बलिया में बोले पीएम मोदी- 'विपक्षी करते हैं पाकिस्तान की हिमायत'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महासंग्राम के सातवें चरण के चक्रव्यूह को भेदने के लिए पीएम मोदी ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। इसके लिए पीएम मोदी की जनसभाओं का रुख अब पूर्वांचल की ओर हो चला है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज को बलिया आए हैं।
मंगलावर को 12.19 बजे पीएम मोदी बलिया में जनसभा के मंच पर पहुंचे। पीएम मोदी ने भृगु बाबा की जय, बलिया और सलेमपुर के सभी लोगों को प्रणाम कर के अपनी बात शुरू की। इस दौरान चित्तु पांडेय, मंगलपांडेय, स्व. चंद्रशेखर को नमन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि सपा हो, बसपा हो या कांग्रेस सभी एक ही काम में जुट गए हैं कि मोदी को गाली दो। ऐसा कोई दिन नहीं है जब मोदी के लिए उनके मुंह से गाली नहीं निकली। इतने चरणों के चुनाव के बाद यह माहौल की बौखलाहट है। हार की हताशा साफ-साफ दिख रही है। मैं इनकी गालियों को उपहार मानता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि महामिलावटी लोग पूछ रहे हैं मोदी की जाति क्या है? मेरी जाति गरीब है। मैं तो माताओं-बहनों के सम्मान और गरीब के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए खड़ा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि इन महामिलावटी लोगों ने कैसी राजनीति की है, आप भली भांति जानते हैं। राजनीति के नाम पर अपने और अपने रिश्तेदारों के लिए बंगले खड़े किए।
पीएम मोदी ने कहा कि नामी और बेनामी संपत्तियों का अंबार लगाया है। एजेंसियां इसका हिसाब ले रही हैं, यही कारण हैं कि पानी पी कर एक दूसरे को भद्दी भद्दी गालियां देने वाले एक दूसरे के साथ आने को मजबूर हो गए हैं।
'मां की तकलीफ को देखकर छेड़ी गरीबी के खिलाफ जंग'
पीएम मोदी ने कहा कि अपनी मां को धुएं से और शौचालय न होने से महिलाओं को पीड़ा सहते देखा है। छत टपकते और गरीबों को परेशान होते देखा है। मिट्टी के तेल की डिबरी में पढ़ाई कितनी मुश्किल है, मुझे पता है। यही वह अनुभव थे जिन्होंने मुझे गरीबी के खिलाफ बगावत के लिए खड़ा किया है।
इसी प्रेरणा से महिलाओं को गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। 2022 तक सभी गरीबों के पास अपना पक्का घर हो इसके लिए काम कर रहे हैं। यह मोदी है, यह चौकीदार है 2022 तक सभी को पक्का घर देकर ही सांस लेगा।
'भारत के सपूतों से डरते हैं आतंक के आका'
पीएम मोदी ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि इन महामिलावटी लोगों ने कैसी राजनीति की है। सत्ता के नाम पर कैसे आपको धोखा दिया है। इन लोगों ने जाति की राजनीति के नाम पर अपने और अपने रिश्तेदारों के लिए बंगले खड़े किए हैं, महल बनाए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इन्होंने नामी और बेनामी संपत्ति का अंबार लगाया है। आतंकी और उनके आका परेशान हैं। उनको डर लगता है कि भारत के सपूत कहां से आ धमकेंगे। भारत के सपूतों को खुली छूट दे रखी है। आतंक के खिलाफ लड़ाई को सीमा के उस पार लेकर गए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सपा, बसपा या कांग्रेस को आतंक या पाकिस्तान पर एक बार भी बोलते सुना क्या? वह तो केवल आतंकियों का पक्ष लेते हैं और पाकिस्तान की हिमायत करते हैं। जो गली के गुंडों पर लगाम नहीं लगा सके वे पाकिस्तान पर क्या लगाम लगाएंगे। पहले की सरकार टूजी घोटाले में व्यस्त थी। हमने 4जी को गरीब तक पहुंचाया।
पीएम मोदी ने कहा कि आप के हाथ में मोबाइल फोन मेक इन इंडिया है। सरकार की नीतियों की वजह से आज इंटरनेट भी दुनिया में सबसे सस्ता भारत में ही है। भाजपा के पक्ष में वोट मांगते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपका हर एक वोट मोदी के खाते में आएगा। इसलिए देश को आगे बढ़ाना है तो एक सशक्त सरकार को ले आना है। इसके बाद पीएम मोदी ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपना भाषण खत्म किया।