काशी में संबित पात्रा का तंज: हार की 56 टिकली लगाए घूम रहे राहुल गांधी, घुसपैठियों के मुद्दे पर बड़ा बयान
लोकसभा सांसद संबित पात्रा ने वाराणसी सर्किट हाउस में एसआईआर पर प्रेसवार्ता करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने देश में घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बड़ी बात कही।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने वाराणसी के सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को लेकर देश में बनाए जा रहे भ्रामक वातावरण पर बात की। पात्रा ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए 13 करोड़ वोट चोरी के आरोप का खंडन किया।
पात्रा ने स्पष्ट किया कि यह 12वां एसआईआर है। उन्होंने बताया कि 10 एसआईआर कांग्रेस के शासनकाल में हुए थे। दो एसआईआर भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय हुए हैं। इसलिए, यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इससे उस आरोप का जवाब मिल जाता है कि हम वोट हटाने के लिए SIR कर रहे हैं, इसका मतलब यह है कि जब आपके कार्यकाल में एसआईआर होती है तो वह ठीक है, लेकिन जब हम मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया के तहत ऐसा करते हैं, तो वह गलत हो जाती है।
एसआईआर इलेक्ट्रोरल रोल की शुद्धता बनाए रखने के लिए एक प्रक्रिया है। यह तय करता है कि कौन मतदाता है और किसका नाम सूची से कटना चाहिए। पात्रा ने कहा कि 13 करोड़ वोट चोरी नहीं हुए हैं। यह आंकड़ा एब्सेंट, शिफ्टेड, डिसीज्ड और डुप्लीकेट मतदाताओं का है। उन्होंने कहा कि अगर इतने वोट चोरी होते तो देश में बड़े आंदोलन होते।
2014 से 2025 तक 56 इलेक्शन हारी है कांग्रेस पार्टी
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी ज्ञानेश कुमार को लेकर आ गई, उनकों इलेक्शन कमिश्नर बना दी और पार्टी का बल्ले-बल्ले हो गया। सब इलेक्शन वोट चोरी करके जीत गए। कहा कि हार की राहुल गांधी 56 टिकली लगाए हुए घूम रहे हैं। ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि 2025 में फरवरी के माह में ज्ञानेश कुमार सीईसी (चीफ इलेक्शन कमिश्नर) बने। इससे पहले वर्ष 2014 से लेकर फरवरी 2025 तक 56 विधायकी का इलेक्शन (स्टेट असेंबली इलेक्शन) कांग्रेस पार्टी हारी है।
उन्होंने कहा कि देश में घुसपैठिए हैं, इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है और भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही कहती है कि देश के रिसोर्सेज के ऊपर भारतवर्ष के संसाधनों के ऊपर यदि पहला हक किसी का है तो वो भारतीयों का है।
कहा कि कांग्रेस पार्टी जो कहती है कि भारतवर्ष के संसाधनों के ऊपर यदि पहला हक किसी का है तो घुसपैठियों का है। घुसपैठियों के नंबर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चर्चा हुई है, पूरा घुसपैठियों के विषय में भर्ती कराया गया है।
ये जो प्रक्रिया एसआईआर की चल रही है, जो 70 साल में जो स्वतंत्रता से लेकर अब तक चल रहा था, आसाम में क्या हुआ, आधा आसाम घुसपैठियों से भर दिया। अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही है जो आसाम में घुसपैठियों का खुलासा कर रही है। एसआईआर में घुसपैठिए कभी भी वोटर नहीं बन सकते हैं। यह काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही करेगी। कांग्रेस और सपा पार्टी नहीं करेगी।
एसआईआर की प्रक्रिया
पात्रा के अनुसार, लगभग 3 करोड़ मतदाता एब्सेंट श्रेणी में हैं। लगभग 6 करोड़ मतदाता स्थायी रूप से शिफ्ट हुए हैं। 2.8 करोड़ लोग मृत घोषित किए गए हैं। देश में 1 करोड़ ऐसे मतदाता हैं जिनके डुप्लीकेट वोट थे। यह कुल संख्या लगभग 13 करोड़ होती है।
बंगाल चुनाव और आरोप
पात्रा ने बंगाल चुनाव में वोट चोरी के आरोप को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि जिन 20 विधानसभाओं में सर्वाधिक वोट कटे, उनमें से अधिकांश पर टीएमसी जीती। शमशेरगंज में 74775 वोट कटने के बावजूद टीएमसी की जीत हुई। लाल गोला में 550420 वोट कटे, वहां भी टीएमसी ही जीती। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने 2024 के चुनाव को गैरकानूनी बताया था, जिस पर सुप्रीम कोर्ट में केस हुआ है।