Varanasi: असलहा दिखाकर सराफा कारोबारी से लूट, बेटे की पिटाई से मां की मौत, पढ़ें अपराध से जुड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के भिखीपुर गांव के समीप हाईवे पर गुरुवार की रात बदमाशों ने असलहे की मुठिया से वार कर सराफा कारोबारी को लूट लिया। सोने की चेन और ढाई हजार नकदी लूट बाइक सवार बदमाश भाग निकले। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास इलाकों में दबिश दे रही है। मिर्जामुराद बाजार निवासी संदीप सेठ उर्फ सोनू की खजूरी साधु कुटिया में आभूषण की दुकान है। रात आठ बजे दुकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहा था।
सोनू के अनुसार हाईवे स्थित भिखीपुर गांव के समीप सुनसान स्थान देख बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तुरंत असलहा निकाल लिया और जेब में रखा ढाई हजार रुपये, गले में सोने की चेन छीन ली। इस दौरान विरोध करने पर असलहे की मुठिया से सिर पर वार कर बाइक से नीचे गिरा दिया।
बाइक छोड़कर किसी तरह भाग कर एक पान की दुकान पर पहुंचा और आपबीती बताई। कुछ लोगों के जुटने पर पुन: जाकर अपनी बाइक ली। पुलिस के अनुसार बाइक सवार बदमाशों की तलाश में पीड़ित को संग में लेकर क्षेत्र में दबिश दी गई। इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
बेटे की पिटाई से घायल मां की मौत
राजातालाब क्षेत्र के टोडरपुर में तीन दिन पूर्व घरेलू विवाद में छोटे बेटे की पिटाई से घायल मां की मौत हो गई। मारपीट के दौरान घायल मां ने दो दिन पहले दम तोड़ा। बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई के खिलाफ थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी बेटे की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही है।
बड़े बेटे सुनील वनवासी का आरोप है कि 19 सितंबर की रात उसके छोटे भाई पिंटू वनवासी ने उसकी मां से विवाद किया था। इस दौरान छोटे भाई पिंटू ने डंडे से मां मातली देवी के सिर पर वार कर दिया था। जिससे वह घायल हो गई थी। घायल मां का इलाज चितईपुर स्थितनिजी अस्पताल में कराया गया। 20 सितंबर को घर आने के बाद रात में ही उसकी मां ने दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को थाने पहुंचे सुनील ने मुकदमा दर्ज कराया। घटना की तफ्तीश के लिए जांच अधिकारी उप निरीक्षक अरुण कुमार को सौंपी गई है।
ससुराल में दामाद ने फंदा लगाकर दी जान
बड़ागांव क्षेत्र के लोकापुर गांव स्थित ससुराल में आए दामाद मोहनलाल (45) ने बुधवार की रात फंदे पर लटक कर जान दे दी। बृहस्पतिवार की सुबह फंदे पर लटकते शव को देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। बड़ागांव थाना अंतर्गत शेरवानीपुर गांव निवासी मोहनलाल की शादी थाना अंतर्गत लोकापुर गांव निवासी रामबली के घर में हुई है। बुधवार की शाम मोहनलाल अपने ससुराल पहुंचा और रात में भोजन के बाद कमरे में सोने चला गया।
सुबह सात बजे तक वह सोकर नहीं उठा तो परिवार के सदस्य उसे उठाने पहुंचे लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। कोई उत्तर नहीं मिला तो परिजन खिड़की से झांके तो छत की कुंडी में फंदे से मोहनलाल का शव लटक हुआ था। ससुराल पक्ष ने घटना की सूचना मृतक के परिजन और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। मोहनलाल के तीन बेटी और एक बेटा है।
नमो घाट के रैंप पर मिला वृद्ध का शव
नमो घाट के रैंप पर गुरुवार को वृद्ध का शव मिला। घाट पर मौजूद लोगों ने आदमपुर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। बुजुर्ग धोती और शर्ट पहने हुए था। देखने से लगा कि वह घाट पर नहाने आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर से स्कूल के लिए निकली छात्रा लापता
जंसा थाना क्षेत्र के एक की रहने वाली एक छात्रा गुरुवार को अपने घर से स्कूल में पढ़ने के लिए निकली और लापता हो गई। छात्रा की स्कूटी हरहुआ चौराहे के समीप ओवरब्रिज के नीचे मिली। बड़ागांव थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया।
छात्रा के भाई ने बताया कि उसकी बहन एक निजी विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है। सुबह वह स्कूटी द्वारा अपने घर से स्कूल के लिए निकली और दोपहर बाद तक नहीं लौटी। बाद में परिजन उसकी खोजबीन करने निकले तो हरहुआ चौराहे के समीप ओवरब्रिज के नीचे छात्रा की स्कूटी लावारिस हाल में पाई गई। बड़ागांव पुलिस आसपास मार्ग पर लगे सीसी कैमरों को खंगाल रही है।
फोन पर गाली गलौज और धमकी मामले में मुकदमा
फोन पर धमकी, गाली गलौज मामले में कैंट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। फुलवरिया के मानस नगर निवासी श्रीयम वर्मा के अनुसार उसके मोबाइल पर सात बार में विभिन्न नंबरों से एक एप के जरिए साढ़े 12 हजार रुपये आए। इसके बाद अनजान अलग-अलग नंबरों से धमकी आनी शुरू हो गई।
आरोप है कि मोबाइल का डाटा हैक कर लिया गया। ब्लैकमेल करके अधिक धन की मांग की जा रही है। वहीं, पैसे नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी दी जा रही है। अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय संतोष कुमार सिंह से गुहार पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरे के नाम पर सिम लेने पहुंचा आरोपी गिरफ्तार
दूसरे के नाम पर सिम लेने छावनी स्थित सीटीओ कम्पाउंड पहुंचे लखनऊ निवासी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अवर दूर संचार अधिकारी की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। अवर दूरसंचार अधिकारी अमित त्रिपाठी के अनुसार लखनऊ के विकास नगर निवासी मोहम्मद असलम खान बताते हुए एक युवक पहुंचा और सिम गुम होने की बात कहते हुए दोबारा सिम जारी करने के लिए आईडी और आधार कार्ड दिया।
आईडी (आधार कार्ड) का जब मिलान किया गया तो पता चला कि आधार में फोटो गलत है। आशंका होने पर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में वह बरगलाता रहा। सूचना पर पहुंचे नदेसर चौकी इंचार्ज राजकुमार पांडेय ने पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम रवि प्रसाद निवासी सिद्धगिरी बाग सिगरा बताया। कैंट पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है
युवक पर अपहरण का मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित की बेटी को आरोपी युवक घर से अगवा कर कहीं भागने की फिराक में बुधवार की सुबह आठ बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचा था। यहां रेलवे पुलिस ने संदेह पर दोनों को पकड़ लिया और उनके परिजनों और बड़ागांव थाना पुलिस को जानकारी दी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।