काशी विश्वनाथ धाम की राह होगी आसान: मैदागिन से सोनारपुरा तक बनेगा नो व्हीकल जोन, चलेंगे 40 गोल्फ कार्ट
काशी विश्वनाथ मंदिर जाने का मार्ग जाम मुक्त बनाने की तैयारी है। मैदागिन से सोनारपुरा तक नो व्हीकल जोन बनेगा। इस रूट पर 40 गोल्फ कार्ट चलाने की तैयारी है।
विस्तार
मैदागिन से सोनारपुरा के बीच रोजाना 2500 से अधिक वाहनों के दबाव और जाम से निजात दिलाने के लिए पूरे इलाके को नो व्हीकल जोन बनाने की तैयारी है। इस क्षेत्र में निजी कार, ऑटो, रिक्शा और ई-रिक्शा की आवाजाही बंद कर केवल ई-गोल्फ कार्ट चलाने की योजना है। इसके लिए नगर निगम ने टोयोटा के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से 40 गोल्फ कार्ट मांगे हैं। टोयोटा के अधिकारियों के साथ इस संबंध में बातचीत भी हो चुकी है।
प्रस्ताव को अमलीजामा पहनाने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। इससे श्री काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ मैदागिन से सोनारपुरा के बीच रहने वाले व्यापारियों को भी लाभ होगा। व्यापारियों के पास बनाए जाएंगे। इस सुविधा के लिए यात्री को निश्चित शुल्क देना होगा। यह कदम भक्तों और यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से उठाया जा रहा है।
पिछले दिनों अक्षय तृतीया से राजनारायण पार्क (बेनियाबाग), मैदागिन समेत कई स्थानों पर 16 गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू की गई है। मैदागिन, राजनारायण पार्क और कबीर चौरा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर 4 तक गोल्फ कार्ट जा रही है। अभी 16 गोल्फ कार्ट चल रहे हैं।
इसे भी पढ़ें; यूपी: बिखर चुका है इंडी गठबंधन, अकेली रह जाएगी कांग्रेस; सुप्रिया सुले के बयान का आनंद दुबे ने किया समर्थन
गोल्फ कार्ट सेवा सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक है। गोल्फ कार्ट दो तरह के हैं। एक कार्ट में 9 लोगों की बैठने की क्षमता है, जबकि दूसरे में 13 लोगों के बैठने की क्षमता है। बेनियाबाग से मंदिर के गेट नंबर चार जाने वालों से 20 रुपये और गिरिजाघर से मंदिर जाने वालों से 10 रुपये लिए जा रहे हैं।
18 बार गोदौलिया के आसपास का क्षेत्र रहा नो व्हीकल जोन
इस साल 18 बार गोदौलिया के आसपास का क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहा है। मकर संक्रांति, माघ पूर्णिमा, सावन, महाशिवरात्रि, दिवाली, कार्तिक पूर्णिमा स्नान, डाला छठ के अलावा वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखकर इसे नो व्हीकल जोन बनाया जाता है। बाद में पूर्ववत व्यवस्था लागू होती है। इससे मैदागिन से सोनारपुरा का पूरा इलाका अक्सर जाम की चपेट में रहता है। यही कारण है कि इस क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाने पर विचार चल रहा है।
क्या बोले मेयर
पिछले दिनों टोयोटा के अधिकारी काशी आए थे। उनसे बातचीत की गई है वे अपने सीएसआर फंड से गोल्फ कार्ट दें तो मैदागिन से सोनारपुरा के इलाके को नो व्हीकल जोन बनाया जाएगा। इसमें केवल गोल्फ कार्ट चलेंगे। इसकी रूपरेखा बनाई जा रही है। -अशोक कुमार तिवारी, मेयर
