बैग में 50 हजार से अधिक नकदी थी।
कैंट स्टेशन पर भटकती मासूम को परिवार को सौंपा
कैंट स्टेशन पर भटकती दो साल की मासूम बच्ची को आरपीएफ ने परिजनों को सौंपा। बीती रात आरपीएफ पोस्ट में तैनात शिवमुनी सिंह को ड्यूटी के दौरान यात्री हॉल के पास दो साल की बच्ची रोते हुए मिली थी। शिवमुनी ने रोहतास बिहार निवासी पिता दीपू कुमार सोनी को बच्ची को सौंपा।